पथ के साथी

Thursday, June 23, 2022

1219-कारवाँ

 प्रीति अग्रवाल

  

कितने वर्ष हो गए

ज़िन्दगी की ऊँची-नीची


पथरीली राहों पर

चलते चलते....

कितने मौसम बदल गए

कितने साथी बिछुड़ गए

कितने नए जुड़ गए...

मूल्यों की परिभाषा बदल गई

सिद्धांतों के परिधान बदल गए

नए ज़माने की मानो

चाल ही बदल गई...

 

पर मन के भाव...

वो अब भी वही हैं

अनुभूतियों की

अभिव्यक्ति तक की यात्रा

अब भी वही है

दुर्गम, और छोटी सी....

 

मन में ज्वार-भाटा उठता है

कुछ देर उथल- पुथल मचा

मंथन करता है,

फिर कलम को स्याही में डूबा देख

कुछ आश्वासन पाता है

अंततः कागज़ तक पहुँचकर ही

पूर्ण मुक्ति पाता है।

 

मन, इस सफर को

सहृदय, सहर्ष


बार-बार तय करता है,

बार-बार दोहराने की लालसा रखता है

अनन्त, अकल्पनीय संतुष्टि पाता है

 

और अभिव्यक्तियों का कारवाँ

यूँ ही बढ़ता जाता है।

-0-

 

Tuesday, June 21, 2022

1218-तुम्हें क्या दूँ मीत मेरे

 रामेश्वर काम्बोज ‘हिमांशु’

मिला  जो झोली भर -भर प्यार।
अभी तक मुझ पर रहा उधार।।


मैं 
क्या तुम्हें दूँ मीत मेरे
तुम्हीं से जीवित गीत मेरे।
मैं सदा तेरा ही  कर गहूँ
सदा तेरे ही उर में  रहूँ।

              तुम  हो नैया  तुम्हीं पतवार।

             तुम्हीं हो प्राणों का संचार।।


पाऊँ तो बस तुझको पाऊँ
और के द्वार कभी न जाऊँ।
बसे  कण्ठ में गीत तुम्हारे
चुम्बन- चर्चित, मीत तुम्हारे।

             तैर जाऊँ जग- पारावार
             दो जो नयनों का उजियार।।

-0-



 

 

Saturday, June 11, 2022

1216-डॉ. शिप्रा मिश्रा की कविताएँ

 डॉ. शिप्रा मिश्रा की कविताएँ

1

हर बात में तवज्जो हर बात में शिकायतें

एक तरफ है कैद और दूसरी ओर जिल्लतें


कैसे जी लेते हैं ऐसे लोग ये पता नहीं

चार दिन की जिंदगी और हैं हजारों लानतें

 

फुर्सत नहीं यहाँ किसी भी रिश्ते के लिए

जिद पाले बैठे हैं सब को झुकाने के लिए

जो एक बार झुक गया खुदा की बंदगी में

औकात क्या रही किसी को गिराने के लिए

 

किसी को हो अपने रुतबे का नशा तो हो

किसी को अपने उड़ने का नशा हो तो हो

हमें क्या करना किसी की मगरूरी से

उसे बेखौफ बदगुमानी का नशा हो तो हो

 

चेहरे हैं मुस्कुराते और दिल में जलजला

झूठ की बस्ती में नेकियों का सिलसिला

खूब उड़ा लो अपनी पतंगें आसमाँ तक

हम रहें जमीन पर बस यही है  इल्तिजा

 

ये जिंदगी है बन्दे होगी ही धूप- छाँव

खुदा के कहर से कब तक बचेंगे पाँव

औकात में ही रहना सबको लाजिमी है

जड़ें ही कट गईं तो कब तक रहेगा गाँव

   -0-

2-माटी- पानी ?

छोटी जगह की लड़कियाँ

बड़ी गँवारू होतीं हैं

समझती नहीं कुछ

आज के तौर- तरीके

चली आती हैं गाहे- बगाहे

जब उनकी माटी पुकारती है

अब भी करतीं हैं परदा

अपने जेठ- सरदार से

उतारतीं हैं थकान पाहुन की

पानी भरे परात में

अब भला जरूरत क्या है

मँगरुआ के घारी में

बेझिझक चले जाने की

और तो और

वहाँ से गोबर उठा लाने की

उसके बिना क्या चौका

अपवित्र रहता है भला

व्यंजनों से परोसी थाल भी

उन्हें तृप्त नहीं कर पातीं

जब तक न खाएँ

घूरे में पकाया

आलू का चोखा

फेरा लगा आती हैं

गाँव के खेत- खलिहान

गोहार आती हैं शीतला माई

बरह्म बाबा, वनदेवी

आँचर पसार- पसार

ये लड़कियाँ देतीं हैं

उगते सुरुज को जल

गांछ- बिरिछ और

दुआरी पर

बांध जातीं हैं

मनौती की डोर

जनेऊ वाले महादेव पर

माथा पटकतीं हैं

बुदबुदाते हुए

गायों को कौरा खिलाती

बढन्ती की असीस माँगतीं

लगाती हैं घर के

गोल- मटोल- से छौने के

लिलार पर करिया टीका

अकलुआ की मऊसी से

सनेस माँगने की

भला क्या जरूरत

घर में मिठाइयों की

कोई कमी है क्या

नइहर के खोंइछा के बिना

भला क्यों अधूरी रहती हैं

ये छोटी जगह की

लड़कियाँ भी ना

सहेज जाती हैं

पुरखों की नसीहतें

और बचा लेतीं हैं

अपनी माटी- पानी को..

-0-

3-परिणति

 

 नदी अपना मार्ग

स्वयं बनाती है

कोई नहीं पुचकारता

उछालता उसे

कोई उसकी ठेस पर

मरहम नहीं लगाता

दुलारना तो दूर

कोई आंख भर

देखता भी नहीं

तो क्या

नदी रुक जाती है

या हार मान लेती है

कोई उसे मार्ग भी

नहीं बताता

चट्टानों से भिड़ना

उसकी नियति है

और उसे

अपनी नियति या

नियंता से

कोई उलाहना नहीं

उसे तो

स्वीकार्य है

स्वयं का

आत्मसात

यही परिणति है

जो उसे सिंधु की

विशालता से

उसका परिचय

करवाता है

और वह

सर्वस्व न्यौछावर

करने के बावजूद

बिंदु से सिंधु के

अंक में समाहित

हो जाती है

सदा- सर्वदा के लिए

और हो जाती है

 परिपूर्ण..

-0-

4- वह एक दरिंदा -डॉ.शिप्रा मिश्रा

 

डरते हैं हम अपनी आँखें खोलने से

डरते हैं हम अपनी पाँखें खोलने से

 

उस घूरने वाले से हम काँप जाते हैं

उसके गंदे इरादे हम भाँप जाते हैं

 

हमारे थरथराने पर वह ठहाके लगाता है

अपने मंसूबों को साजिशों से सजाता है

 

बेजान तितलियों के पंख वह मसल देता है

हमारी मासूम खिलखिलाहट में दखल देता है

 

हमारा चहकना उसे अच्छा नहीं लगता

वह एक दरिंदा हमें सच्चा नहीं लगता

 

उसकी मुट्ठियों में शिकारियों के जाल हैं

बहशी बेखौफ शैतानों से बड़े बाल है

 

जी चाहता है नाखूनों से चिथड़े कर दें

उसके कलूटे जिस्म के टुकड़े कर दें

 

इन भेड़ियों को बनाया क्यों भगवान ने

या इंसानियत ही छोड़ दी यहाँ इंसान ने

 

जज अंकल!! इन्हें लटका दो फाँसी पर

अरे!कुछ तो तरस खाओ मुझ रुआँसी पर

 

तिल-तिल मरने का दर्द क्या होता है

बेजुबान सिसकती रातें सर्द क्या होता है

 

हम नन्ही चिड़िया हमें बेखौफ उड़ने दो

हमारे ख्वाबों में चाँद-सितारे जड़ने दो

 

हमें मचलने दो हमें भी खिलने दो

इन्द्र-धनुष के रंगों में हमें घुलने दो

 

हम तक जो पहुँचे हाथ वो जल जाए

हमारी जलती रोशनी से वो सँभल जाए

 

उससे कह दो हम अबला या कमजोर नहीं

हमें छू सके उन बाजुओं में इतना जोर नहीं

-0-

-0-

Monday, May 30, 2022

1215-दोहे-कुण्डलिया

 डॉ. गोपाल बाबू शर्मा

1

अँधियारा गहरा हुआ, फैला कहाँ उजास।

नहीं मौन को स्वर मिला, नहीं रुदन को हास

2


अभी राजसी ठाट का
, कहाँ हुआ है अन्त।

पतन, पाप, पाखण्ड में, मस्त नए सामन्त।

3

चमक-दमक के दौर में, कौन करे पहचान

आज काँच को मिल रहा, हीरे का  सम्मान।।

4

सच सौ ऑसू रो रहा, झूठ मनाता मोद।

सौदागर ईमान का, बैठा सुख की गोद॥

5

मूल्य-हीन घोड़े हुए, हाथी फाकें धूल।

गदहों पर पड़ने लगी, अ रेशम की झूल ।

6

तृण औरों की आँख में, देखें, बनें कबीर

दिखे न अपनी आँख का, लोगों को शहतीर।।

7

पहन रही हैं आजकल, रातरानियाँ ताज।

आँगन की तुलसी मुई, हुई उपेक्षित आज

8

पात्र, कथा, उद्देश्य अब, बदल गए संवाद।

भूल शहीदों को गए, रहे शोहदे याद॥

9

द्वार बँटे, आँगन बँटे, बँटा हृदय का प्रेम ।

चूर-चूर दर्पन हुओं, सिर्फ़ रह गया फ़्रेम

10

घर पर यदि छप्पर नहीं, रिक्त उदर का कोष।

चौराहे की मूर्तियाँ , क्या देंगी सन्तोष ।

 

11

दंगे - दंगल हर जगह, आया जंगल - राज

मगल की बातें कहीं, शनि के सिर पर ताज ।

12

नागफनी को क्यों रहे, फूलों की दरकार।

वह तो निशिदिन शोभती, कॉटों से कर प्यार।।

13

दोष किसी का, और को, मिलता है अंजाम।

सागर खुद खारा मगर, प्यास हुई बदनाम।।

14

सुन्दर योग्य सुशील वर, वही आज कहलाय |

जिसकी वेतन से अधिक, हो ऊपर की आय।।

15

बदनीयत संसार में, खूब रहे फल - फूल।

जिसकी नीयत नेक है, उसको यह जग शूल।।

16

धन है तो तू चौथ दे, कहे माफिया. राज।

वर्ना मारा जायगा, कोई. नहीं इलाज॥

17

आस्तीन में साँप अब, सन्तों के घर चोर।

भोलापन. गूँगा हुआ, छल-प्रपंच मुँहजोर ।

18

संकट में फिर द्रौपदी, लाज बचाए कौन।

मनमानी कौरव करें, कान्हा साधे मौन।।

19

जीते जी जिसके लिए, लोग बिछाते खार।

उसके शव को पूजते, चढ़ा पुष्प के हार।।

20

गज से ज़्यादा कीमती, हुए आज गजदन्त।

श्रद्धा-आदर पा रहे, छैल चिकनियाँ सन्‍त।।

21

आम आदमी पिस रहा, खास मारते मौज।

कहीं 'पूर्णमासी मने, कहीं न दीखे दौज।।

22

बगुले पाते हैं यहाँ, बार - बार सम्मान।

हंस उपेक्षित ही मरें, अपना देश महान्‌।।

23

जिनके मन में खोट हैं, वे ही बने कहार।

रह पाए महफूज क्यों, डोली आखिरकार।।

24

लोगों ने छल-धर्म से, खूब बनाए ठाठ।

रावणवंशी कर रहे, रामायण का पाठ।

25

कथनी-करनी में दिखे, आज हर जगह भेद

चलनी परखे आचरण, लिए बहत्तर  छेद।।

-0-

2-डॉ.उपमा शर्मा

आया नभ वो छा गया,बादल करे कमाल।


रिमझिम-रिमझिम वो करे, नाचे दे- दे ताल।

नाचे दे दे ताल, सुर सभी मिलकर साधें।

होती दिन में रात, सूर्य अब बस्ता बाँधे।

ठंडी चले बयार, गीत दादुर ने गाया।

उपमा हो मन- मुग्ध, गगन जब बादल आया।

Friday, May 27, 2022

1214

 1-स्वीकारोक्ति

भीकम सिंह 

 

बड़े ध्यान से 


पेंशनर ने पढ़ा
 

अपना-

जीवित होने का प्रमाण-पत्र

पढ़कर 

मरने के पल

याद आये

उन पलों से जुड़े कुछ नाम

उन नामों से जुड़े 

अभद्र काम

कुछ दिन के

कुछ रात के 

कुछ बिना बात के 

कुछ अटके

कुछ भटके 

कुछ सुदूर तट के 

आत्मा ना उठा पाई थी 

जिनका भार

ना जानें कितनी बार

तब किसी ने नहीं माँगा

जीवित होने का प्रमाण-पत्र ।

-0-

-ग़ज़ल

विनीत मोहन-फ़िक्र सागरी

  

नये मरहलों में नयी रात होगी

मुहब्बत में उनसे मुलाकात होगी ।

 

यहाँ इश्क में जीत मिलने से पहले

कभी शह मिलेगी कभी मात होगी।

 

न दुनिया को कोसो न अपना मुकद्दर

मिलेगा तुम्हारी जो औकात होगी।

 

बदल दो सभी अपनी आदत पुरानी

नयी जिंदगी की शुरुआत होगी। 

 

हुई जो शरारत न लो उस को दिल पर

किसी मनचले की खुराफात होगी।

 

वदलती है हर शय जहाँ में हमेशा

खुदा के रहम की भी बरसात होगी।

 

गमे जिंदगी में रहे दर्द शामिल

नये जख्म भी 'फ़िक्र' सौगात होगी। 

 -0-ग़ज़लकार एवं सॉनेटियर,सागर, मध्यप्रदेश 


2-पेड़ 

 अनिमा दास


मेरी गोद मे

सिर रख सो जा तू

बाँहें पसारे खड़ी हूँ मैं


दुख सारे बाँट ले मुझसे

तेरी माँ हूँ मैं ...।


रोज़ सींचूँ साँसें तुम्हारी

अणु- अणु है मेरी अमृतधारा

आ ! मैं तेरा जीवन सँवार दूँ

आशाओं की बारिश करूँ मैं

तेरी माँ हूँ मैं ......।


शाखाएँ मेरी सपने हैं तेरे

स्नेहिल स्पर्श से

सावन की बौछार दूँ मैं

तेरी माँ हूँ मैं .....।


ये शीतल छाया

फिर कब मिलेगी?

तपती धूप में

तू कब तक जलेगा?

आ ! कोमल बचपन तुझे दूँ

करूँ मैं

तेरी माँ हूँ मैं .....।

तेरी माँ हूँ मैं .......।

-0-