पथ के साथी

Tuesday, March 23, 2021

1062-संवाद

साहित्य -संवाद  

बहन डॉ. जेन्नी शबनम, अनिल पाराशर'मासूम', शानू  पाराशर जी से 21 मार्च को इण्डियन कॉफ़ी हाउस में साल भर की  महामारी की उदासी से निकलकर खुले में पेड़ों के नीचे बैठना और साहित्य-चर्चा, एक सुखद झोंके की तरह था। बातचीत में समय कब  पंख लगाकर उड़ गया, पता ही न चला। प्रवासी मन-डॉ. जेन्नी शबनम, तीसरा पहर-रामेश्वर काम्बोज 'हिमांशु', और 'ख़्वाब क़तारों में(सम्पादक -अनिल पाराशर'मासूम') का अनौपचारिक विमोचन। कॉफ़ी का स्वाद बातचीत के साथ बहुत आनन्ददायक था। इस अवसर पर अपने सभी अन्तरंग साथियों और परिवारजन को भी याद किया। 

रामेश्वर काम्बोज 'हिमांशु'











Saturday, March 13, 2021

1061

 1-फागुन, यूँ ही ना गुज़र जाना

              डॉ.महिमा श्रीवास्तव

  सावन आया, पर प्यासा मन रह गया

 


जाड़े आए मन तपता रहा फिर भी।

बसंत भी फूल ना खिला पाया दिल के

फागुन ,बेरंग ना छोड़ जाना इस बार।

लाख निराशाओं के घेरे रहे चारों ओर

मैंने तो आशा को गाना ही तो सीखा है।

रूखे लोगों की भीड़ में सरस सरल रहूँ

ओ फागुन तू पलाश मन वन उगा जाना।

मेरे गीत मौसम की मारों से भ्रमित हों ना

मन में फाग की  गूँज बनी रहे आजीवन,

जो बिसराएँ उनको भी नेह का गुलाल भेजूँ

मैं क्यों अपने को फागुन में उदास करूँ ?

-0-

2-क्षणिकाएँ

प्रीति अग्रवाल 'अनुजा'
1.
ऐ परवाने
तू ने यूँ ही,
शम्मा को बदनाम किया...
वो तेरी ज़िद थी, जिसने
तुझे तमाम किया...!
2.

दिन हैं सर्दी के,
बस उन्हीं का
ज़िक्र होता है...
सर्द आहों से सर्द
कुछ भी,
कहाँ होता है!
3.

चाँद तारों को लाने की
ज़हमत न कर....
तेरा होना बहुत है,
मेरे हमसफ़र....!
4.

खुली किताब हूँ मैं,
मुझे पढ़ तो सही....
तुझे, तेरी कहानी
के किस्से मिलेंगे...।
5.

रुलाने में तुमने
कसर तो न की थी....
न रोने की मैंने,
कसम पर है खाई....!
6.

पाबन्दी,
मुस्कुराने पे,
लगाते हैं वो.....
उनसे पूछो,
इजाज़त,
क्या रोने की है....?
7.

खिलते हैं फूल अब भी,
महकते, पर नहीं....
जाने से तेरे, जाने क्यूँ,
वो बात अब नहीं....।
8.

सुनती हूँ अब भी मैं ही,
और, कहते हो तुम्हीं....
झनझनाते मगर दिल के,
वो तार अब नहीं.....।
9.

चाशनी में अब भी डूबी,
है ज़बां, जहान की....
जाने क्यों लुत्फ उनमें,
मिठास, अब नहीं....।
10.

यूँ तो सब वही है,
बदला तो कुछ नहीं....
हर शय में क्यों कमी है,
क्या मैं ही, बदल गई?


-0-

 

Wednesday, March 10, 2021

1060

 1-स्वप्न-पुष्प

अनिता मंडा

 

नित्य उगते सूरज के साथ पकाती रही

सोने -सी रोटियाँ

नित्य रिक्त होता रहा कुएँ जैसा पेट

फिर भी कभी उफ़ तक नहीं आई होंठों पर

आग पर रोटियाँ सेकती 

कभी भयभीत नहीं हुई आग से

पर बाक़ी थी अभी भी अग्निपरीक्षा

पंख जलाने के लिए

मन की उड़ानें बेपर हो गई।

स्वप्न-राख का भभूत तुम

माथे तो लगा सकते हो

जीवित भी कर सकोगे स्वप्न-पुष्प

जिनका मधुर पराग

मधु बन जाता।

*-0-     

 2-रश्मि विभा त्रिपाठी



 [ हरियाणा प्रदीप 10 मार्च-21]

Tuesday, March 9, 2021

1059

  1-कृष्णा वर्मा 

स्त्री

 

प्रेम से उद्वेलित हूँ


तो विष से भी हूँ लबरेज़

राग द्वेष आक्रोश

सब समाहित हैं मुझमें

यूँ न देख मुझे

नहीं हूँ 

निरीह निस्सहाय -सी

सदियों से सींच रहा है

मेरा अनुराग तेरे प्राण 

संपूर्ण हूँ स्वयं में

मैं किन्हीं दुआओं और

मन्नतों का परिणाम नहीं

और न ही किसी पीर की दरगाह के

ताबीज़ का असर हूँ

बेकद्री और मलाल से सिंचा 

बड़ा पुख़्ता वजूद हूँ मैं

ग़ज़ब की है जिजीविषा मेरी

तभी तो पी लेती हूँ सहज ही 

सारी तल्ख़ियाँ और कठोरता 

यूँ भी कड़वा कसैला पीना

किसी साधारण जन के बस की बात नहीं 

जानती हूँ समय से आँख मिलाना 

तभी तो जी लेती हूँ

लम्बी उम्र तक 

बिना किसी करवाचौथ के सहारे के।

-0-

2-ऋता शेखर 'मधु'

1

तन मन से रहे


हरदम घर में रत

तभी तो संसार में

नाम पड़ा औ-रत।

2

चकरघिन्नी देखने को

इधर उधर न झाँको

दिख जाएगी घर में ही

नजर खोलकर ताको।

3

भोर की लालिमा में

पूजा का आलोक है

महिला के जाप में

गायत्री का श्लोक है।

4

छोड़ रहा छाप है

पाँव का आलता

बिछड़न का दुःख

बेटी को सालता।

5

महिला की महिमा

ईश्वर भी जानते

शक्ति के रूप में

दुर्गा को मानते।

6

जब जब पड़ा है

त्याग का काम

पुरुषों ने कर दिए

महिलाओं के नाम।

7

जिसके आँचल पर टिकी

इस सृष्टि की आशा

लिख सका है कौन

उसकी परिभाषा।

8

जिसके आँचल में बँधी

दो कुलों की मर्यादा

माप सका न धीर कोई

राजा हो या प्यादा।

9

नारी को स्वीकार नहीं

बनना चरणों की रज

वक्त की पुकार पर वह

मुट्ठी में बाँध रही सूरज।

10

शीतल छाँव को खोजने

दुनिया सारी घूम आया

खुद को अज्ञानी समझा

जब आँचल माँ का पाया।

11

जिससे घर, घर लगता है

रखते उससे ही गिला

महिला को भी चाहिए

उसके काम का सिला।

-0-

3-परमजीत कौर 'रीत', 

   दोहे

1


पोथी में मिलती नहीं
, जीवन की हर बात  ।

चिड़िया! पढ़ना सीख ले, चहरों के हालात।।

2

चिड़िया के पर कतरके, खोल दिये सब पाश ।

बोला माली आज से, तेरा है आकाश ।।  

3

चिड़िया! चलना सँभलके, भरनी पड़े न आह ।

तलवारों की धार है, तेरी जीवन-राह ।।

4

साँकल तेरे पाँव में, दूर भले आकाश ।

अरी! चिड़कली किन्तु तू , होना नहीं निराश ।।

5

दफ्तर-घर-परिवार में, सपनों का संसार ।

धार रही हैं नारियाँ, चतुर्भुजा अवतार ।। 

5

घर बाहर की दौड़ में, छूटे एक न काम।

ढूँढ रही है मानवी,  जीवन सुबहो-शाम ।। 

-0-