पथ के साथी

Wednesday, October 7, 2026

1532

 

1- हे पुरुष!/  डॉ .अंजुल चौहान 

 


 पुरुषों ने पढ़े वेद और उपनिषद्

अहम् ब्रह्मास्मि जैसे मंत्रों से 

 सुलझाया द्वैत- अद्वैत का अज्ञान

पुराण और धर्म- ग्रंथ पढ़ 

किए यज्ञ, हवनादि अनुष्ठान 

शस्त्र- विद्या में पारंगत हो

गाण्डीव ले, किया शत्रु- मर्दन

क्रोधावेश में ताण्डव नर्तन

खगोल और भूगोल से 

नाप ली ग्रहों की गति 

धरती का आकार 

सागर का विस्तार 

रामायण में हुई वाल्मीकि की साधना फलित 

भावविभोर तुलसी ने गाया रामचरित

गीता से पाया ज्ञान- कर्मयोग 

त्रिविध तापों से वियोग 

हे महा मानव !

तुम्हारी लेखनी ने किया अद्भुत सृजन 

कभी कालिदास का शाकुन्तल 

कभी भवभूति का करुण क्रन्दन

कभी-कबीर, कभी सूर की भावांजलि 

दिनकर का ओज, कभी आँसू ,कभी गीतांजलि 

हे पुरुष !

तुम नहीं पढ़ पाए 

तो 

सिर्फ  और सिर्फ

 स्त्री- मन

और 

उसमें जन्मी असीम पीड़ा

-0-

2-खंडित मूर्तियाँ/ डॉ .अंजुल चौहान 

 

खंडित मूर्तियाँ विसर्जित कर दी जाती हैं 

साँवले-  से जल में 

चिर शांति के लिए

लेकिन

कुछ अभिशप्त मूर्तियाँ दबकर रह जाती है 

मन के खंडहर में 

जीवन से दूर

और मृत्यु से वंचित 

भटकती हैं अनन्त काल तक 

मुक्ति की अंतहीन प्रतीक्षा में ।

-0- chauhananjul22@gmail.com

-0-

आत्मग्लानि / डॉ . सोनिया रिक्खी

 


 एक दिन कॉलेज के बाहर, 

इक चाय की टपरी में ,

अपने  सहयोगियों के साथ बैठे 

हम पीने को चा,

जिसमें जश्न की थी चाह ।


तभी आया इक 

10-12 वर्षीय  बालक ।

आँखो में असहजता ,

हाथों में उठाए ट्रे में 

छह गिलास चा  ।



तभी फिसली ट्रे 

और फिसली चा 

सीधी पहुँची टेबल की 

प्रमुख सीट पर बैठी

 मैडम के पैरों पर ।



परंतु उस से भी अधिक 

तेजी से इक हाथ 

हवा में लहराया,

इक जोरदार थप्पड़ 

बालक के कोमल

गाल से जा टकराया ।


सन्न थे हमारे शरीर 

और आँसुओं से 

डबडबा रही थी 

मेरी आँखें और 

उस मासूम की आँखें ।



दूसरी टेबल पर,

आस - पास बैठे 

विद्यार्थियों ने  उस मासूम 

को गले लगाया ,

चुप करवाया ।


परन्तु हमारे 

तन को

जैसे साँप 

सूँघ गया ।

थोड़ी देर बाद ही होश आया ।


मैडम आप पर 

नहीं गिरी चा।

बच्चे के कोमल मन व 

आत्मसम्मान पर गिरी थी आपकी चाह।

 

दुकानदार भौचक था

उसे ही उपदेश सुनाया

छोटे बच्चे को क्यों काम पर लगाया।



पर पढी -लिखी मैडम को 

न कोई पाठ पढ़ाया

इस आत्मग्लानि ने मुझे 

आज तक न मन का चैन दिलाया ।

कब तक हम शक्तिशाली के

समक्ष चुप रहेंगे।

अपनी ही आत्मा को कचोटते रहेंगे।

इतने वर्षों से

इस आत्मग्लानि से 

निकलने का रास्ता खोजते खोजते,

समय पर बोलने का महत्त्व 

समझ में आया।

19 comments:

  1. स्त्री के मन को पढ़ने के लिए जिस संवेदनशीलता की आवश्यकता हे, उसे पुरूषोःके पालन पोषण में उभारा ही नहीं गया है .पूर्व की तुलना में आज का पुरूष समाज अपनी कोमल भावनाएं प्रदर्शित करना सीख रहा है..कविता बेहद अच्छी है.-रीता प्रसाद

    ReplyDelete
    Replies
    1. मेरे लघु प्रयास पर आपकी उत्साह वर्धक प्रतिक्रिया के लिए हृदय से धन्यवाद 🙏🏻

      Delete
  2. बच्चों की कोमल भावनाएं कई बार पढ़े लिखे भी कहां समझ पाते हैं? यह कविता भी बहुत ही अच्छी लिखी गई है. उपरोक्त दोनों कविताएं जिन भावनात्मक जागरूकता की बात कर रही हैं उसका अभाव और उसका चिंतन ही कविता की सफलता है.- रीता प्रसाद

    ReplyDelete


  3. डॉ. अंजुल चौहान की दोनों कविताएं पुरुष-केंद्रित सृजन और स्त्री-मन की उपेक्षा का सशक्त विमर्श हैं।

    *"हे पुरुष!"* में कवयित्री बताती हैं कि पुरुष ने वेद, विज्ञान, भूगोल, साहित्य में अद्भुत सृजन किया, पर वह स्त्री-मन और उसकी असीम पीड़ा को पढ़ने में विफल रहा।

    *"खंडित मूर्तियाँ"* में वे खंडित मूर्ति के बिंब से स्त्री की नियति कहती हैं - मूर्ति विसर्जित हो जाती है, पर अभिशप्त स्त्रियाँ मन के खंडहर में जीवन-मृत्यु के बीच मुक्ति की अंतहीन प्रतीक्षा में भटकती रहती हैं। दोनों रचनाएं मार्मिक और विचारोत्तेजक हैं। डॉ वंदना शर्मा नई दिल्ली

    ReplyDelete
    Replies
    1. आपकी सारगर्भित और विश्लेषणात्मक प्रतिक्रिया के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। आपके शब्द निश्चित ही मन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करते हैं। 🙏🏻

      Delete


  4. यह आत्मकथ्यात्मक कविता है। कॉलेज के बाहर चाय की टपरी पर 10-12 साल का बालक ट्रे में छह गिलास चाय लाता है। ट्रे फिसलती है, चाय प्रमुख सीट पर बैठी मैडम के पैरों पर गिरती है और मैडम का हाथ बालक के कोमल गाल पर थप्पड़ बनकर गिरता है।

    कवयित्री का शरीर सन्न रह जाता है। चाय मैडम पर नहीं, बच्चे के कोमल मन व आत्मसम्मान पर गिरी थी। यह कविता बाल-श्रम, शक्ति के अहंकार और समय पर न बोल पाने की आत्मग्लानि का मार्मिक दस्तावेज है। डॉ वंदना शर्मा नई दिल्ली

    ReplyDelete
  5. दिल को छूने वाली कविताएँ

    ReplyDelete
    Replies
    1. बहुत बहुत धन्यवाद 🙏🏻

      Delete
  6. तीनों कविताएँ यथार्थ का चित्रण करती, गंभीर सवालों को समेटे हुए हैं! सभी रचनाएँ अतिसुन्दर एवं भावपूर्ण हैं!

    ~सादर
    अनिता ललित

    ReplyDelete

  7. ना ही कोई नारी के मन को समझ पाया और न ही वह श्राप मुक्त हो पाई है। उसकी प्रतीक्षा अभी लम्बी है।डॉ अंजुल चौहान को दिल को छू जाने वाली अभिव्यक्ति के लिए बधाई ॥ सुदर्शन रत्नाकर

    ReplyDelete
    Replies
    1. हृदय से आभार एवं धन्यवाद 🙏🏻

      Delete
  8. सोनिया रिक्शा जी को यथार्थ का चित्रण करती सुंदर कविता के लिए हार्दिक बधाई सुदर्शन रत्नाकर

    ReplyDelete
  9. This comment has been removed by the author.

    ReplyDelete
  10. डॉ अंजुल चौहान और सोनिया रिक्खी जी की रचनाएँ आपको सोचने पर विवश करती हैं ! सामान्य जीवन के बीच एक ऐसे धरातल पर ले जाती हैं ये कवितायेँ जहाँ कुछ तो सामान्य और स्वीकार्य नहीं हैं I परिवर्तन की पुकार बसी है दोनों की रचनाओं में I बढ़िया प्रस्तुति !

    ReplyDelete
  11. जी शुक्रिया 🙏🏻

    ReplyDelete
  12. Very nice 👍

    ReplyDelete
  13. Praval Pratap Singh09 October, 2026 19:03

    बहुत शानदार ✍️🥰

    ReplyDelete