वासन्ती पाहुन
शशि पाधा
वासन्ती पाहुन लौट के आया
डार देह की भरी-भरी
मंद-मंद पुरवा के झूले
नेह की गगरी झरी-झरी
उड़-उड़ जाए हरित ओढ़नी
जाने कितने पंख लगे
रुनझुन गाए गीत पैंजनी
कंगना मन की बात कहे
ओझल हो न पल भर साजन
मुखड़ा देखूँ घड़ी-घड़ी।
कभी निहारूँ रूप आरसी
कभी मैं सूनी माँग भरूँ
चन्दन कोमल अंग सँवारे
बिछुआ सोहे पाँव धरूँ
जूही- चम्पा वेणी बाँधूं
मोती माणक जड़ी-जड़ी
रुत वासन्ती सज धज आई
देहरी आँगन धूप धुले
आम्र तरू पे गाये कोयल
सौरभ के नव द्वार खुले
ओस कणों में
हँसती किरणें
हीरक कणियाँ
लड़ी-लड़ी
महुआ टेसू गँध बिखेरें
आँख मूँद पहचान करूँ
कलश प्रीत का छल- छल छलके
अँजुरी भर रसपान करूँ
मौसम ने सतरंग बिखराये
धरा वासंती लाल-हरी
-0-