पथ के साथी

Thursday, April 6, 2017

722

1- सुदर्शन रत्नाकर
मुक्तक
1
रूप कब ढल जाए क्या पता
तीर कब चल जाए क्या पता
धूप-छाँव भरी ज़िंदगी में
साँस कब छल जाए क्या पता ।
2
दुख से भरी मेरी कहानी
बची न इसमें छाँव सुहानी ।
मुझको इसकी ख़बर ही  नहीं
कब आई, कब गई जवानी।
3
जीवन तपते क्या देखा है
जीवन बस लक्ष्मण रेखा है
धीरे-धीरे पता चलेगा
बचा नियति का क्या लेखा है।
4
फूलों को देखा मुरझाते
काँटों को देखा मदमाते
हँसता है इक दीवाना क्यों
लोगों पर बस आते -जाते।
5
सारे घर का शृंगार होती हैं बेटियाँ
माता-पिता का दुलार होती हैं बेटियाँ
घर भर की रौनक़ ,सबकी प्यारी होती हैं
खुशबू का इक  संसार होती हैं बेटियाँ ।
-0-
2-कमला घटाऔरा

1-जीवन साँझ

रहने दो स्वतंत्र उन्हें
कोई बोझ मत डालो
एक सृष्टि जो हमने रची थी
बन गई है अब
वह आप रचनाकार ।
उन पर आस मत रखो
देखें हमें आ आकर
खाँसते डोलते बूढ़े शरीरों को
उन्हें संभालना है
संसार स्वयं का
जो उन की रचना है ।
इस जीवन सांझ में
तुम देखो बस इतना
तुम्हारी वंश बेल
किस तरह फल फूल रही है ।
हमारी कामनायें ही
मानों पंख लगा
आसमां को छू रहीं हैं ।
-0-
२-जीवन

जीवन
जैसे धरती पर
लगने वाला एक मेला
थोड़ी हँसी
थोड़ी गमी
कुछ देर का खेला'
फिर धूल मिट्टी
बचता कचरा
जाने की बेला
मनवा अकेला ।

3-मृत्यु

जन्म से शुरू हुई
एक जीवन रेखा
चलते चलते जब
अंतिम सिरे को छूती है
मृत्य नाम धार लेती है।
चमकता दिन जैसे
रात में बदल जाये
रौशनी छिन जाती है ।

-0-

Monday, April 3, 2017

721

1-दमखम-कृष्णा वर्मा

हज़ारों आँधियाँ आएँ
करोड़ो हो बर्फबारी
खिलेंगे गुल किसी सूरत
हो चाहे लाख दुश्वारी।

सब्र रखो हिरासत में
जो आनन्द मानना चाहो
किला अपने मनोबल का
किसी सूरत में ना ढाओ।

ना ज़्यादा दिन चलें हैं ज़ुल्म
तुगलक हार जाते हैं
भयानक रात हो कितनी
सवेरे फिर भी आते हैं।

डराते हो हमें कि छोड़ दें
हम सारा जहाँ अपना
हो कितना भूत ताकतवर
निडर नहीं छोड़ते सपना।

मेरे लब पर दुआएँ हैं
है तेरे हाथ में ख़ंजर
जो दम है तेरे ख़ंजर में
तो कर मेरी दुआ बंजर।

मैं देखूँ झूठ तेरा कैसे
सच को कफ़न पहनाए
मेरे जज़्बे मेरे साहस को
कैसे घाट पहुँचाए।

 -0-

Tuesday, March 28, 2017

720

कविता – ज़िंदगी और मौसम
प्रियंका गुप्ता

बचपन में मैंने
सूरज से दोस्ती की;
जवानी में
चाँदनी रातें मुझे लुभाती रही,
आधी ज़िन्दगी गुज़र गई
मैंने बर्फ़ पड़ते नहीं देखी;
अब
उम्र के इस मोड़ पर
रिश्तों पर पड़ी बर्फ़
पिघलाने के लिए
मुझे फिर
सूरज का इंतज़ार है ।

-0-

Thursday, March 23, 2017

719




भगत सिंह- श्वेता राय

मेघ बन कर छा गये जो, वक्त के अंगार पे।
रख दिए थे शीश अपने, मौत की तलवार पे।।
वायु शीतल,तज गये जो, लू -थपेड़ो में घिरे।
आज भी नव चेतना बन, वो नज़र मैं हैं तिरे।।
मुक्ति से था प्रेम उनको, बेड़ियाँ चुभती रहीं।
चाल उनकी देख सदियाँ, हैं यहाँ झुकती रहीं।।
मृत्यु से अभिसार उनका, लोभ जीवन तज गया।
आज भी जो गीत बनकर, हर अधर पर सज गया।।
तेज उनका था अनोखा, मुक्ति जीवन सार था।
इस धरा से उस गगन तक, गूँजता हुंकार था।।
छू सका कोई कहाँ पर, चढ़ गए जो वो शिखर।
आज भी इतिहास में वो, बन चमकते हैं प्रखर।।
आज हम आज़ाद फिरते, उस लहू की धार से।
चूमते थे जो धरा को, माँ समझ कर प्यार से।।
क्या करूँ ,कैसे करूँ मैं, छू सकूँ उनके चरण।
देश हित बढ़ कर हृदय से, मृत्यु का कर लूँ वरण।।
कर रही उनको नमन...
खिल रहा उनसे चमन..
छू सकूँ उनके चरण..
-0-【 शहीद भगत सिंह को नमन】
-0-
जब तक जल है  -गिरीश पंकज

जब तक जल है
सब हलचल है
बिन जल के तो
सब निष्फल है
जल वो ही जल
जो निर्मल है
जल बिन सूना
पल-प्रतिपल है
जल है तो फिर
भीतर बल है
ओम चैतन्यशर्मा( सत्या शर्मा जी के पुत्र)
नदी बचे तो
सबका कल है
बूँद -बूँद से
जल का हल है
जल से पंकज
खिला कमल है
-0-