पथ के साथी

Showing posts with label रूबाइयाँ. Show all posts
Showing posts with label रूबाइयाँ. Show all posts

Tuesday, December 2, 2008

रूबाइयाँ

:रामेश्वर काम्बोज ‘हिमांशु’
25अपना तो दिल है मस्ताना इकले चलते जाएँगे ।
जलने वाले खूब जलें हम हँसते हैं हम गाएँगे ॥
दुनिया बस्ती बनी ठगों की हम किसको अपना कह दें।
जिसका मन होगा सच्चा हम उसको गले लगाएँगे ॥
26
जब से टूक-टूक हो बिखर गया हूँ ।
तब से और भी अधिक निखर गया हूँ।
मेरा ये पश्त मुक़द्दर रहा साथ मेरे
उम्मीदें लेकर मैं जिधर गया हूँ॥
27
बचाके दामन तेरी गली से गुज़र गया हूँ ।
यादों का साया रहा साथ मैं जिधर गया हूँ ॥
देना था सिला क्या चाँद यही मेरी वफ़ा का ।
तेरे दिल से अब न्शे की तरह उतर गया हूँ ॥
28
इस दिल पे तेरे क़दमों के निशान बाक़ी हैं।
महकते हुए ग़ेसुओं की पहचान बाक़ी है॥
हमेंचले गए छोड़कर तुम तो सरे-राह ।
फिर भी तुझे पा लेने के अरमान बाक़ी हैं ॥

29
रहती हैं हर वक़्त नशे में चूर आँखें।
कलेजे तक उतर जाती ये बेक़सूर आँखें ॥
खैर माँगो ख़ुदा से अपनी ज़िन्दगी की ।
हसीन क़यामत हैं ये पुरनूर आँखें ॥
30
डूबते हुए को किनारा ही बहुत है ।
अँधेरी रात में तारा ही बहुत है ॥
एक क्या हज़ार जानें लुटा दें तुझपे हम
कजरारी आँखों का इशारा ही बहुत है ॥

31
इन स्याह ग़ेसुओं में पनाह दे दो।
दिल तक पहुँचने की राह दे दो ॥
ताउम्र रहे दिल में तेरी हसरत ।
नादान दिल को वह ग़ुनाह दे दो॥
32
लिख-लिखकर मेरा नाम मिटाने वाले ।
तन्हाई में छुपकर आँसू बहाने वाले ॥
मेरी रुह की बेकली भला तू क्या जाने ।
यादों के निशान नहीं कभी जाने वाले ॥

Tuesday, November 11, 2008

रूबाइयाँ-


रामेश्वर काम्बोज ‘हिमांशु’
17
हाथ सब्रो-क़रार का छूटा तेरी गली में ।
पैमाना छलकते प्यार का फूटा तेरी गली मे॥
जब मिले आज तुम मुझे अजनबी की तरह ।
टूटा हुआ साज़ और टूटा तेरी गली में ॥
18
बेमुरव्वत पर हम अपनी जाँ निसार क्या करें ।
चन्द लम्हात को भला झूठा प्यार क्या करें ॥
झुककर जिसकी फिर उठ नहीं पाई नज़र ।
पत्थर के उस बुत का दीदार क्या करें ॥
19
ज़िन्दगी के सब अहसास मिटा दिए मैंने ।
अपने मज़ार के चिराग़ खुद बुझा दिए मैंने ॥
मौत से छूटे तो हमें ज़िन्दगी ले डूबी ।
बुते काफ़िर पर सभी सज़दे लुटा दिए मैंने ॥
20
अफ़साना आँसुओं का सुनता रहा ज़माना ।
दर्द उठा की छलका ज़िन्दगी का पैमाना ॥
अफ़सोस कि तुम भी बेरहम हो गए हो ।
मुझको नहीं गवारा तेरा नज़रेंचुराना॥
21
चन्द खुशियोंके लिए भला क्यों इतराता है तू।
चार घड़ी की ज़िन्दगी में जुल्मो-सितम ढाता है तू॥
बन सका न गर तू किसी के दर्द की मीठी दवा ।
जन्म देने वाली माँ की गोद क्यों लजाता है तू ॥
22
सिर्फ़ ईश्वर का नाम ही दु:ख-दर्द भागा देता है।
पशु को करें प्यार तो बाजी जान की लगा देता है ॥
कितना ही करो उपकार चाहे प्राण भी दे दो ।
पर हाय रे पापी इंसान तू फिर भी दगा देता है ॥
23
रोने में क्या धरा और क्या फ़रियाद करने में ।
क्या मिलेगा चाँद तुझे किसी को याद करने में ॥
अपने हाथों आशियाँ को तू लगादे आग ।
तड़पना ही मिलेगा तुझे दिल को आबाद करने में ॥
24
गहन अँधियारे में भी दीपक सदा अकेले जलता ।
नीरव नीले महाकाश में सूरज इकला चलता॥
सोता है संसार रात में चाँद जागता इकला ।
शैल-शृंग पर हिमखण्ड भी चुपके-चुपके गलता ॥

Tuesday, September 30, 2008

रूबाइयाँ


शायरी
रूबाइयाँ
रामेश्वर काम्बोज 'हिमांशु'
1
मिट जाए जो बनकर वो तस्वीर नहीं होती ॥
क़त्ल पर करे तौबा वह शमशीर नहीं होती ॥
ठोकरों पर ठोकरें जो सदा देती चले ।
मुझे नहीं तस्लीम ,वह तक़दीर नहीं होती ॥
2
ज़िन्दगी इक हादिसा मुझे ऐसा वहम नहीं ।
बुतपरस्त हूँ मैं पर अजीज़ दैरो-हरम नहीं ॥
भटका न जो राह में वह क्या ख़ाक़ मर्द होगा।
तारीफ़ के काबिल नहीं ,रुस्वाई का ग़म नहीं
3
चन्द चाँदी के सिक्कों में ईमान बिकता है ।
मुट्ठी भर धूल में इंसान बिकता है ॥
दुनिया इक बाज़ार है मैं सराय क्यों कहूँ।
गली-कूँचों में रात दिन भगवान बिकता है ॥
4
ख़ुदा के लिए बख़्श दो सितमग़र हमको ।
दीद की ज़रूरत नहीं न आओ नज़र हमको ॥
बनके फ़ना होना सिलसिला इस जहाँ का ।
मिटकर ही करने दो ज़िन्दग़ी बसर हमको ॥
5
पछता रहे हैं ज़िन्दगी का ऐतबार करके ।
रो दिए क्यूँ हमें इतना प्यार करके ॥
तुम्हें देखा,तुम्हें चाहा दिल का क़ुसूर था ।
चले गए क्यों यकायक मुझे पुकार करके ॥
6
अपनी वफ़ा से ही मैं नाकाम हो गया ।
इश्क़ की तोहमत लगी बदनाम हो गया ॥
मेरे नग़्मों से मिली जिस चमन को ज़िन्दगी ।
फूँका उसने आशियाँ ये क्या अंजाम हो गया ॥