पथ के साथी

Wednesday, July 8, 2015

कब आओगे घन !



1-नवगीत
कब आओगे घन !
डॉ•ज्योत्स्ना शर्मा

बढ़ते-बढ़ते आज हो गई 
उसकी पीर सघन
बाट जोहती रही धरा तुम 
कब आओगे घन !

सोचा था महकेगें जल्दी
गुञ्चे आशा के
समझाया फिर लाख तू मत गा
गीत निराशा के
बस में नहीं मनाना इसको
बिखरा जाए मन ।

उजड़े बाग़-बग़ीचे सूने
मौसम बदला -सा
तड़की छाती ,खेत ,घूमता
किसना पगला सा
जोड़-तोड़ कर चले ज़िंदगी 
करता रहा जतन ।

उमड़ी ममता कब तक रहती
धरती माँ बहरी
जला हृदय सागर का ,उसकी
पीर हुई गहरी
टप-टप बरसे नयन मेघ के
रोया खूब गगन ।

बाट जोहती रही धरा फिर 
लो घिर आए घन ।
-0-
  -0-

2-कविता
मेघा रे मेघा

गुंजन अग्रवाल

उमड़ते -घुमड़ते झूमते चले आओ रे मेघा
उष्णता धरा की आकर बुझा जाओ रे मेघा

प्यासी है धरा, बूँद -बूँद जल को तरस रही
कोख हो हरी धरा की, जम के बरसो रे मेघा

कारे कारे बदरा दे रहे है बूँदों का प्रलोभन
कण कण धरा का शीतल कर जाओ रे मेघा

बरसो गगन से ऐसे कि भीगे हर तन मन
सजल अँखियों के संग मिल जाओ रे मेघा

हवा भी है व्याकुल उड़ाने को फुहार संग
खुशबू बरसा कृषक - मुख पर मुस्कान लाओ रे मेघा

"गुंजन" का भी मन मचल रहा भीगूँ सावन में
 लगा दो झड़ी सावन की सजन संग आ जाओ रे मेघा ।
-0-

Monday, July 6, 2015

अफसोस है इतना



1-भावना सक्सेना

खर्च हो जाता है दिन
झोले में भर यादें कई
अफसोस है इतना- सा बस
कि दिन ऐसे कितने खर्चे
जिनका झोले में 
कुछ हिसाब नहीं।
बेहिसाबी के
इस सफ़र का ही
तो नाम है जिंदगी।
-0-
2-कमल कपूर

1-  मेरी पहचान

मैं शब्दों की पाखी हूँ
मुझे चाहिए अक्षरों का चुग्गा जीने के लिए
स्याही का पानी पीने के लिए
और उड़ने के लिए कागजी आसमान
जो देखना चाहते हो मेरी उड़ान
तो गगन के स्तर को
ऊँचा, ऊँचा और ऊँचा कर दो
या कि फिर
धरा के स्तर को ही
नीचा ,नीचा और नीचा कर दो।
        2
जीत का जश्न तो मनाते हैं जमाने में सभी
हार पर  हार  चढ़ाओ  तो  कोई  बात बने।
दर्द  रोने  से  कभी   दूर  न  होगा   यारो!
तुम  दवा  इसको  बनाओ   तो कोई बात बने।
-0-
3-रेखा रोहतगी

सौ बार हारी
पर हारते रहने से
न हारी
करती रही
खेलते रहने की तैयारी ,
   -0-

Thursday, July 2, 2015

आराम न भाया है



रामेश्वर काम्बोज ‘हिमांशु’
रात और दिन
काम ही काम
आराम न भाया  है;
किसी मशीन के
 पुर्ज़े-जैसा
ये जीवन पाया है ।
        कब जिए
        अपने लिए हम
        याद नहीं पड़ता है ;
        हर पल मेरी
        यादों में अब
        काँटे-सा गड़ता है ।
इन काँटों को
सेज बनाकर
मन को बहलाया है ।
        जिधर गए
        आरोप बहुत –से
        स्वागत करने
        आए;
        खाली आँचल
        देख हमारा
        भरने को
        अकुलाए ।
आँचल भरने पर
दिल- दरिया ये
भर-भर आया है ।
        खाली हाथ
        चले थे घर से
        आज भी
        खाली हाथ ;
        शाम हो गई
        चले गए सब
        छोड़-छोड़ कर साथ;
दिन-रात जिया है
रिश्तों को
फिर धोखा खाया है ।
-0-