पथ के साथी

Sunday, December 6, 2020

1035

 1-मुकेश बेनिवाल

 

हर बदलाव


मुझमें ही चाहते हो
 

ख़ुद से कभी पहल नहीं करते

छोड़ देते हो

कठिन-सा सवाल समझकर

तुम मुझे कभी हल नहीं करते।

 

-0-

2- गीत-पूनम सैनी

 


मैं गिरिधर की दासी मीरा

दर्शन को बेचैन।

तुम बिन तरसे नैन।।

 

एक तो मीरा श्याम दीवानी

दूजी जग की सताई,

प्रेम तुम्हीं हो आस तुम्हीं से 

प्रभु बिन कौन सहाई

मीरा को मन मोहन वारे

मन की सुनलो बैन

तुम बिन तरसे नैन।

 

एक तो हूँ मैं अमर सुहागन

दूजी श्याम की प्यारी

तुमसे टूटके कौन से जोड़ूँ

मैं भई मोहन थारी

मीरा को मन मोहन वारे

मन की सुनलो बैन

तुम बिन तरसे नैन

-0-

3-क्षणिकाएँ

प्रीति अग्रवाल  'अनुजा'

1.


ये हवाएँ,
बड़ी मनचली हो गई हैं.....
मेरी छत के बादल,
तेरे आँगन बरसाएँ !
2.
अबला की अब भी
वही है कहानी,
आँचल में दूध...
और 

आँखों में  फिर भी पानी...!
3.
बेकरार दिल
आज फिर कह रहा-
कहीं आँखों से काजल
किसी का बहा है....।
4.
किस हाल में हैं
अब कहें भी तो क्या...,
तेरे कदमों के निशां
रेत पर ढूँढते हैं....!
5.
है लम्बा सफ़र
क्यों न आसान कर लें,
झूठे, सच्चे सही,
कुछ वादें ही कर लें...!
6.
हल्का- हल्का सही,
इश्क चढ़ने लगा...
वैद ढूँढे कोई,
कोई दवा तो बताए...!
7.
बरसते सावन का
करके बहाना...,
बड़ी फ़ुर्सत से रोए,
तुझे याद करके...!
8.
सर्दी की नर्म धूप-सी
तुम्हारी ये चाहत,
मैं मोम की नहीं...,
जाने क्यों पिघल रहीं हूँ...।
9.
भला कैसे मान लूँ
तुम मुझे भूला चुके...,
मैं झूठ कह सकती हूँ
तो क्या तुम नहीं...!
10.
वो भीगी-सी रात
फिर न लौटी कभी,
उसकी याद में चाहे
जितनी पलकें भिगो लीं..!
11
कहतें हैं जिसे इश्क
लगता है ये वही...
न आग में है आग
न पानी में नमी....!


12.
दास्तान ए इश्क
कायनात में घुले,
फिर हम ही रहें
क्यों धुले के धुले..!

-0- ई-मेल-agl.preeti22@gmail.com

Friday, December 4, 2020

1034

 1-दीपक अभी - अभी जले हैं- मीनू खरे

 

गुलाबी ठंड 

सुरमयी शाम का वक़्त

दीपक बस अभी अभी जले हैं

फ़िज़ाओं में फैली अजब सी कैफ़ियत 

रूमानियत और सिहरन

अपनी चोटी में गुँथे  

बेले के गजरे की छुअन से सिहर मैं

देखती हूँ चारों ओर 

तुम अक्षर-अक्षर आने लगते हो शब्दों में

लिखने लगती हूँ कविता 

बनने लगते हैं भावनाओं के ख़ूबसूरत महल 

मोहब्बत की ख़ूबसूरत खिड़कियों से 

झाँकते दिखते हैं कुछ अनचीन्हे अक्स

पास जाती हूँ देखने 

अक्स अदृश्य डर का है 

पाने से भी पहले 

तुम्हें खो देने का 

कविता लिख ली गई है

शाम गहराने लगी है 

दीपक अभी भी जल रहे हैं।

-0-

2- रात गई -वीरबाला काम्बोज

 

रात गई बात गई

मीठी, मीठी बाते करलें 

  आओ बैठे मिल-जुलकर 

कभी -कभी ख़्यालों में मिल।

 दुःख -सुख मिलकर बाँटे 

ख़पा न होना प्रीतम 

 चाँद न रूठे कभी 

चाँदनी से फिर क्यों दूरी।

 -0-

3- स्त्री -अर्चना राय

1

 मन के समंदर में

भावनाओं का

उठता तूफान...  

 देख दायरे अपने

आँखों की कोरों पर.. 

आते- आते..... 

 ज्वार ठहर जाता है।

2

जीवन रंगमंच पर

माँ, बेटी , बहिन, पत्नी

हर किरदार में सदा 

रही अव्वल.... 

 स्त्री!!!... 

 अपने ही किरदार में 

 क्यों?...विफल!! 

-0-अर्चना राय, भेड़ाघाट, जबलपुर (म.प्र.) 

Saturday, November 28, 2020

1033

 

1-फूल लोढ़ती साँझ

शिवानन्द सिंह 'सहयोगी'

 


नदी किनारे कुहरे से मिल

चुपके -चुपके    

शाल ओढ़ती साँझ।

 

शब्दकोश की कुंजी में धर  

अनुवादों का चंदन,

सौम्य नम्रता का अनुशीलन

श्लेषों का अभिनंदन,

वन-विद्या के खेतों में अब 

कजरी गाकर    

धान रोपती साँझ ।

 

भावभूमि की विविधाओं  का 

अभिनव अरुण विवेचन,

 स्वर सप्तक ध्वनियों से सँवरा  

लय का लयक निकेतन,

लीप पोतकर दीवारों को 

दरवाज़ों की 

धूल पोंछती साँझ।

 

जनवादी इन गलियों के कल

विकसित नये शहर में,

भूख-प्यास की दाहकता की

उठती हुई लहर में,

मन के संघर्षों से कुछ कह

गांधी आश्रम 

रुई ओटती साँझ।

 

उस घट चुके समय के गुंजित

शब्दों की हर भाषा.

ढूँढ़ रही है नवगीतों की 

नई नई परिभाषा,

कागज के पन्नों पर हँस-हँस 

धुन उपवन में 

फूल लोढ़ती साँझ ।

-0-

2-मुकेश बेनिवाल


बिछड़ने का डर है तो साथ ना माँग

तजुर्बा देते घावों से निजात ना माँग

अगर करेगा वफ़ा तो एक शख़्स ही बहुत

यूँ भीड़ करने को कायनात ना माँग

 -0-

3-चिनार बचाओ- रश्मि विभा त्रिपाठी 'रिशू'

 

 चिनार देख रहा 


विकास-विनाश की

तेज़ रफ़्तार आँधी को

अपनी तटस्थता पर

खतरा महसूस कर रहा है

इमारतें उसकी

ऊँचाई से जल रही हैं

जब्त कर हरे मैदान सारे

हक़ पेड़ों का निगल रही हैं

कितने बवण्डरों से

अब तलक बचता रहा 

मगर एक अदना- सी आरी से

अपना अस्तित्व

वह नहीं सहेज सका

आसमाँ को स्पर्श करता कद

कट गया इक झोंके में

जिसने हजारों तूफान झेले

आज धराशायी है 

सूरज सुबह

जब झुरमुटों से झाँका

चौंक पड़ा

दर्द से पड़ा कराहता पेड़

उखड़ चुकी जड़ें जमींदोज

जहाँ सदियों से वह तटस्थ था

घनी छाया लिये 

वहाँ अब

चिलचिलाती धूप के सिवाय

शेष कुछ भी नहीं बचा था 

कई हिस्सों में काटा

तोड़ा, मरोड़ा, गलाया गया

लकड़ी का रूप-रुपांतरण

कागज़ों में

वो ढाला गया

जो नन्हे पत्ते शाख से बिछड़े

दु:ख उनका क्या जाने

किसने महसूस किया

कि उसी कागज़ के एक पन्ने पर

लिख दी पीड़ा उस चिनार की-

"चिनार बचाओ!"

-0-

Wednesday, November 25, 2020

1032-चार कवितएँ



 

1-हाँ मैं नारी हूँ!
डॉ सुरंगमा  यादव


हाँ मैं नारी हूँ!
सजाऊँगी  सँवारूँगी
तेरा घर
बंदिनी होकर नहीं;

पर संगिनी बन
चाहती हूँ प्यार की छत,
पर सदियों से
जिस आसमाँ पर
तू काबिज है
उस पर भी हिस्सेदारी
चाहती हूँ ।
बरसों  से तुझे मैं
सुनती आई हूँ
अब मगर
कुछ मैं भी कहना  चाहती हूँ
तेरी तरक्की पर
मन प्राण वारूँगी!
हाँ मगर कुछ मैं भी
करना चाहती हूँ
इससे पहले
हसरतें उन्माद बन जाएँ
खुद को मौका देना चाहती हूँ ।

-0-

2-आँखें 

-मंजूषा मन

 

तुमने आँखें तरेरीं 

मैंने झुका लीं आँखें


जब तुमने दिखाईं आँखें

आँखें उठाने का साहस

खो गया मेरा,

तुम्हारी लाल आँखें देख

आँखें पड़ीं मुझे

बचने के लिए

आँख के सामने होने पर 

तुम्हारी आँखों में खटकी मैं

मैंने बिछाईं आँखें

तुम खेलते रहे

आँख मिचोली,

मेरी डबडबाई आँखें 

न देख सके तुम

और फेर लीं आँखें

मेरे इतर खूब सेकीं आँखें

धूल झोंक मेरी आँखों में

मैंने रखा तुम्हें आँखों में

पड़ा रहा पर्दा आँखों पर

पता नहीं चला

आँख का काँटा कब हुई मैं,

 

तुम्हें तो आँखों पर बैठाया

तुम्हारी आँखों से बरसे अंगारे

 आँखें तुमने फेर लीं जब

आँखें पथरा गईं मेरी 

मूँद लीं मैंने आँखें।

-0-

3-एक माँ छुटी 

संध्या झा

 


एक माँ के लिए
,एक माँ छुटी 

एक माँ के लिए, एक माँ ने दी कुर्बानी है ।

ऐ भारत माँ तेरे लिए कितनी माँओं ने 

अपनी  आँखों में सजाए पानी हैं ।

 

वो लाल मेरा एक योद्धा सा 

दुश्मन को चीर गया होगा ।

 ऐ भारत माँ तेरी धरती पर 

शत्रु को उसने पैर ना धरने दिया होगा ।

 

 तेरी आन का मेरी मान का

 भार उसके कंधों पर रहा होगा ।

 इन दोनों की खातिर वो तो 

अकेला ही हजारों से लड़ा होगा ।

 

 जब सब ने मिलकर घेरा होगा 

 सोचा होगा कि वो डर जाएगा ।

एक  सिंहिनी का पुत्र था वो 

श्वानों से कैसे हार जाएगा ।

 

शूरवीरता उसकी देखने को 

देवता भी उतर आए होंगे

 जब उसने अंतिम साँसें ली होंगी

 सुमन उसके कदमों में चढ़ाए होंगे ।

 

विजय परचम जब उसने फहराया होगा

 तो खून से वो नहाया होगा ।

तेरी मिट्टी में जब वो गिरा होगा 

तेरी मिट्टी चूम रहा होगा।

 

 वो मरा  नहीं अमर है वो

 तेरी मिट्टी में मिल कर अजर है वो 

ऐ भारत माँ तू एक बार जो बुलाएगी

 तो ना जाने कितनी माँएँ उत्साह से ।

 पानी फिर से आंखों में सजाएगी  ।।

-0-

तन्हा तन्हा/  अनिल श्रीवास्तव 'मुसाफ़िर'

 

जब याद अतीत की आती है,

जब रात क्षितिज पर छाती है,

 

जब शबनम आँसू बन जाते हैं,

तब मैं तन्हा तन्हा रो लेता हूँ.

 

 जब खामोशी शोर मचाती है,

जब सबा बदन को जलाती है,

 

जब बिछड़ों की याद आती है,

तब मैं तन्हा- तन्हा रो लेता हूँ.

 

जब बात विदित हो जाती है,

जब सत्य कथित हो जाता है,

 

जब रिश्ते कुंठित हो जाते हैं,

तब मैं तन्हा -तन्हा रो लेता हूँ.

 

जब होठों का कंपन याद आता है,

जब चंचल चितवन याद आते  हैं,

 

तब गुज़रा ठिकाना याद आता है,

मैं तन्हा- तन्हा उन में खो जाता हूँ.

 

अब बात समझ में आती है,

हम सब रंगमंच के साथी हैं,

 

अभिनय करके घर जाना है,

यह सोच सोच  हँस देता हूँ.

-0-