अंजू खरबंदा
सब कुछ तो बह गया...
पहाड़ों से उतरता पानी
अपने साथ
मिट्टी, पत्थर, पेड़
और कितने ही आशियाने
बहा ले गया!
किसी घर की दीवारें ढह गईं,
किसी घर की छत उड़ गई,
किसी घर का आँगन
मलबे में दब गया!
मगर देखो...
वह एक घर
अब भी अडिग खड़ा है
चारों ओर तबाही है,
पानी का सैलाब है,
मलबे का पहाड़ है,
और उसके बीच
वह चुपचाप खड़ा है!
लोग कह रहे हैं
मजबूत नींव रही होगी,
कॉलम-बीम मजबूत रहे होंगे,
पानी का बहाव
शायद दूसरी ओर मुड़ गया होगा।
हाँ...
यह सब सच हो सकता है
लेकिन
एक सच और भी तो है,
जिसे विज्ञान
शायद नाप न पाए...
कभी-कभी
ईश्वर अपनी उपस्थिति
इसी रूप में भी दिखाते हैं
जब चारों ओर
तूफ़ानी बहाव हो,
तब किसी एक छत का
यूँ सुरक्षित रह जाना
महज़ संयोग तो नहीं!
शायद किसी माँ की प्रार्थना,
शायद किसी बच्चे की दुआ,
शायद किसी बुज़ुर्ग की
मौन प्रार्थना...
कौन जाने,
किसकी दुआ ने
उस घर को थाम लिया हो!
यहाँ महसूस होता है
ईश्वर का अद्भुत चमत्कार...
प्रलय चाहे जितनी बड़ी हो,
अगर ऊपरवाला
हाथ थाम ले,
तो मलबे के समंदर में भी
एक आशियाना
सुरक्षित रह जाता है।
-0-

वाह बहुत बढ़िया। प्रचंड आस्था की जीत है। सच में ईश्वर जब किसी की प्रार्थना सुनता है तो जग को चमत्कार ही लगता है। बहुत बुरा हुआ नेपाल के साथ। हमने भी फोन में वीडियो देखी थी, कोई पूरी जिंदगी पाई पाई जोड़कर घर बनाता है और सब पानी के साथ बहा ले गया। मानवीय संवेदना का मंजर देखें जल उतरने के बाद कुछ व्यक्ति बह कर आयी लाशों से गहने उतार रहे थे। मन क्षुब्ध हो गया देखकर। कभी कभी सोचती हूं अनजान बने रहना ही अच्छा है। सब कुछ जानकर बहुत दुख होता है। डॉ वंदना शर्मा नई दिल्ली
ReplyDeleteबहुत सुंदर
ReplyDeleteबहुत अच्छी कविता है.- रीती प्रसाद
ReplyDeleteनेपाल में आई यह भीषण आपदा इतिहास की भयावह त्रासदी है। बहुत कुछ नष्ट हुआ है, प्रकृति के इस तांडव के मध्य कोई सुरक्षित रहा वह ईश्वर का चमत्कार ही है, हाँ, कभी कभी ईश्वर अपनी उपस्थिति इस रूप में भी दिखाते हैं।
ReplyDelete