पथ के साथी

Showing posts with label चोका. Show all posts
Showing posts with label चोका. Show all posts

Tuesday, March 8, 2022

1190

 

दोहे

1-रामेश्वर काम्बोज हिमांशु

1

मधुर भोर को ढूँढते  तुझमें पागल नैन ।

साँझ हुई फिर रात भी, तरसे मन बेचैन।

2

चिड़िया पिंजर में फँसी, दूर बहुत आकाश।

पंख कटे स्वर भी छिना, पंजों में भी पाश।

-0-

2-डॉ. उपमा शर्मा

 

नारी तू नारायणी,फूँक शक्ति का शंख।

मुक्त गगन में उड़ ज़रा,फैला अपने पंख।

-0-

3-कभी सोचती हूँ

प्रियंका गुप्ता 

 

कभी सोचती हूँ

रेत बन जाऊँ

पर फिसल जाऊँगी हाथों से;

कभी बन जाऊँ अगर

काँच का एक टुकड़ा

तो चुभ जाऊँगी कहीं

खून निकल आएगा;

बर्फ़ सी जम जाऊँ अगर

तो धमनियों में बहता खून

न जम जाए कहीं;

चलो,

सोचती हूँ

क्या बन जाऊँ

जो तुम्हें पसन्द हो

पर फिर लगता है

मैं 'मैं' ही रहूँ तो बेहतर,

वरना 

मेरे 'मैं' न होने पर

तुम प्यार किससे करोगे ?

-0-

4-पिंजरे में चिड़िया (चोका)

 रामेश्वर काम्बोज ‘हिमांशु’

 

क़ैद हो गई

पिंजरे में चिड़िया

भीतर चुप्पी

बाहर अँधियार

मन में ज्वार,

चहचहाना मना

फुदके कैसे

पंजों में बँधी डोरी

भूली उड़ान,

बुलाए आसमान।

ताकते नैन

छटपटाए तन

रोना है मना

रोकती लोक-लाज

गिरवी स्वर,

गीत कैसे गाएँगे

जीवन सिर्फ

घुटन की कोठरी

आहें न भरें

यूँ ही मर जाएँगे।

चुपके झरे

आकर जीवन में

बनके प्राण

हरसिंगार-प्यार,

लिये कुठार

सगे खड़े हैं द्वार

वे करेंगे  प्रहार।

-०-

 

Thursday, May 7, 2015

अनोखा ऐसा रिश्ता



अनोखा ऐसा रिश्ता
डॉ०भावना कुँअर

छाया:ऐश्वर्या कुँअर
हर सुबह
ये लॉरीकीट जोड़ा
आवाज़ देता
मैं दौड़ी-दौड़ी जाती।
क्या-क्या कहता
समझ नहीं आता।
वह मेरे यूँ
चक्कर जो लगाता
मैं झट जाती
हाथों में दाने भर
यूँ ही आ जाती।
पलक झपकते
हाथों पे आ बैठते,
मुझे देखते
हौले-हौले चुगते,
न तो डरते
न ही मुझे डराते।
कैसा ये रिश्ता!
अटूट औ स्नेहिल।
सब अलग-
भाषा,जाति,रूप औ
रंग, फिर भी
समझते हैं हम
एक दूजे की,
सभी भावनाओं को
जरूरतों को,
ये कितना गहरा
सूझ-बूझ औ
प्यार से लबालब
अनोखा रिश्ता!
भाषा,जाति औ रूप
एक है होता
फिर भी जाने क्यों न
मिलता ऐसा
इंसानों के बीच ये
अनोखा प्यारा रिश्ता।
-0-

Monday, January 26, 2015

जीवन जिया होता




ज्योत्स्ना प्रदीप

तुमने कभी
जीवन जिया होता
राम -कृष्ण -सा
पर -अश्रु का पेय
तो पिया होता
नानक,बुद्ध जैसे
रखते धीर ,
बनते महावीर।
सत्य है अब हास -
हरिश्चन्द्र को  ,
कहावत में ढाले
चाणक्य जैसे
कौन युग  सँभाले?
विवेकानंद
टैगोर- अम्बेडकर
गाँधी -नेहरू
के वे  महान् विचार
मन उतारें।
वीर मंगल -पांडे,
लौहपुरुष,
भगत ,सुखदेव ,
राजगुरु की
कहाँ गई दहाड़?
पृथ्वी -शिवाजी-
ब्रह्म-रन्ध्र भेदती
सिंह- हुंकार!  ।
आज का नर बना
बड़ा संकीर्ण
सत्कर्मों में है क्षीण,
अपनों से ही
महाप्रलय-पाप !
समझो अब
जीवन का वो  मर्म
छोडो दुष्कर्म -
देखो!भारत -माता
माँग रही है-
शुद्ध -सुख -उत्थान
पुन: देश- निर्माण।
-0-



Friday, March 15, 2013

हारना नहीं


 रामेश्वर काम्बोज ‘हिमांशु’
हारना नहीं
ये हसीन ज़िन्दगी,
स्वार्थी के लिए
कभी वारना नहीं।
नहीं जानते-
है तुझमें उजाला
हर पोर में
भरा सिन्धु बावरा ।
डूबने देना,
जो हैं छल से  भरे,
दिखाते दया
उन्हें तारना नहीं ।
हारोगे तुम
हम हार जाएँगे
यूँ कभी नहीं
उस पार जाएँगे ।
काम बहुत
अभी करने हमें
घाव  बहुत
रोज़ भरने हमें
नम हों आँखें
उड़ते ही जाना है
मिलके चलें
भले राह कँटीली
और हठीली
कठिन है डगर
आओ बसाएँ
उजियारों से भर
इक नया नगर ।
-0-