पथ के साथी

Showing posts with label रश्मि लहर. Show all posts
Showing posts with label रश्मि लहर. Show all posts

Wednesday, August 12, 2026

1508

 नज़्म/ लिली मित्रा

 


फिर शाख पे रौनक है

फिर गुलों पे जवानी है

जहद- ए -मुसलसल के बाद

लम्हा - लम्हा तितलियों की कहानी है

दरख्तों की ज़ुबानी है

 

ख़ुश्क हसरतों पे 

बादलों की मेहरबानी है

रेज़ा- रेज़ा ये बारिश

सेहरा पे बागवानी है...

गुज़रती मसर्रत से ज़िंदगानी है

 

फिर शाख पे रौनक है

फिर गुलों पे जवानी है

-0-

रश्मि लहर 


1

एक सुबह मन को तुम्हारी झलकियाँ याद आ गईं।

सिहरती इक  साँझ की कुछ सुर्खियाँ याद आ गई।।

 

सुन मेरी पदचाप खुलती खिड़कियाँ याद आ गईं।

ज़िन्दगी रंगों से भरती तितलियाँ याद आ गईं।।

 

थामकर पतवार माँझी था मगन, पर उस घड़ी,

भॅंवर से टकरा पड़ीं कुछ कश्तियाँ याद आ गईं।।

 

वो तेरी भीगी पलक, कन्धे टिका माथा तेरा।

अनमने अलगाव की वे सिसकियाँ याद आ गईं।।

 

बाद -मुद्दत द्वार के बजने की थी आहट मिली।

भीगता चेहरा, वो माँ की झुर्रियाँ याद आ गईं।

2


दिल को वो देने चले ख़ुशरंग सपने आज फिर

बाग उपवन फूल कलियां और झरने आज फिर।

 

दिल में हर जज़्बा सलीक़े से सजाने के लिए

आ गए वो दिल की चादर को बदलने आज फिर 

 

क्यों करें तन्हा सफ़र, यह सोच कर दिल रुक गया

लौटकर आ जाओ तुम भी साथ चलने आज फिर

 

सुरमई उस शाम के सॅंग, बीत जाना था मगर,

पल मुहब्बत के चले हैं ख़ुद मचलने आज फिर

 

झूठ-सच खुल जाऍंगे तो, रंग बदलेंगे कई,

हाथ से वादों के पन्ने, हैं सरकने आज फिर

 

उॅंगलियाँ क्या तार भी टूटे मिले हर साज़ के

जब चले महफ़िल में उनको याद करने आज फिर

 

था भँवर सागर के दिल में पर 'लहर' मासूम थी

चल पड़ी नादाँ उदधि बाँहों में भरने आज फिर

-0-

मेरे आँगन की किलकारी  / संजय सागर 

 


 

मेरे आँगन की किलकारी मुझसे दूर गई ।

मेरी आँखों की छवि न्यारी मुझसे दूर गई ।

 

ठुमक ठुमक कर सारे घर में खेला कौन करे ?

तुतली भाषा की मिश्री को घोला कौन करे?

बूढ़े बाबा को तन्हाई फिर से घूर गई।

मेरी आँखों की छवि न्यारी मुझसे दूर गई ।।

 

घर की छत पर साँझ ढले इक  चिड़िया पूछ रही ।

कहाँ गई वह गुड़िया रानी पड़िया पूछ रही ।

दादी के चावल की थाली तुझ बिन पूर गई

 मेरी आँखों की छवि न्यारी मुझसे दूर गई ।

 

बड़ा खिलौना ढम-ढम वाला लेकर ढोल खड़ा ।

मोटर, गुड़िया, मुर्गा , तुरही ढोलम पोल पड़ा।

चाचा की आँखों से लगता ले के नूर गई ।

मेरे आंगन की किलकारी मुझसे दूर गई ।।

  

रात गए पापा की निंदिया तुझ संग भाग गई ।

तेरी यादें बिस्तर पर भी बबुआ टाँक गईँ । 

सूनी पलकों से आँसू की  लड़ है झूल गई ।

मेरे आँगन की किलकारी मुझसे दूर गई ।।

 

 

 

 

Sunday, July 12, 2026

1504

1-नवगीत

मौसम   का  अभिमान /  विज्ञान   व्रत

 


पता   नहीं  अब  

क्या   कर  डाले

मौसम   का  अभिमान  

 

दहशत   में    हैं   जंगल    सारे

सहमे - सहमे     पेड़      बिचारे

                    मन  ही  मन  में

                    घुटते   हैं    बस

                    अब   इनके   अरमान 

 

जड़ी - बूटियाँ   काँप   रही   हैं

इसके   रुख़  को  भाँप  रही  हैं

                    आज  दाँव   पर 

                    लगी    हुई     है 

                    इन   सबकी   पहचान

 

पशु - पक्षी भी  बहुत  विकल हैं

सभी युक्तियाँ  आज  विफल  हैं

                    सन्नाटे में

                    और  डराएँ

                    अनचाहे  अनुमान 

-0-

 

2- मन बेचारा/ डॉ.सुरंगमा यादव

 


आगत और विगत में उलझा

 वर्तमान से उदासीन मन

 कभी भविष्य के सपने गढ़ता

 कभी अतीत में ढूँढे सुख- क्षण

 जिसने पाया सहज- सहज सब

 उसको भी विश्राम नहीं है

भौतिकता की नेति-नेति में

 जाने क्या पाने की धुन में

 भटका फिरता मन बेचारा

 अधिक,अधिकतर और अधिकतम

गति का कोई ध्यान नहीं है

 हर पथ पर है गति की सीमा

 गति की लय खोना है-

  जीवन की लय  खोना

 संघर्षों के फेज़ में है जो

 सवालिया नजरों में है वो

 राह नहीं जब मिल पाती है

 खीज बहुत खुद पर आती है

  मन कितना विचलित होता है

 विश्वास नहीं खुद पर होता है

  न समझेंगे दुनिया वाले

उँगली महज उठाने वाले।

-0-

2-क्षणिकाएँ/ डॉ.सुरंगमा यादव

1

जिसने होठों को सिया है

 दम घुटने का अनुभव

 उसने किया है।

2

 उजियारों के बीच खड़ा

 अँधियारों में डूबा मन

 अपनी ही छत और दीवारों से

न पाता मन अपनापन ।

3

 चाहा बहुत भुलाना  लेकिन

 अतीत खड़ा किरदार नया बन

 चोट पर फिर- फिर चोट पड़े तो

 कब तक बिखरेगा न मन।

-0-

3-कविता जीवन का मर्म/  डॉ.वंदना शर्मा

 

लिखा है क्या हाथों की लकीरों में  

छुपा है क्या इन तकदीरों में  

मिलता है वही, होता है जो नसीबों में  

सिर्फ मेहनत करने से नहीं मिलती सफलता  

खेल विधाता का कोई नहीं समझ सकता  

 

होना था जिस दिन राम का राज तिलक  

हुआ वनवास उसी दिन, लगा कैकेयी पर कलंक  

होनी थी हो गई टाल सका ना कोई  

भविष्य की गर्त में राज छिपे हैं कई  

 

चक्र है ये कर्मिक फल का  

हिसाब है ये कई जन्म का  

नहीं ज्ञात कौ-न सा कर्म  

बदल देगा अगले जन्म का मर्म  

 

रहता है इंसान इसी भ्रम  

'मैं' करता ना समझता कर्म-  

कर्ता करे ना कर सके  

बाल ना बाँका होय।

 

जिसकी किस्मत महाकाल लिखे 

उसकी बिगाड़ सके ना कोई  

कब किससे कैसे मिलना है  

कर्मों का फल जरूर मिलना है  

 

दीन सेवा ही परम धर्म है  

अक्षर नाद ही परम ब्रह्म है  

तप वाणी का जिसने किया  

मोह छोड़ पर उपकार किया  

सुधारा उसने अपना कर्म है  

यही जीवन का मर्म है।

-0-डॉ. वंदना शर्मा पांडव नगर नई दिल्ली 

vandna.reporter@gmail.com

-0-

4-अनुरोध/ रश्मि लहर

 


व्यर्थ-सा लगने लगा है, 

     वर्जनाओं का सघन पथ

        सारथी जीवन के रथ के तुम! 

            तनिक अब ध्यान रखना।

 

हाथ में वल्गा तुम्हारे, दीखते घबराए हो तुम।

साथ में सहचर लिये पर, लग रहे अकुलाए क्यों तुम?

 

ज्ञात तुमको हो गए हैं, 

     दुःसह सच संबंध के पर;

        हो सके तो समर्पण की 

            वेदना का मान रखना।

 

सुर तुम्हीं ने तो दिया था, स्वप्न की उद्विग्न लय को।

फिर नया जीवन दिया था, शुष्क- सी निस्तेज वय को।

 

तोड़ सकते तंतु हो विश्वास के, 

     अनुबंध के पर;

         प्रणय के मृतवत अधर पर, 

            चेतना का गान रखना।

 

सारथी जीवन के रथ के तुम, तनिक अब ध्यान रखना।।

सारथी जीवन के रथ के तुम, तनिक अब ध्यान रखना।।

 

-0- इक्षुपुरी कॉलोनी, लखनऊ-226002

मोबाइल नंबर -9794473806

-0-

Tuesday, July 16, 2024

1424

 उफ

 रश्मि 'लहर'


 
रहती नहीं जवानी देख

नदी भी माँगे पानी देख

 

उम्र गुजरती चुपके-चुपके

रहती एक निशानी देख

 

पुतले दो मिट्टी के मिलके

गढ़ते नई कहानी देख

 

झिड़की तल्खी तोड़ रही है

मरता आँख का पानी देख

 

चकनाचूर किए जाती है

तोड़े रिश्ते बानी देख

 

मेरी मुश्किल मेरी मुश्किल

तू अपनी आसानी देख

 

तन छूने को ये जग हाजिर

बंध पे आनाकानी देख

 

जो सीखा उससे सीखा है

दुआ बनी है नानी देख

 

एक किनारा दे दे इसको

कश्ती हुई पुरानी देख

‌

सपनों के कल फूल खिले थे

अब आँखों का पानी देख

 

आँखों में ये हुआ तमाशा

बुझा आग से पानी देख

 

साहिल ही है सच्चा साथी

लहर है आनी जानी देख

-0-

रश्मि 'लहर', इक्षुपुरी कॉलोनी, लखनऊ-226002