थोड़ा सा नेह
कमला निखुर्पा
औ छलक उठा
मन दीपक।
दिप-दिप जल उठी
सोई थी जो बाती।
लगन की लौ
लहककर जल उठी
लगने लगी
हवा से होड़
जलने की
बुझने की।
हवा चलती रही
दिया जलता रहा
नन्ही एक हथेली
करती रही ओट
भरती रही नेह
मन दीपक में।
थोड़ा सा नेह
कमला निखुर्पा
औ छलक उठा
मन दीपक।
दिप-दिप जल उठी
सोई थी जो बाती।
लगन की लौ
लहककर जल उठी
लगने लगी
हवा से होड़
जलने की
बुझने की।
हवा चलती रही
दिया जलता रहा
नन्ही एक हथेली
करती रही ओट
भरती रही नेह
मन दीपक में।
1-बहुत दिनों के बाद
कमला निखुर्पा
बहुत दिनों के बाद
खिलखिलाकर हँसे हम
सृष्टि
हुई सतरंगी ...
दूर क्षितिज पे
चमका इंद्रधनुष..
कि हाथों में पिघलती गई आइसक्रीम ...
मीठी बूँदें जो गिरी आँचल पे
परवाह नहीं की..
चटपटी नमकीन संग
मीठे जूस की चुस्की भर
गाए भूले बिसरे गीत ।
नीले अम्बर तले
बादलों के संग-संग
हरी-भरी वादियों में
डोले जीभर
झूले जीभर
बिताए कुछ यादगार पल ..
तो हुआ
ये यकीं ..
ओ जिंदगी ! सुनो जरा
सचमुच तुम तो हो बहुत हसीं ..
बस हमें ही जीना नहीं आया कभी...
-0-
2-चैत की रात/ नंदा पाण्डेय
चैत की रात का उत्साह ऐसा
कि ,
बिना किसी अनुष्ठान के उसने
अपनी अतृप्त कामनाओं में
रंग भरने का निश्चय कर लिया
आज पहली बार
आँगन में
बह रही
पछुआ हवा के
विरुद्ध जाकर वह
अपनी तमाम दुविधाओं को
सब्र की पोटली में बाँधकर
मौन की नदी में गहरे गाड़
आई,
बहा आई आस्थाओं, संस्कारों ,
परम्पराओं और नैतिकताओं
के उस
भारी भरकम दुशाले को भी
जिसे ओढ़ते हुए उसके काँधे झुकने लगे थे
ढिबरी की लाल-लाल रोशनी
और ढोल मंजीरों की आवाजों
के बीच
सबसे नजरें बचाकर
अपने वक्ष में गहरे धँसी सभी कीलों को
चुन-चुनकर उखाड़कर फेंकती
गई
अंत कर दिया उसने अँधेरों के प्रारम्भ को ही
अब आंगन का मौसम बदल गया
टूटी हुई वर्जनाओं और मूल्यों
की रस्साकसी में खींचते
सदियों से उजड़े उस आँगन की रूह
आज फिर से धड़क उठी थी
वर्षों से जो ख्वाब ! उसकी
बंद मुठ्ठी में कसमसा रहे थे
अब उसमें पंख उग आए हैं...!
-0-
3-रश्मि लहर
1-सुनो कवि!
विषमताओं की कोख से उपजी
निर्धनता की ऑंतों से उलझकर
वेदना की तीव्रता को सहती
हुई
अपने स्वरूप को टटोलते हुए
सचेत हो पड़ी है कविता!
युवाओं के
तिलमिलाते शब्दों से गुथी
नहीं सजना चाहती है
लबराते अधरों पर!
न रुकना चाहती है
प्रणय के प्रकंपित स्वरों
पर..
आज!
व्यवस्था से खिसियाए
संपूर्ण युग की
सहकार बनना चाहती है कविता।
ज़मींदोज़ सिद्धांतों को
ललकारती
संवेदना की
यर्थाथवादी काया के साथ..
कविता
करती है शंखनाद!
सुनो कवि!
शब्दों का
अवसादी निनाद!
-0-
3-अनियंत्रित
स्वप्न
झाँक रहे हैं नयनों के
कोने-कोने से
स्वप्न।
छिपे कांख में थे यथार्थ
की,
कसमसाए वे कब?
पुलकित-पवन उम्मीदों की
भी,
वे पाए थे कब??
दौड़ रहे मन के कानन
में, मृगछौने-से
स्वप्न।
गलबहियाँ कर के मिलतीं,
कुछ स्मृतियाँ चंचल।
रंगत बदले फिर कपोल,
मल दें बतियाॅं सन्दल।।
खूब लुभाते हैं माखन-
मिश्री दोने-से
स्वप्न।
रूप सजाता मन, अतीत के
विरही वादों का।
पुनर्जन्म ज्यों होता भूली-
बिसरी यादों का।।
कर लेते मन को वश में,
जादू-टोने-से
स्वप्न।।
-0-
रश्मि लहर, इक्षुपुरी कालोनी, लखनऊ-226002
-0-
4- अनिमा
दास
कलंक भी है सौंदर्य (सॉनेट)
मंजुरिम सांध्य कुसुम. मधुर ज्योत्स्ना में है दीर्घ प्रतीक्षा
तुम्हारा आगमन एक भ्रमित कामना मात्र लेती है परीक्षा
दृगंचल में शायित इच्छा..व इच्छा में है अनन्य अभिसार
कल्पना ही कल्पना है..हाय! वर्णिका में है यह अभ्याहार।
अस्ताचल की अरुणिमा में...मंत्रमुग्ध सा यह मुखमंडल
कृत्रिम क्रोध से स्पंदित हृदय में जैसे नव प्रणय पुष्पदल
द्वार से द्वारिका पर्यंत है कृष्णछाया, हाँ ! क्यों कहो न ?
ऐ ! लास्य-लतिका, ऐ ! मानिनी मदना,
शून्य में बहो न।
कलंक भी सौंदर्य है..यह कहा था मुझे सुनयना ने कभी
सौम्य-मृदु अधरों से छद्म -शब्दों का मधु झर गया तभी
देहान्वेषी ने उसके अंगों का अग्नि से किया था अभिषेक
तथापि निरुत्तर प्रतिमा में शेष नहीं था मुक्ति का अतिरेक।
स्वप्नाविष्ट प्रकृति,अद्य
अंतर्मुखी विवेचना में है पुनः संध्या
तिक्त वासना में है चीत्कार करती क्यों शताब्दी की बंध्या?
-0-
कमला निखुर्पा
1
आशीष हाथ
धरा मेरे सर पे
घनी छाँव पा
पुरसुकून हुई
भरी दुपहरी भी ।
2
दूर से आई
नेहिल पुरवाई ।
चहके पंछी
झूमा तरु- मन ये
नन्ही कली भी खिली ।
-0-
1-कमला निखुर्पा
1
बहुत दिनों के बाद,
जी भर के कल रात ,
मैने की है
चाँद से कुछ बात।
-0-
2-मुकेश
बेनिवाल
1
ज़िन्दगी की किताब में
हर रंग के काग़ज़ हैं
परेशानियों के पन्नों को
पतंग बनाकर उड़ा दो
ग़मों के पन्नों की
कश्ती बनाकर बहा दो
चुनकर बेहतरीन पन्ने
ज़िन्दगी को रंगों से सजा लो ।
2
बदलता हुआ
ये वक़्त
बहुत कुछ कह गया
मतलब की बाढ़ में
हर किरदार बह गया
ख़ुशी में ख़ुश होता है
और दुःख में दुःखी
सिर्फ़ आईना ही है
जो वफ़ादार रह गया ।
-0-
1- बहुत याद आती है बचपन की वो जन्माष्टमी।
कमला
निखुर्पा
छुओ मत श्याम मेरी गगरिया गीत में नाचना ।
कान्हा की पालकी के साथ साथ
चलना
हाथी घोड़ा पालकी
‘जय कन्हैया लाल की’ जयकारे
लगाना।
बरबस ही आँखों में छा
जाती है नमी।
बहुत याद आती है बचपन
की वो जन्माष्टमी।
मंजीरा बजाते हुए रातभर कीर्तन करना
ठीक बारह बजे आरती में शामिल
होना ।
आरती के थाल में जलते दिए की लौ
को छूकर माथे से लगाना ।
फिर नन्हे- से सिक्के के खजाने को
थाल में अर्पित करना ।
यू/ण लगता कि मुस्काते कान्हा की आँखें हम पे ही है जमी ।
बहुत याद आती है बचपन
की वो जन्माष्टमी।
अब न जाने किसकी लगी नज़र
त्योहार आया और चला गया किसे खबर
हमने तो जिया है
अपनापन भरा बचपन
त्योहारों की खुशियाँ
पकवानों की खुशबू
आस्था का हिंडोला
गीतों का मेला
हमने तो पाया है
बड़ों का आशीष
छोटों का प्यार
आँचल का दुलार
मीठी फटकार
पर क्या
ये नई पीढ़ी
सिमट कर रह जाएगी
बस एक व्हाट्सएप्प के संदेश में ??
सच बहुत याद आती है
बचपन की जन्माष्टमी ।
-0-(11
अगस्त 2020)
-0-
2-मुरली
की तान
शशि
पाधा
1
बंसी ने जब जान ली, राधा- कान्हा प्रीत
सुर दूजा साधे नहीं , और न गाए
गीत।
2
ब्रज की भोली गोपियाँ, सुन मुरली
की तान
घुँघरू बाँधें पाँव में, अधर धरें
मुस्कान ।
कनक रंग राधा हुई, कारे- कारे
श्याम
दोपहरी की धूप से , खेल रही यूँ
शाम ।
राधा रानी गूँथती वैजन्ती की माल
श्यामा पहने रीझते राधा लाल गुलाल ।
ऊधो से जा पूछतीं अपने मन की बात
कान्हा ने विदेस से, भेजी क्या
सौगात ।
यमुना तीरे श्याम ने, खेली लीला
रास
लहर-लहर नर्तन हुआ, कण-कण बिखरा
हास ।
गुमसुम राधा घूमती, दिल से है
मजबूर
हर पंथी से पूछती, मथुरा कितनी
दूर।
कोकिल कूजे डार पे, गाये मीठे
गीत
ढूँढे सुर में राधिका, बंसी का
संगीत ।
सोचूँ जग में हो कभी, मीरा-राधा
मेल
दोनों सखियाँ खेलतीं, प्रीत-रीत
का खेल
पल छिन चुभते शूल से, क्षीण हुई
हर आस
कैसे काटे रात दिन, नैनन आस
निरास
-0-
कमला निखुर्पा
रंगों से खेले
बावरे ये बदरा।
कर सोलह शृंगार
झील में झाँक
निज बिम्ब- प्रतिबिम्ब
शरमाए है कोई।
रक्तिम क्यों कपोल
संध्या रानी के
कानों में कह गईं
कुछ तो पुरवैया ।
चहक चले
बादलों के संग
विहग वृन्द
भर ऊँची उड़ान
दूर क्षितिज तलक।
पाने को एक झलक
अँखियाँ ये मेरी
क्यों खुली की खुली
झपके न पलक ।
सरकता रहा
स्यामल पट
धीरे धीरे....
ओझल हुआ
गगन रंगमंच
फिर से रचेगी
संध्या रानी
कल नई नाटिका ।