पथ के साथी

Monday, September 16, 2013

हिन्दी हमारी - स्वाभिमान देश का

हिन्दी हमारी -  स्वाभिमान देश का
 पुष्पा मेहरा

 जब-जब नींद से उबरते हैं हम हिन्दवासी
 याद कर लेते हैं कहानी- सी मातृभाषा अपनी,
 साहित्यकारों के भावों की सजनी को
 पढ़कर, गाकर, लिखकर, शब्दों के शृंगार से सजा कर-
 पत्र-पत्रिकओं में छपवाकर
 हम हिन्दुस्तानी मनाते हैं  हिन्दी-दिवस पखवाड़ा।

 मनाते-मनाते , कहते-कहाते, सुनते-सुनाते
 गुणगान  मातृभाषा  का
 हम नवजात शिशु से बढ़ते हुए
 पार कर जाते हैं
 उम्र की सीढ़ियाँ
 बचपन, जवानी, प्रौढ़ावस्था और  बुढ़ापा।

 जन्मदाता सिखाते हैं हमें स्वाबलंबी बनना
 ज़माने में कुछ कर दिखाना
 छूना है आकाश अगर
तो उठाने होंगे पाँव ज़मीं से,
 सब कुछ पाने के लिए
खोना होगा कुछ तो अपना।

 बूढ़ी दादी सी धरती का परिवार
 पड़ा है खींच-तान में
 तख्ती प्रांतीयता की लगी है
  प्रांतों की सरहदों पर।

 पूरब से पश्चिम, उत्तर से दक्षिण तक
 जन्मते ही हर नवजात शिशु
 पुकारता है कोमलतम शब्द "माँ"
 छलक जाती है गागर वात्सल्य की
 उमड़ पड़ती है  पय:स्रोतस्वनी ।

  धीरे-धीरे  बदलता जाता है
 कंठस्वर उसका
 जीवन की   भूल-भुलैया में
 बँध जाता है प्रान्तों के स्वाभिमान से। 
 ऐसा लगता है  भारतीयता के आँगन में-
 मातृभाषा मातृ शब्द का दोष सह रही है
 हाँ सहना ही पड़ता है माताको
 अपने बच्चों से  मिले सुख या दुख को
 सुख है कि गर्व से कहलाती मातृभाषा हमारी,
 याद की जाती नौदुर्गा के नौ रूपों के रूप में
 पूजी जाती, सराही जाती
शब्द-सुधा से नहाती
जीवित रहेगी यह वचनबद्धत्ता स्वीकारती
 समारोहों, भाषणों, कवियों के वाग् -विलास से सम्मोहित होती
 भूल जाती अपना कष्ट, सहती दुख-दर्द
 बाँट ना पाती  मनोव्यथा अपनी सौतन से।

आओ सहेज लें वर्ण-वर्ण,सजा लें मुक्ता -माल से
जुड़ी रहें कड़ियाँ, हर प्रांत, हर देश की
एक ही हार से।

-0-

Saturday, September 14, 2013

हुई कण्ठहार हिंदी !!


डॉ. ज्योत्स्ना शर्मा 

भारत का ,भारती का 
शोभन शृंगार हिंदी ,
माँ! अनेक आभरण हैं ,
हुई कण्ठहार हिंदी !

प्रगति का ,परम्परा का 
सुखदायी योग तुझमें ,
ममता और त्याग ,भक्ति 
ओजस नियोग तुझमें ।
पीयूष-पयोधि, रस का ,
अतुलित आगार  हिंदी ।।

भारत का, भारती का 
शोभन शृंगार हिंदी ,
माँ ! अनेक आभरण हैं ,
हुई कण्ठहार हिंदी !

बढ़कर विजय के पथ पर 
अब कहीं कदम न ठहरे ,
जग में पताका यश की 
दिग-दिगंत मात फहरे ।
प्रतिपल हृदय का तुझसे 
जुड़े तार-तार हिंदी ।।

भारत का , भारती का 
शोभन शृंगार हिंदी ,
माँ ! अनेक आभरण हैं ,
हुई कण्ठहार हिंदी !
-0-

...और ...एक ..कहन मुकरी...
1
गीत , रुबाई .ग़ज़ल सुनावे 
विविध विधा से मन सरसावे 
हृदयहार ,माथे की बिंदी 
क्या सखि साजन ?? न सखि ‘हिन्दी’
-0-
हिंदी दिवस पर हार्दिक शुभ कामनाएँ .. :)



Sunday, September 8, 2013

तीन कविताएँ



        
कविता -  मैं ....?
पुष्पा मेहरा
 मैं क्षिति-
 माटी-तन ले-
 रूप-रूप डोलूँ ।

 मैं जल-
 निर्मल सरिता बन-
 तृषाकुल की तृषा बुझाऊँ
 पावन- गंगा सी बह कर
 हर-जन को निर्मल कर दूँ।

 मैं अग्नि-
 जठराग्नि तृप्त करना  चाहूँ,
 अगर बनना ही पड़े ज्वाला मुझको
 धू-धू जला -
 कुवासनाओं का जंगल राख करूँ।

 मैं नीलम-नभ-
 मुक्त-गगन पाना चाहूँ,
 ले पक्षियों से  पंख उधार
 बार-बार ऊँचे डोलूँ
 फिर-फिर धरती पर आऊँ- जाऊँ।

 मैं गतिवान पवन-
 साँसों के सरगम में रची-बसी,
 वन-वन डोलूँ,
 सघन-विरल का भेद न जानूँ
 घर,मकान, झोंपड़-पट्टी में वास करूँ ।

 नहीं जानती क्या हूँ मैं!
 बोध मुझे केवल इतना-
 लिये मशाल अग-जग घूमूँ।
-0-

-0-
एस पी सती
1-माँ
माँ हम ढूँढते हैं पहाड़ पर सौंदर्य
तुम पहाड़ पर जीवन तलाशती हो
लोग पहाड़ का मतलव समझाते हैं
यहाँ की चोटियाँ,घाटियाँ,गाड-गदीने *
(नदिकायें-नाले -बरसाती झरनें)
पर तुम्हारे लिए तो पहाड़ सिर्फ पहाड़ हैं
दुश्वारियों के पहाड़
हम बह गए मैदानों की ओर
तुम घिरी चट्टानों से हर ओर
हम बिछ गए मैदानों में
तुम्हे सिमटी छोड़ कंदराओं में
हम उग आए मैदानों में
तुम ठूँठ-सी  खड़ी पहाड़ों पर
तुम बाट जोहती रह गयी
हम बस सोचते रह गए
माँ पहाड़ पर विकास की चोटी जितनी ऊँची होती जाती है,
तुम्हारी कमर उतनी ही झुकती जाती है
जाने ऐसा क्यों है...जाने ऐसा क्यों है?
ना जाने क्यों.........।

-0-
2-संस्कार - एस पी सती

मेरे बेटे; तुम अपने जहाँ में
वो सब करने की हिम्मत करना जो तुम्हें सभ्य लगे
तुम धर्म को मार्ग समझना हथियार नहीं
तुम उनमें अपने प्रभु को ढूँढ़ना
जिनके विरुद्ध तुमको दागने की कोशिश की जा रही हो
जिंदगी का फलसफ़ा तुम बेजान किताबों में मत ढूँढ़ना 
तुम उसे मासूमों की मुस्कान में
उडती तितलियों की चपलता में
उछल-कूद करते मृग शावक की मस्ती में
बूढ़ी दादी के मुख की झुर्रियों की गहराई में
प्रतीक्षारत किसी दुखियारी माँ की डबडबाई आँखों में
हिमालय की चोटी पर सूरज की किरणों की अठखेलियों में,
कल-कल करती सरिता की शीतल छपाक् में,
गोरी के गीत में, मीत की प्रीत में
भौरे की गुंजन में बैलों की घंटी में
डाली की मस्ती में फूलों की खिलखिलाहट में
और हाँ अपनी अल्हड हसीं में तलाशना
मेरे बेटे तुम हर मालिकाना कब्जे के विरुद्ध खड़े होना चट्टान की तरह
आखिर ये जहाँ सबका है...सबका...।
-0-