पथ के साथी

Showing posts with label कृष्णा वर्मा. Show all posts
Showing posts with label कृष्णा वर्मा. Show all posts

Monday, November 10, 2025

1475-अंधी दौड़

 


कृष्णा वर्मा

तुम मिले, तुम्हें देखकर लगा
ज्यों छले गए हो किसी से
बहुत गिले हैं तुम्हें ज़िंदगी से
तुम्हारी उदासियों की बर्फ़ पिघलाने को  
तुम्हें बढ़कर गले लगाया
अपनत्व की झप्पी दी कि दे सकूँ
ज़रा- सी राहत तुम्हारी बेज़ारियों को
तुम्हारे टूटे हौसले को दे सकूँ ज़रा भर टेक
तुम जब भी मिले सच को छिपाने को
एक ख़ुशनुमा चेहरा ओढ़कर मिले
न तुमने कभी बताया
न मैंनें कभी पूछा, न जताया
धीरे-धीरे तुम्हें टेक रास आने लगी
और तुम अश्वस्त होने लगे
बदलियों- सी छटने लगीं तुम्हारी उदासियाँ
तुम्हारे चेहरे पर इतमीनान और
चलने- फिरने में विश्वास झलकने लगा
तुम्हारा सँवरना बताने लगा था कि
अब तुम करने लगे हो ख़ुद से प्यार
तुम्हारा सकारात्मक परिवर्तन अब
मिलाने लगा था औरों के हाथों से हाथ
यकायक तुम्हारे कदमों ने
इस तरह तेज़ की रफ़्तार कि
कोई अवसर चूक न जाए हाथ से
और तुम टेक को वहीं छोड़कर
नई चोट के लिए
शामिल हो गए अंधी दौड़ में।
-0-

Friday, June 13, 2025

1469

 

तन्हाई -  कृष्णा वर्मा 

 

तन्हाई से घिरा पूछता हूँ स्वयं से

क्यों हैं इतनी तन्हाई

जिसे आए दिन पीता हूँ 

प्रतिदिन जीता हूँ 

टूटन समेटकर  

सपनों की परेशानियाँ धोकर 

अपने हिस्से का रोकर 

उजले कपड़े पहनकर 

चेहरे पर मुस्कान ओढ़कर

वजूद के दाएँ-बाएँ देखकर 

पूछता हूँ आइने से

बता तो क्या आज कोई ऐसी नज़र पड़ेगी 

जो बन जाएगी मेरे अधूरेपन का तोड़

खिलाएगी जीवन में फूल

कोई ऐसी राह कोई जीने की उम्मीद

कोई लुहारिन जो काट देगी 

तन्हायों की साँकल

आईना बोला- शायद पक्का नहीं कह सकता 

पर कोशिश करके देख लो 

अपने सपनों और स्वप्नफल को 

आशाओं के बस्ते में रखकर 

चाहतों के जुगनू आँखों में सजाकर 

टाँगकर काँधे पर बस्ता 

लगाता हूँ घर की तन्हाइयों पर ताला 

बाहर निकलकर 

मेरी सुनसान दुनिया से अंजान 

मेरे मिलने वाले जानकारों से मिलता हूँ

अपनी सूनी आँखें चमकार 

अकेलेपन की पीड़ा दबाकर 

सन्नाटों को छुपाकर  

होठों पर मुस्कान सजाकर 

दोहराता हूँ प्रतिदिन यही क्रिया

लाख ना चाहूँ फिर भी हो जाता हूँ रोज़ 

इस दुनिया की भीड़ का एक हिस्सा।   

-0-

 

 

 

 

Thursday, May 9, 2024

1415-कृष्णा वर्मा की कविताएँ

 

कृष्णा वर्मा 

1-स्त्री

 


अधखुले दरवाज़े पर खड़ी स्त्री 

केवल इंतज़ार ही नहीं करती 

वह भरती है भीतर उजालों को 

महसूसती है

स्वछंद उड़ती हवाओं के साथ 

लहराकर अपना आँचल

करती है एहसास पवन की

उन्मुक्तता का 

भूल जाती है उस पल 

पाँव में पड़ी पाजेब और बिछुए 

दहलीज़ के पार खड़ी स्त्री 

हो जाती है तितली- सी 

विचर कर क्यारी-क्यारी 

भर लाती है सुवासित साँसें 

पंछी- सी उड़कर छू आती है 

अपने आसमानों का छोर 

मन और हृदय करके एक साथ  

बढ़ाती है अंत:करण

का विस्तार 

आलोकित आह्लादित अंतर्मन से 

मुड़कर दहलीज़ के इस पार

महकाती है दरो- दीवार

टाँककर आन्नदानुभूतियाँ।

-0-

2-संकल्प

 

राह में रोड़े बिछाए 

तो किसी ने काँच की किरचें 

किसी ने क्रोध दिलाकर 

कोशिश की लहू तपाने की

कोई जुटा रहा 

मेरे मन को बदगुमान करने को

तो कोई रिश्तों की परिभाषा  

उलटने की कोशिशों में 

कुछ मेरी आँखों में सागर उतारने को 

करते रहे भगीरथ प्रयास 

मेरी दृड़ता की ढिठाई ने 

अपनी आँखों के आसपास 

बाँध लिया घोड़े की भाँति पट्टा 

और मेरा लक्ष्य 

बनाने लगा पहाड़ में रास्ता

मेरा संकल्प  

बिना कोई परवाह किए

फिसलन भरी राहों पर  

बढ़ाने लगा क़दम और 

मिलती गईं राह में कई नेक आत्माएँ 

जो बनीं मेरे एकाकीपन की सराय

जिनकी आँखों में जलते

अपनापे के चिराग़ों ने कर दिया रोशन 

मेरी धुँधली राहों को।

-0-

3-एहसास

 

मिल जाया कर 

यूँही कभी-कभार 

सरे -राह किसी मोड़ पर 

तुझे देखकर जीवित होने का 

भरम बना रहता है

देख लूँ तुझे तो 

पुरसुकून हो जाती है 

मेरी परेशान सोच

दिन हो जाते हैं ख़ुशनुमा 

और रातें सुखवंत  

मिले जो तेरी एक झलक   

तो मुड़ आते हैं फिर से 

वो बीते संदली पल 

ख़ूबसूरत शामें 

शाम के धुँधलके में 

बुझते सूरज की नरम लाली 

और लाली में दमकते हम 

तेरे लहराते दुपट्टे को देख

याद आती है मिन्नी-मिन्नी महकती रुत

रुत की अँगड़ाइयाँ 

कोमल किसलय 

कलियों कीचटकन

भौरों की दीवानगी

रूह को तर करते  

महकी हवाओं के झकोरे

और क़ुदरत को सराहते हम 

मिल जाया कर ना यूँही कभी-कभी 

तुझे देखे से खिल जाता है 

मन का मौसम

निगाहें करती है सौ-सौ बार 

आँखों का शुक्रिया

नींद में डूबें आँखें तो 

तैर आते हैं तेरे स्वप्न 

रंग भरने लगती हैं उनमें 

कल्पनाओं की अप्सराएँ 

उँगली बनके कलम  

उगाने लगती है शब्द 

शब्द-सृजन का अखंड प्रवाह 

रंग देता है मन के पन्ने

बेतार साज़ और अनजाने सुरों से 

गूँज उठता है अनहद नाद 

खड़े पानियों में आ जाती है रवानी 

रोशनी से भर जाता हूँ

सब धुला-धुला निखरा-निखरा नज़र आता है

आ जाया कर अच्छा लगता है 

कभी-कभी मिल जाया कर तू   

किसी मोड़ पर किसी राह पर। 

-0-

Tuesday, April 9, 2024

1410

 

 1-कृष्णा वर्मा

 


न कोई कहा- सुनी

न शिकवा न कोई शिकायत 

इक दूजे संग खेल रहे हैं

मैं और समय

वह अपनी ताक़त दिखाता है 

और मैं अपना हौसला 

कभी वह जीत जाता है तो कभी मैं

प्रशंसक हैं हम एक दूसरे के  

मैं कितनी भी बना लूँ योजना 

पर होता है सब 

वक़्त के हिसाब से ही

मैं इतनी नहीं जो दिखाई देती हूँ 

मेरे भीतर बहुत सी पुकारें हैं 

जिसे कोई न सुन सका 

कितनी इच्छाएँ कितने स्वप्न 

और निहित हैं कई कमाल 

ढेरों- ढेर सवाल 

जिन्हें देना है जवाब 

मैं लगी रही तुम्हें 

बनाने और बचाने में

कभी तो देते मेरे 

हौसलों को मान 

बनी जवाब तुम्हारे हर सवाल का 

तुम्हारी तन्हाइयों की साथी

तुम्हारे झुकाने पर झुकी 

तुम्हारे रोकने पर रुकी

तुम्हें जिताने को हारी 

कहीं नाम नहीं मेरा फिर

संग सारी उम्र गुज़ारी 

तुम्हें तुम्हारे अपनों को अपनाया 

किसी आस न उम्मीद पर 

मैंने सारी मोहब्ब्तें वार दीं। 

-0-


गौतमी पाण्डेय 

 

1-सुनहरी चिड़िया 

 

  फुदकती आ गई,

मेरी खिड़की से लगे पेड़ पर,

वह सुनहरी चिड़िया!

 

एक छोटी, सुंदर-सी फुरगुद्दी!

थोड़ी श्याम और थोड़ी 

हरी चिड़िया।

 

इस डाल से उस डाल पर,

ले हरित आभा भाल पर।

झुरमुटों से चहचहाती

अपने अस्तित्व को पुरज़ोर 

तरीके से दर्ज कराती!

 

जीवन का उत्सव मनाती!

 

भार नहीं, कोई संग्रह नहीं,

 कोई बोझ नहीं!

बस, हर क्षण उत्सव!

 

हल्का होना,

हल्के हो जाना ही प्राप्य है,

एक वरदान है, जो

गति को ऊर्जित करता है।

 

उत्साह और स्फूर्ति लिए,

नाज़ुक, पतली टहनियों से 

लटकती चिड़िया।

अपनी ही धुन में मगन 

हर शाख पर मटकती चिड़िया।

 

आ गए कुछ कौवे!

इस थोड़ी सी हरियाली पर दावा करते,

अपने कर्कश स्वर से,

अपनी तथाकथित 

शक्ति  का दंभ भरते।

 

सिमटने लगी झुरमुटों में,

वह परी चिड़िया!

 

कौओं के आतंक से,

अपने घोंसले खोने के डर से,

उसी में छुपती,

वह डरी चिड़िया!

-0-

2- मेरी आवाज़ के आगे

 

मेरी आवाज़ के आगे भी 

क्या, सुन सकते हो मुझे?

मेरे अंदाज़ के आगे भी 

गुन सकते हो मुझे?

 

मैं, मेरे शब्दों से आगे,

और मेरे रूप से परे हूँ...

क्या मेरे मौन से आगे भी,

पढ़ सकते हो मुझे?

 

मैं बरसूँ कभी तो ओस 

और बिगड़ूँ तो हूँ तूफान... 

क्या कभी मेरे जैसा ,

मुझसे ही, लड़ सकते हो मुझे?

 

 

कहा करते हो तुम-

 "बोला और कुछ कहा भी करो"

"तुम्हारे साथ ही तो हूँ

 तुम जहाँ भी रहो"

 

मगर क्या देख सकते हो 

मुझे, मेरे शब्दों से अलग?

समझ सकते हो तुम,

मुझको क्या इस सीमा से परे?

 

जैसे कभी ख़्वाबों की तरह 

मैंने बुना था तुमको,

कई स्वप्नों के सैलाब 

से चुना था तुमको।

 

 

क्या किसी ऐसे इक

सपने सा बुन सकते हो मुझे?

मेरी आवाज़ के आगे भी 

क्या सुन सकते हो मुझे?

-0-

 

Tuesday, February 6, 2024

1402

 

कृष्णा वर्मा

1

हमसे द्वेष करने वाले

हमसे दूरी तो रखते हैं

पर अपने दोस्तों के बीच

बात हमारी ही करते हैं। 

2 

लाख बोले कोई 

मिश्री- सी ज़ुबान  

झलक ही जाती है 

स्वभाव की उग्रता।

3

करें जब शब्द 

लगाई बुझाई तो 

शक़ की तपिश से 

सूख जाते हैं  

प्यार के झरने। 

4

भीतर बाहर शून्य 

शून्य है चारों ओर 

अपने संग निपट अकेला

फिर मैं-मैं का शोर।  

5

औलाद से मिली ख़ुशियों की

ज़मानत होती है

माँ-बाप के चेहरे की मुस्कान।  

6

ज़ुल्म सहने और 

आँसू पीने में 

माहिर न होती औरत

तो 

ना यह चमन होता

ना अमन 

होतीं 

केवल वीरानियाँ।

7

औरत के चेहरे पर 

खिंची एक-एक लक़ीर 

एक-एक झुर्री

साक्षी होती है 

संचित अनुभवों की।

8

किसे चाहिए दोस्त आज

हँसने-हँसाने के लिए 

फ़ोन ही काफ़ी है 

दिल बहलाने के लिए 

सब रिश्ते नाते 

भुलाए बैठे हैं 

अभासी दुनिया को 

अपनाए बैठे हैं 

अंतिम सफ़र में 

चार कांधों का

जाने क्या हिसाब 

लगाए बैठे हैं।

9

पीहर आकर बेटी

माँ के कांधे पर

उडेलते हुए अपने दुख  

क्यों भूल जाती है 

बरसों से सह-सहकर

बूढ़ी हुई माँ की  

दुखों वाली गठरी 

हो जाएगी और भारी

कैसे ढो पाएँगे  

उसके क्षीण काँधे

दोहरे दुख। 

10

शिकारियों की शौर्यगाथाओं में 

लिखे जाने वाले 

हिरणों का इतिहास नहीं मैं

औरत हूँ- नश्तर की नोक

योगमाया अवतार संघार 

परिचित हैं मुझसे संसार   

जिसके एक पग की थाप 

बहुत है क्रांति के लिए

राधा मीरा सीता ही नहीं 

सत्यवान की 

सावित्री है औरत 

सबल सरल सहज 

निश्चल निर्मल 

प्रेम ही प्रेम

ईश्वर की अद्भुत 

सुंदरतम कृति 

औरत ही है

समस्त संसार का जीवन।

-0-