1. नामुमकिन कुछ भी नहीं /डॉ. कनक लता
तिमिर कितना भी गहरा
क्यों न हो,
हार जाता है
प्रकाश की एक किरण से।
बादल कितना भी घना
क्यों न हो,
छँट जाता है
बारिश की चंद बूँदों से।
रास्ता कितना भी कठिन
क्यों न हो,
आसाँ हो जाता है
बुलंद हौसलों से!
अंतर्मन कितना ही बेरंग क्यों न हो,
इंद्रधनुष हो जाता है
प्रेम के एक ही रंग
से।
ऐ ज़िन्दगी!
तू भी हताश न हो
दुख कितना ही भारी
क्यों न हो
मात्र स्मृति बन जाता
है
वक़्त के मरहम से।
-0-
2-द्रौपदी से संवाद
/ डॉ.अंजुल चौहान
कुछ क्षण नितांत अकेले
हस्तिनापुर की कुलवधू के पास बैठ
अतीत की स्मृतियों को किया याद
मौन लिपि में किया द्रौपदी से संवाद
हे याज्ञसेनी!
बोलो न .....
तेज से दीप्त तुम
प्रथम दर्शन में कैसे अनुरक्त हो गईं
गाण्डीवधारी पराक्रमी अर्जुन पर
राज्य, वैभव
, प्रेम ,सर्वस्व
न्योछावर कर दिया उस वनचर पर
अग्नि के समक्ष लिए सप्तपदी के वचन
सहधर्मिणी बन किया वन अनुगमन
पर्ण कुटीर से मिली आज्ञा से
कैसे स्वीकारा होगा पांचाली होना
क्या प्रेम से भी ऊपर थी?।
आज्ञा .....
प्रतिबद्धता....
क्यों ना पढ़ सके पृथा पुत्र
आहत मन की पीड़ा और आक्रोश
कैसे अनदेखी रह गई मन की रिक्तता ?
उफ़.....
भरी सभा में केश पकड़ घसीटते देख
क्यों मौन थीं प्रेम की मर्यादाएँ
क्या तुम्हारे सम्मान से बड़ी थीं विवशताएँ
सोचती हूँ
उस क्षण कृष्ण न होते तो.........
आह......
कौन सुनता
तुम्हारी निरीह पुकार ........
करुण
चीत्कार ........
क्या बच पाता
तुम्हारा सम्मान
स्वाभिमान
हाँ पांचाली !
सिर्फ .....
प्रेम ही प्रेम को जी सकता है
मीरा के संग विष पी सकता है
गीता ज्ञान सुने कितना भी
पार्थ भले ही मौन रह जाए
राधा का वह प्रियतम कान्हा
भरी सभा में लाज बचाए।

