पथ के साथी

Wednesday, April 7, 2021

1068- रोटी

 अंजू खरबंदा 

रोटी -1

 

अक्सर जल जाती है मेंरे हिस्से की रोटी 

सबको गर्म गर्म खिलाने की चाहत में 

अपनी बारी आते आते तक


शुरू
 कर देती हूँ समेटा समेटी 

इस चक्कर में तवे पर पड़ी 

मेंरे हिस्से की रोटी जल जाती है  अक्सर! 

 

********

रोटी-2 

 

तरसती हूँ गर्म रोटी को

सबको खिलाते खिलाते

आखिरी नम्बर आते आते

ठंडी हो जाती है 

मेंरे हिस्से की रोटी! 

 

मायके जाने पर 

भाभी खिलाती है 

अपने हाथों से बनाकर

गर्म गर्म रोटी 

उनको भी पता है 

बिन माँ की बेटी

गर्म रोटी में ढूँढती है 

माँ का प्यार! 

 

**********

रोटी -3

 

चन्दा मामा गोल गोल

मम्मी की रोटी गोल गोल

बचपन में पढ़ी ये कविता

अक्सर याद आती है 

पर मुझसे नहीं बनती गोल रोटी !

मुझे रोटी बनाना सिखाने से 

पहले ही माँ चली गईं! 

-0-

अंजू खरबंदा ,दिल्ली

Saturday, April 3, 2021

1067-चंचला

 1-शशि पाधा


हवा कुछ चंचला- सी है

न जाने कौन आया है

लहरती कुंतला- सी है

इसे किसने लुभाया है ?

 

अभी तो गुनगुनी- सी थी

ज़रा फिर शीत हो गई

नहाई धूप में जीभर  

वासन्ती  पीत हो गई

सलोनी श्यामला -सी है

रुपहला रूप पाया है ।

 

तरु शिखरों पे जा बैठी

उतर फिर डाल पर झूली

अल्हड यौवना कैसी  

अँगना द्वार ही भूली  

उलझी मेखला- सी है

किसी योगी की माया है ।

 

उड़ाती खुशबूएँ इत–उत

बनी है इत्र की दूती

कभी बगिया में इतराए  

कभी जा आसमाँ छूती

सुरीली कोकिला सी है

कहीं मधुमास आया है ।

 

रंगाई लहरिया चुनरी   

 पहने सातरंग चोली     

 छेड़े फाग होरी धुन

 खेले फागुनी होली

रंगोली मंगला-सी है

इसे किसने सजाया है ।

 -0-

-0-

Tuesday, March 30, 2021

1066

  1-कवि जो कुछ लिखता है 

शिवानन्द सहयोगी

 

कवि जो कुछ लिखता है, वह


भाषा की सम्पति है।

 मुँह से निकले हर अक्षर की 

कोमल काया है,

रचनाओं के उठते पुल का 

मंथन पाया है,

पीड़ा की उमड़ी लहरों की 

भावित पंगति है ।

 

भूली बिसरी यादों की छत 

ईंट सुहानी है,

शब्दों के संवादों की यह 

नई कहानी है,

यह सामाजिक  घटनाक्रम की 

छाया सप्रति है ।

 

आसमान का पूर्व क्षितिज है 

सूरज का रथ है,

भावों की यात्राओं की वह

पगडण्डी, पथ है,

ध्वनि-तुरही के नसतरंग की,

स्नेहिल संगति है ।

 

शब्दावलियों के गमलों का 

घेरा, यह थाला,

अनुभव के अनुषंगों की है,

गुथी हुई माला,

वाणी के लय ताल छंद की,

अनुपद दंपती है ।

-0-

2-लबों पे फूल ( ग़ज़ल)

[ ( ग़ज़ल) से पूर्व दिए गए शीर्षक को क्लिक करके आप इस ग़ज़ल को सुन सकते हैं 'लबों पे फूल लिंक को

मेघा राठी

 


लबों पे फूल मुहब्बत के वो खिलाता है

ग़ज़ल समझ के मुझे रोज़ गुनगुनाता है

 

मिलूं जो उससे महक जाती हैं फ़िज़ाएँ भी

वो मुझसे मिलता है तो खुशबुएँ लुटाता है

 

अंधेरे रास नहीं आते हिज्र के उसको

चिराग इसलिए वो वस्ल के जलाता है

 

शराब हो गई हैं मिलके उससे सांसें अब

वो घूंट - घूंट करके मुझे पीता जाता है

 

खमोश लब हों मगर गुफ़्तगू भी होती रहे

जब इश्क होता है तब ये हुनर भी आता है

 

मेघा राठी, ई -2, पंजाबी बाग, रायसेन रोड भोपाल, म. प्र - 462023

3-अँधेरे मुझसे भय खाने लगे

रश्मि विभा त्रिपाठी 'रिशू'

 

भोर के सूर्य की


मैंने जब-जब अभिवंदना की

तब-तब आशीष-स्वरूप
मेरी झोली में
आ गिरीं
कुछ स्वर्णिम-रश्मियाँ
गोद हुई उजली, निखर गई
रौशनी कण-कण में बिखर गई
दिन जगमगाता हुआ
प्रकाश-गीत गाता हुआ
झूमा औ नाचा
यकायक
संध्या-प्रस्थान पर
तम से भय खाता हुआ
मन थर्राता हुआ
और फिर
मेरे अंतस् में उगा एक सूर्य
शनैः-शनैः असंख्य रश्मिपुंज
खिलखिलाने लगे हैं
अँधेरे अब मुझसे भय खाने लगे हैं।

-0-

4-प्रीति अग्रवाल

1.
भूल जाने की आदत
गज़ब ढा गई.....

तुम तो याद हो
,
फिर सितम क्यों नहीं!
2.
अभी भी तुम में,
'तुम्हीं' है बहुत.....
बात यूँ न बनेगी,
हम,
'हम' कैसे होंगे!
3.
बेकार की बहस है,
बेकार है दलील...
कानून बिक चुका है,
बेकार है अपील!
4.
मुस्कुराती रहूँ
और कुछ न कहूँ....
यूँ कब तक लबों को,
भला मैं सिलूँ....!
5.
गलियाँ इश्क की, हैं
सकरी बहुत..…
'तेरे' 'मेरे' की गुंजाइश,
इनमें नहीं!
6.
कभी रूठें हम,
कोई हमको मनाए...
छोटी सी हसरत,
जनम बीता जाए......!
7.
तड़प रहा है दिल,
दीदार को तेरे.....
जाने,
कितना इंतज़ार,
मुक्कदर में है मेरे....।
8.
महब्बत करने वाले दिल,
बहुत ही खास होते हैं....
चाहे,
फासले मीलों के,
फिर भी पास होते हैं...!
9.
धीमें धीमें सुलगते हैं
सीने में जो.....
अधूरी ख्वाहिशों, के
अंगार हैं.....!
10.
प्यार करना तो आता है
सब को मगर...
निभाने के शौकीन,
कुछ एक हैं....!
11.
जीने के बहाने
लाखों थे,
जीना तुझको
आया ही नहीं......
बस बहना था
दरिया की तरह,
तू वो भी क्यों ,
कर पाया नहीं.....?
-0-

Monday, March 29, 2021

1065- उतर स्वर्ग से आ गई

 

रामेश्वर काम्बोज ‘हिमांशु’

1

चुम्बन से पलकें सजें, चमके ऊँचा भाल।

अधरों  का जो रस मिले, हार मान ले काल।

2

इन हथेलियों में छुपा, कर्मठता का सार।

रस प्लावित अंतर हुआ, चूम इन्हें  हर बार।

3


खुशबू फूलों की रची
, हर करतल में आज

इन हाथों को चूमकर, मिला प्यार का राज।

4

अधरों से था लिख दिया, करतल पर जब  प्यार।

सरस आज तक प्राण हैं, पाकर वह उपहार।

5

चूम- चूमकर मैं लिखूँ, इन हाथों में प्रीत।

रेखाएँ दमके सभी,  पाकरके मनमीत।

6

फिर से आकरके मिलो, जैसे नीर- तरंग।

उर की तृष्णा भी मिटे, भीग उठें सब अंग।

7

कहाँ लगे तुम ढूँढने, इन हाथों की रेख।

कर्मठ हाथों ने लिखे, चट्टानों पर लेख।

8

पत्थर तोड़े बिन थके, तब पी पाए नीर।

इसलिए तो जानते, क्या होती है पीर।

9

आएँ लाखों आँधियाँ, घिर आएँ  तूफान।

रुकना सीखा हैं नहीं, इतना लो तुम जान।

10

सौरभ उमड़े आँगना, पथ में हो उजियार।

आशीषों का छत्र हो, तेरे सिर हर बार।

11

तेरे सुख में साँझ है, तेरे सुख में भोर।

पीर उठे तेरे हियेम दुखते मन के छोर।

12

पता नहीं किस यक्ष ने, दिया हमें अभिशाप।

तुम्हें पुकारूँ मैं नहीं, मुझको भी न आप।।

13

रूप तुम्हारा देखके, जड़, चेतन हैरान।

उतर स्वर्ग से आ गई, बनकरके उपमान।।

Sunday, March 28, 2021

1064

 

रामेश्वर काम्बोज ‘हिमांशु’

 अंकुर फूटे आस के

मुखड़ा हुआ अबीर लाज से,


अंकुर फूटे आस के
,

जंगल में भी रंग बरसे हैं,

दहके फूल पलाश के। 

मादकता में आम डाल  की,

झुककर हुई विभोर है,

कोयल लिखती प्रेम की पाती,

बाँचे मादक भोर है। 

खुशबू गाती गीत प्यार के,

भौरों की गुंजार है ,

सरसों ने भी ली अँगड़ाई ,

पोर-पोर में प्यार है। 

मौसम पर  मादकता छाई ,

किसको अपना होश है,

धरती डूबी है मस्ती में ,

फागुन का यह जोश है।

-0-

2-फगुनिया भोर 

विभा  रश्मि 

 

सिंदूरी डिबिया 

बिखर गई

रंग गई नीला अम्बर ,

तरबूज़ की रसीली फाँक थामे 

कितना भोला - भला सा लगा 

गुलाबी कपोलों में फागुन  ।

 

आगंतुक खग -वृन्दों के झुंड

तलैया -तट के

वृक्षों की शाख़ों पे बैठ

कलरव करते  -

कानों में माधुर्य रस घोलते रहे ,

वन में घूम -घूम कर मटराया 

घुमक्कड़ पवन ।

 

उदधि की चंचल तरंगों ने

मृदुल थपकियाँ  देकर

तट के कंकड़ों 

और बलुका कणों  पर 

उत्सवी गीत लिखे 

देख सखी ! फाग सजे ।

 

'भोर' फाग की 

आत्म विभोर हो -

सूर्य से माँग लाई भाँग ।

और

हौले - हौले  चलकर 

ताँबे की थाली में 

अभ्रक-भरा गुलाल ले आई  ,

फिर ठाड़ी हो गई

वो लजीली बन ...।

 

उसकी भीगी अलकों से 

टपकती ओस -बूँदें सतरंगी

छिटककर  बिखर गईं  

उसे निरख -निरख

फागुनिया भोर मुस्का दी -

'कालिदास ' की रूपवती नायिका- सी ।

 

सिंदूरी डिबिया बिखर गई .

रंगों  की द्यूति से खिलखिला पड़ा 

नीलाभ व्योम  

सुनहरे प्रभात के कितने  ठाठ 

देख सखि - 

पछुआ  बयार  ने चँवर डुलाया  ।  

-0-

3- कमाल कर रही हो

‌‌‌संध्या झा

 


अपनी शर्तों पर जी रही हो ।

 तो और खूबसूरत लग रही हो ।

 इतना जब्त कैसे है तुम में 

 जो ये कमाल कर रही हो ।

 अपनी दुनिया खुद ही बनाई है तुमने

 और खुद ही इसे बेमिसाल कर रही हो ।

  कोई और होता तो टूट जाता ।

  पर तुम तो हर सवाल का जवाब बन गई हो।

   इतना जब्त कैसे है तुम में 

  जो यह कमाल कर रही हो ।

  तुम अनोखी हो क्या  ?

  आसमान से उतरी हो क्या ?

   जो बहुत कुछ आसान कर रही हो।

   इतना जब्त कैसे है तुम में 

    जो यह कमाल कर रही हो ।

   सूरत और सीरत दोनों पाए है तुमने 

   रास्तों से भी मंजिल का काम ले रही हो।

   इतना जब्त कैसे है तुम में 

   जो यह कमाल कर रही हो ।

  अपनी शर्तों पर जी रही हो तो 

   और खूबसूरत लग रही हो  ।।

 -0-

  फ्लैट नंबर- 203 सत्येंद्र कांपलेक्स, खाजपुरा,

 बेली रोड ,मौर्य पथ, पटना (बिहार ) 800014 

Email -sandhyajha198@Gmail

-0-

 

4-उड़ान बाकी है

 अर्चना राय

     


 राहें तो है बहुत मिल चुकी

पर मनचाही  मंज़िल पाना अभी बाकी है।

 चलना धीरे-धीरे तो सीख लिया

पर हवा से बातें  करना अभी बाकी है।

हौसलों की उड़ान बाकी है......

 

 सफलताएँ तो बहुत मिल चुकीं,

पर  मील का पत्थर मिलना बाकी है।

ख़्वाब तो पूरे बहुत हुए पर

अंतर्मन की गहराई में

 दबा सपना अभी बाकी है

 हौसलों की उड़ान बाकी है....

 

 पल पल बीत रही जिंदगी

 पर खुलकर जीना बाकी है

खुशियाँ तो हैं बहुत पर

मन का सुकून पाना बाकी है।

 पाने को मंजिल मनचाही

ज़िद पर आना बाकी है।

 हौसलों की उड़ान बाकी है.....

 

 प्रेम का रूप देखा है तुमने

 शक्ति रुप दिखाना बाकी है

 नारी कोमल है, कमज़ोर नहीं

दुनिया को दिखाना बाकी है

 हौसलों की उड़ान बाकी है......

 

 एक अध्याय गुज़र गया पर

 पूरा ग्रंथ अभी बाकी है।

 मेरा  समर्पण तो देख लिया तुमने

 पर प्रसिद्धि देखना बाकी है।

हौसलों की उडान बाकी है....

 

 माँ हूँ, बेटी हूँ, पत्नी भी हूँ

पर अपनी पहचान बनाना बाकी है

 जाने लोग मुझे मेरे दम से

 ऐसा नाम कमाना बाकी है

 हौसलों की उड़ान बाकी है......

 

 कलम हाथ में थाम तो ली है।

 पर धार लगाना बाकी है

 याद रखे दुनिया जिसको

 वह इतिहास लिखना बाकी है।

 हौसलों की उड़ान बाकी है.....

-0-

अर्चना राय, भेड़ाघाट जबलपुर( मध्य प्रदेश)

-0-