बूढ़ी हो गई अम्मा
शशि पाधा
कुछ धीरे- धीरे चलती है
कदम-कदम पर रुकती है
पाँव कभी थर्राए तो
गिर न जाऊँ, सँभलती है
क्या बूढ़ी हो गई अम्मा!
बालों में चाँदी की लड़ियाँ
अँखियाँ कुछ धुंधलाई- सी
गीतों की कड़ियाँ भूल गई
बैठी चुप झुंझलाई सी
ताने बाने बुनती है
पहेली और उलझती है
क्या बूढ़ी हो गई
अम्मा!
पास-दूर के चश्मे दोनों
अभी तो रखे यहीं- कहीं
कोना-कोना छान के मारा
लौट आई फिर वहीं- कहीं
सर पर दोनों रखती है
इत-उत ढूँढा करती है
क्या बूढ़ी हो गई अम्मा!
उसने ही चलना सिखलाया
गाकर लोरी रात सुलाया
मीठी चूरी बुरकी- बुरकी
गोदी में ले रोज़ खिलाया
भूख उसे कम लगती है
थोड़ा-थोड़ा चखती है
क्या बूढ़ी हो गई अम्मा !
पीहर की बातें वह हँसकर
कितनी बार सुनाती है
कहाँ धरा चाबी का गुच्छा
अक्सर भूल ही जाती है
मन की मन में रखती है
तभी तो चुप- चुप रहती है
क्या बूढ़ी हो गई अम्मा!
सखी-सहेली तुलसी से नित
संझा को बतियाती है
भूली नहीं वह नियम पुराना
दीपक रोज़ जलाती है
पूजा, अर्चन करती है
नेम, व्रत सब रखती है
ना! बूढ़ी कैसे
अम्मा !
यादों की बँधी
पिटारी में
कितने वर्षों की निधियाँ
पर कभी कहीं खो जाती है
उसकी अपनी ही दुनिया
सुधियों में जा बसती है
अपने कल से डरती है
थोड़ी बूढ़ी हो गई अम्मा।
-0-

बहुत ही भावपूर्ण लिखा है. सच में बहुत मुश्किल और दर्दभरा होता है अपने माँ पापा को बूढा होते देखना अजीब सा डर रहता है डॉ वंदना शर्मा नई दिल्ली
ReplyDeleteमां की यादों में डुबोती यह रचना आंखों को नम कर गई.बहुत ही प्यारी अभिव्यक्ति.अब तो हमारे बच्चे हमें देख ऐसा सोचेंगे किन्तु अभी जीवन की आपाधापी में उनमें हम जैसा ठहराव कहां जो कविता के मर्म को समझेंगे.- रीता प्रसाद
ReplyDeleteबहुत ही भावपूर्ण कविता..... 🙏👏👏
ReplyDeleteखूबसूरत अहसास। माँ हर रूप में वंदनीय है। अंजू निगम
ReplyDeleteThis comment has been removed by the author.
ReplyDeleteबहुत सुंदर
ReplyDeleteवृद्धावस्था का मार्मिक और सुंदर वर्णन
ReplyDeleteहमें मम्मी की याद आ गई! बहुत अच्छा लिखा है आपने!
ReplyDeleteभावपूर्ण चित्रण ।हार्दिक बधाई आपको।
ReplyDeleteमेरी रचना को इस महत्वपूर्ण पटल पर प्रकाशित करने के लिए काम्बोज भैया का धन्यवाद । रचना की सराहना के लिए सभी मित्रों का हार्दिक आभार ।
ReplyDeleteअत्यंत हृदय स्पर्शी एवं भावपूर्ण रचना। डॉ अन्जुल चौहान
ReplyDelete