पथ के साथी

Wednesday, July 5, 2023

1342

हमारा प्यार

रश्मि विभा त्रिपाठी

 


तुम मेरे कृष्ण

मैं तुम्हारी राधा

हमारा प्यार

दुनिया के लिए है

प्यार का

एक सबसे पवित्र

उदाहरण

मगर

तुम द्वारका में

मैं बरसाने में

किसी भी जमाने में

मैं तुम्हें

नहीं कर पाऊँगी वरण

पिछले जनम

जब तुम मेरे राम थे

तब भी मेरा हुआ था हरण

हम कहाँ रह सके

एक दूजे के संग- संग

मन में ही

दबी रह गई

मिलने की उमंग

जब तुम थे मेरे फरहाद

और मैं शीरीं

तो

क्या तुम्हें है याद?

हमारे बीच

तब भी तो नहीं हो सका

कोई भी प्रेम- संवाद

जब

तुम थे राँझा

मैं तुम्हारी हीर

हम एक आत्मा

दो शरीर

कहाँ

एक दूजे के गले मिलकर

हमने तृप्ति पाई

कहाँ

मिला पाई

हमें तकदीर

जब- जब तुम आए

बाँहें फैलाए

हमारी राह में

कितने तूफ़ान आए

सुनो

हम मिलेंगे

तो सिर्फ

ख्वाबों- खयालों में

तुम्हारे नाम के ही होंगे

वे सारे पल

गुजरते दिन महीने सालों में।

-0-


Tuesday, July 4, 2023

1341-संस्मरण

केरी के गोले

 अंजू खरबंदा

 


कोई दस ग्यारह बरस की रही हूँगी मैं, उस समय गैस चूल्हा नहीं हुआ करता था घरों में । होता भी होगा तो मुझे मालूम नहीं । हम लोग खाना पकाने के लिये अँगीठी का उपयोग किया करते थे । उसमें कोयले डालकर उसे जलाया जाता था।

कोयले लाने के लिए मैं भी कई बार पापा जी के साथ कोयले की टाल पर जाया करती थी। खूब बड़ा तराजू होता, जिस पर मन के हिसाब से कोयला तोला जाता । बोरी में कोयले भर कर लाते और होदी में सँभालकर रख दिया जाता । जरूरत अनुसार उसे निकाला जाता, हथौड़ी से उसके छोटे टुकड़े किए जाते और अंगीठी जलाई जाती।

बड़े बड़े कोयले खत्म होने लग जाते, तो आखिर में बच जाती केरी यानी कोयलों के बहुत ही छोटे- छोटे बारीक टुकड़े, जिन्हें जलाने में प्रयोग तो किया जाता, लेकिन कोयले के रूप में नहीं बल्कि केरी के गोलों के रूप में ।

हमारे घर के एक तरफ गली थी और दूसरी तरफ खूब खुला मैदा,न जिसके चारों ओर घर बने हुए थे । मेरी अम्मा एक पुरानी लोहे की बाल्टी में बारीक कोयलों की केरी में गोबर व तालाब की चिकनी मिट्टी को मिला कर खूब अच्छे से हिलाती । जब घोल  अच्छे से तैयार हो जाता, तो मैदान के बीचों- बीच खुली धूप वाली जगह पर इस घोल के छोटे-छोटे गोले बनाकर जमीन पर सजा दिए जाते ।

अम्मा गोले बनाने जाती तो मुझे भी आवाज लगा देती। मैं भरसक कोशिश करती छुपने की; क्योंकि मेरे जी को यह सोचकर ही कुछ होने लगता कि गोबर में हाथ डालना पड़ेगा । पर अम्मा तो अम्मा है, वह भला मुझे कैसे आसानी से छोड़ देती । मैं कितनी भी ना-नुकुर करती, वह मेरी बाँह पकड़कर ले जाती ।

शुरू-शुरू में मैं नाक- भों सिकोड़ती; पर धीरे-धीरे मुझे भी आनंद आने लगा । यह काम एक आर्टिस्ट की तरह ही किया जाता । कोयले की केरी, चिकनी मिट्टी और गोबर का सही अनुपात, अच्छे से खूब देर तक हिलाते रहना फिर गोल-गोल सुंदर-सुंदर गोले बनाना और सजाना और फिर एक दो दिन तक खूब अच्छी तरह सूख जाने पर एक कनस्तर में धीरे-धीरे सजाकर रखना ताकि वे टूटे-फूटे नहीं,सुरक्षित रहें ।

जब अँगीठी  जलाई जाती और उन गोलों को डाला जाता, तो बड़ी खुशी मिलती, छोटे भाई बहनों को कहती, “देखो ये गोले मैंने अम्मा के साथ मिलकर बनाए।”

पहले के लोग कोई भी चीज ज़ाया नहीं होने देते थे । जिन वस्तुओं को हम बेकार समझ फेंकने की सोचते, वे उनका कोई न कोई सदुपयोग सोचकर पुन: प्रयोग में ले आते, भले ही उनके पास कॉलेज की डिग्री नहीं थी; पर अनुभव की डिग्री के आगे कॉलेज की डिग्री बिलकुल फीकी है ।

-0-


Monday, July 3, 2023

1340-चार रचनाकार

 

1- प्रियंका गुप्ता

माँ होती बेटियाँ

 


बेटियाँ

जब इतनी बड़ी हो जाती हैं

कि माँ की साड़ी पहनकर

इतराने से भी आगे

अब वे माँ की आत्मा ओढ़ती हैं

तब बेटियाँ

बेटियाँ नहीं होती

वे माँ हो जाती हैं

अपनी ही माँ की

जो किसी छोटी बच्ची सी

ज़िद करने लगती हैं

अपनी ही बेटी से

खाने को, पहनने को लेकर

और अक्सर मुँह फुलाकर

जाने किस बात पर

बस लेट जाती हैं करवट बदले

उम्र उन्हें अब 

पेटकुइयाँ नहीं सोने देती 

इसलिए बस करवट लेटी

बिना जवाब दिए

किसी भी सवाल का

सिर्फ खुद जवाब चाहती हैं

ऐसे में

बेटियाँ, बेटियाँ कहाँ रह पाती हैं?

वे तो माँ हो जाती हैं

अपनी ही नन्ही मुन्नी माँ की...

-0-

2-लिली मित्रा

1-अंतहीन शुरूआत

  

 तुम
क्या खत्म कर देना चाहते हो
?

हमारे बीच जो है

वो तो शुरू ही होता है

खत्म होने के बाद

तो ऐसा है

सुनो मेरी बात

आओ पहले जो खत्म होने

वाला है उसे खत्म करें,

ये रात खत्म होती हैं

और उसके बाद

जो दिन शुरू होता है

वो भी खत्म हो जाता है

रोज़ाना यही चक्र

घूमता रहता है

हम इस चक्र के साथ

थोड़े ही घूम -घूमकर

रोज़ एक दिन

और रोज़ एक रात

खत्म करेंगे..

कुछ समझे? या नहीं?

हम तो शुरू होंगे

इस 'खत्मचक्र' के

खत्म होने के बाद

क्योंकि-

उस शुरू का उद्गम शून्य में

होता है,

और मुझे ऐसा लगता है

शून्य में सब कुछ

अंतहीन होता है...

-0-

2-झूठे ख़्वाब

  

देखूँ तुम्हें छूकर

करीब से 'झूठे-ख़्वाबो'!

पलकों पर सजा देते हो

झिलमिलाते अनगिनत

सितारों के मखमली अहसासी-शामियाने

जिनकी क्षणिक चकाचौंध से

भरमा जाता है यह 'मूढमन'

भूलकर चिलचिलाती धूप

जीवन की

झूम जाता है दोलायमान मन…

-0-

3-विपश्यना

 

सब धुल कर बह जाना है-

धूप आएगी...

फिर बादल बनेंगे...

फिर बारिशें उतरेंगीं...

ठहरेगा क्या ?

धुलकर बह जाना?

धूप का आना?

या

बादल बन जाना?

 

सवाल किए जाएँ?

या एक जोड़ी आँखें चिपका ली जाएँ,

हर बात का होकर गुज़र जाना देखने के लिए?

या फिर

जज़्ब करने के हुनर को धार दी जाए?

 

पर शायद ठहरेगा कुछ नहीं

सब बह जाएगा

ना आस रखिए ,ना प्यास रखिए

एक जोड़ी आँखें चिपकाए रखिए

 

स्वयं को बहाव संग बहाते हुए,

धूप में सुखाते हुए

बारिश में भीगते हुए

देखते रहिए-

बनते हुए..

बिखरते हुए..

धुलते हुए।

-0-

3-पूनम सैनी

1- गुलाब 

 


कोमल मुलायम पंखुड़ियों की तरह

भीनी सी महक लिये,

आँखों की शान्ति और दिल का सुकून।

वो फूल है;

मगर गुलाब का।

समेटे है चुभन, टीस, दर्द।

जब-जब चाह रखोगे छूने की उसे

वह उड़ेल देगा तुम्हारे अंदर-

अपनी चुभन, टीस, दर्द

अपने काँटों के स्पर्श से।

छीन लेगा शान्ति,सुकून।

मगर फिर देख लेना तुम

उसकी कोमल,मुलायम,महक वाली 

पंखुड़ियों की तरफ

जो घिरी है उन्हीं काँटों से।

छोड़ चल देना उन्हीं के बीच

या थोड़ी सी सावधानी,थोड़ा प्यार,थोड़ा एतबार,

बना देगा खास

तुम्हारे संग उसे।

सीख लेना तुम भी

काँटों में महकना।

समझना उसकी विवशता 

और विवशता में साहस

फेंक ना देना

हो जाना उसी के तुम;

क्योंकि

फूल है वह, मगर गुलाब का

2

दर्द की बस्ती

हम भी दर्द की बस्ती में मकान रखते है,

यूँ ही थोड़ी मुस्कुराहटों से पहचान रखते है।

नकाबों के कारोबार में हमारा भी निवेश है;

लोग कहते है कि हम प्यारी मुस्कान रखते है।

आमदनी तजुर्बों की और खर्चा प्यार का;

सुख दुःख को हम सदा मेहमान रखते है।

उसके साए में महफूज़ हर शाम,हर सहर,

रहम नज़र सभी पर मेरे भगवान रखते है।

 -0-

4-डॉ.आशा पाण्डेय

 1-आँसू और सागर                                  

 


हे उदधि, जलधि, हे महाधीर !

         तुम हो अगाध, मैं अल्पनीर ।

तुम खारे जल की महाराशि,

        मैं खारे जल की चंद बूंद ।

तुम गरज रहे निज गौरव पर,

        मैं मिटता तट पर आँख मूंद ।

हे उदधि, जलधि, हे महाधीर !

       तुम हो अगाध, मैं अल्पनीर ।

तुम गहरे हो गंभीर जलधि,

      मैं गहरे दुःख से बहता हूँ ।

तुम युग-युग से आप्लावित हो,

     मैं मिटकर जीवित रहता हूँ ।

हे उदधि, जलधि, हे महाधीर !

     तुम हो अगाध, मैं अल्पनीर ।

तेरी लहरों का कालनृत्य,

     लेता है सुख को तुरत छीन ।

मैं हाहाकार मचाकर भी,

    बहता नयनों से मौन धीर ।

हे उदधि, जलधि, हे महाधीर !

    तुम हो अगाध, मैं अल्पनीर ।

तुम उमड़ो तो जीवन ले लो,

      मैं उमड़ूँ तो दुःख हो व्यतीत ।

तुम शीतल लगते हो केवल,

     मैं लेता सबका हृदय जीत ।

हे उदधि,जलधि, हे महाधीर !

    तुम हो अगाध मैं अल्पनीर ।

तुम रत्न भरे रत्नाकर हो,

    बस इसी गर्व से रहे फूल !

समृद्धि नहीं जोड़े दिल को,

    इसको तुम शायद रहे भूल ।

हे उदधि, जलधि, हे महाधीर !

    तुम हो अगाध, मैं अल्पनीर ।

तुम मोती माणिक देते हो,

     कारण इतना ही ! रहे झूम ।

मैं प्रेम रत्न से ओत-प्रोत,

     लेता हूँ सबके अधर चूम ।

हे उदधि, जलधि, हे महाधीर !

     तुम हो अगाध मैं अल्पनीर ।

तेरा मेरा निर्माण सहज,

     होता है केवल पानी से ।

पर तुमसे सब भय खाते हैं,

   फिर प्रीति बढ़ाते हैं मुझसे ।

हे उदधि, जलधि, हे महाधीर !

    तुम हो अगाध मैं अल्पनीर ।

-0-

2-योद्धा

 

मैंने फेंक दी है कचरे के डिब्बे में

कुछ शीशियाँ ,

प्लास्टिक के टूटे पुराने डिब्बे ,

पन्नियाँ ,

बच्चों के टूटे  ।

मेरी तरह मेरे पड़ोसी ने भी फेंक दिया है

टूटे डिब्बों और फूटी शीशियों को

कूड़ेदान में,

भर गया है कूड़ेदान

हमारे मोहल्ले के अटालों से ।

कंधे पर  बोरी लटकाए

चिंदियां बीननेवाला वह व्यक्ति

खुश हो गया है

भरे कूड़ेदान को देखकर

जैसे भगवान् ने दिया है

आज उसे छप्पर फाड़के ।

 

वह फैलाता है अपनी बोरी

और चुन-चुन कर डालता है उसमें

फूटे डिब्बे, टूटे ढक्कन गन्दी पन्नियाँ ।

इस चुनने में उसके हाथ में आती हैं

 सड़ी चीजें

जिसकी गंध से भर जाती है उसकी नाक

पर उसे मलाल नहीं

इन गन्दी चीजों के हाथ में आने का ।

वह टांग लेता है अपने कंधे पर

भरी हुई बोरी

बड़े यत्न से

और चलता है झूमकर

योद्धा की तरह

ख़ुशी फैली है उसके चेहरे पर

अब वह पराजित करेगा

पूरे दो दिन तक

भूख को ।

-0-

Sunday, July 2, 2023

1339-चार रचनाकार

 

1- शशि पाधा

मन से संवाद

 


दर्पण ने पूछा

   **

दर्पण ने पूछा  ---

कहाँ  झाँकते हो ?

किसे ढूँढते  हो ?

 

मुझे  चुप देख

हँस  कर कहा ---

तुम तो वही हो

फ़र्क  बस  इतना

कल तक आदमकद थे

आज बौने हो गये

 

परछाईं ने पूछा ------

किसे ढूँढते  हो ?

किसे नापते हो ?

मुझे चुप देख

हँस  कर कहा ---

तुम तो वही हो

फ़र्क बस इतना

कल तक थे पूरे

आज पौने हो गए

 

जग  ने  कहा  ---

क्या सोचते हो

क्या तोलते हो

मुझे चुप देख

हँस कर कहा

तुम  तो वही हो

फ़र्क बस इतना

कल तक बड़े थे

आज छौने हो गये

चाबी भरे तुम

खिलौने हो गये

-0-

2-डॉ. शिप्रा मिश्रा


1

चले गए

सब चले गए

जाने दो चले गए

अच्छा हुआ चले गए

क्या करना जो चले गए

 

अब मैं आराम से खाऊँगी

अपने हिस्से की रोटी

पहले तो एक ही रोटी के

हुआ करते थे कई-कई टुकड़े

 जाने दो चले गए

बहुत अच्छा है चले गए

 

उनके पोतड़े धोते- धोते

घिस गईं थीं मेरी ऊँगलियाँ

अब तो इन उँगलियों पर

जी भर के करूँगी नाज

 चले गए तो चले गए

 

पूरे बिस्तर पर सोऊंँगी अकेली

अब गीले- सूखे का झंझट न होगा

आराम से पसर कर बदलूँगी

सारी रात सुकून चैन की करवटें

 जाने दो जो चले गए

 

बनाऊँगी ढेर सारी पकौड़ियाँ

और रोज एक नया पकवान

जो खा न पाए थे अब तक

बचते ही न थे थोड़े से भी

 चले गए जाने दो

 

और हाँ..सिला लेंगे एक सुन्दर सी

मखमली जाकिट फूलों वाली

और पैरों के पाजेब भी

छमकती रहेंगे घुँघरू मेरे पाँव में

 चले गए जाने दो चले गए

 

कह देना कभी लौट आएँ तो

इसी चौखट पर काटना है उन्हें भी

अपने हिस्से का वानप्रस्थ

जहाँ वे छोड़ गए हैं अपनी बूढ़ी माँ को

 चले गए जाने दो चले गए

 

इसी चौखट पर नरकंकाल बन

अगोरती रहूँगी अपने पड़पोतों को

मेरी आँखों को तृप्त करने कभी तो आएँगे

उस दिन मेरी एक नहीं कई आँखे होंगी

 चले गए तो चले गए

 

नहीं मिलेंगी तब उनके हिस्से की लकड़ियाँ

ना उन्हें वन मिलेंगे जिसे छोड़ गए

सूखने, मुरझाने, जलने, मरने के लिए

मिलेंगे केवल आच्छादित बरगद की शाखाएँ

 चले गए जाने दो चले गए

-0-

 2- अनारक्षित डिब्बा

 

भीड़ में जैसे -तैसे

स्वयं को ढकेलती

बेटे की पकड़े उँगलियाँ

और बिटिया को

गोद में थामे,

दूसरे हाथ से

चेन की जगह

सेफ्टीपिन लगे

चार- चार बैगों को

लगभग घसीटते

भारत की एक

तथाकथित

शिक्षित, सशक्त महिला

अपने जीर्ण-शीर्ण

अस्तित्व को तलाशते

एक अनारक्षित डिब्बे में

अकेली जूझ रही थी

 

न आगे बढ़ने की

कोई गुंजाइश

न पीछे उतरने का

अप्रत्याशित विकल्प

 

पीछे से लगातार

दारू से भभकते बदबू

और पसीने में सने

एक बुजुर्ग का

ब्लाउज की पीठ पर

खुरदरी उँगलियों से

दिल का निशान बनाना

उसके दिल-दिमाग में

निशान के साथ -साथ

एक ख़ौफनाक मंजर भी

आँखों के सामने

उभर आता है..

 

जलती निगाहों से

पीछे मुड़कर देखा उसने -

"क्या बदतमीजी है!"

लेकिन

उस बुजुर्ग की आँखों में

शर्म के बदले

एक वीभत्स नंगापन ही

तैरता नज़र आया

 

भीड़ में धक्के खाती

जैसे-तैसे थकी- हारी

बर्थ के पास पहुँची

सज्ज-न से दिखने वाले

एक व्यक्ति ने

स्वयं खड़े होकर

बच्ची के साथ उसे

बैठ जाने का इशारा किया

उसके पत्थर जैसे

भारी कलेजे में

थोड़ी राहत-सी हुई

और

मन ही मन उसने

उदार सज्जन को

धन्यवाद दिया

 

अगला स्टेशन आते ही

उतरे कुछ लोग

धक्का - मुक्की, ठेलमठेल

कम हुई थोड़ी

खड़े सज्जन को भी

निश्चिंत होकर

बैठने की थोड़ी-सी

जगह मिल गई

 

बैठे लोगों में

छिड़ चली थी एक

निठल्ली तर्कहीन

राजनीतिक बहस

उदार सज्जन भी

अपने अधजल

राजनीतिक ज्ञान को

छलकने से रोक न सके

 

ट्रेन पूरी रफ्तार से

चल पड़ी थी

कुछ देर बाद ही

महिला ने महसूस किया

एक अनधिकृत स्पर्श

और ढेरों चिकोटियाँ

उदार सज्जन शायद

अपनी उदारता का

कुछ मोल चाहते थे;

लेकिन

महिला को यह मोल

स्वीकार्य नहीं हुआ

यहाँ क्रिया के बराबर

और उसके विपरीत

अगणित प्रतिक्रियाएँ

तमतमाहट के साथ हुईं

बाकी लोग भी

अनायास चौकन्ने हो गए

पूरे डिब्बे में

एक अजीब सा सन्नाटा

धुँधलके की तरह

कुछ देर तक छाया रहा

 

उदार सज्जन

अपना तिरस्कार

झेल नहीं सके

और..

अगला स्टेशन आते ही

लपककर नीचे उतर गए

जैसे किसी थानेदार ने

उनकी चोरी पकड़ ली हो

 

गंतव्य आते ही

तथाकथित

शिक्षित, सशक्त महिला

देश के स्वर्णिम भविष्य की

उँगलियाँ पकड़े,

अंक में मातृशक्ति को

सुरक्षित, संरक्षित करते हुए

श्रम संचित पूँजी वाले

सेफ्टीपिन लगे बैग

बेरहमी से घसीटते

रिक्शे की तलाश में

भीषण गर्मी और धूप में

तर-बतर, पस्त-त्रस्त

बढ़ी जा रही थी

 

उसे मालूम है कि

यूँ ही परिक्रमा

करती रहेगी सदियों तक

पौरुष- सम्पन्न वर्चस्व

और व्यवस्था की..

 

महिला सशक्तीकरण का

इससे बेहतर उदाहरण

भला और क्या हो सकता है!

-0-

3-हरदी गुरदी / डॉ.जेन्नी शबनम

 


 

 

कभी-कभी जी चाहता है  

इतना जिऊँ इतना जिऊँ इतना जिऊँ

कि ज़िन्दगी कहे-

अब बस! थक गई! अब और नहीं जी सकती!

हरदी गुरदी! हरदी गुरदी! हरदी गुरदी!

पर सोचती हूँ

मैं ज़िन्दा भी हूँ क्या?

जो इतना जिऊँ इतना जिऊँ इतना जिऊँ

क्यों जियूँ, कैसे जियूँ, कितना जियूँ?

मैं तो कब की मर चुकी

कभी भाला कभी तीर व तलवार से

सदियों सदियों सदियों से

अभी तेज़ाब आग बलात्कार और चुन्नी के फन्दों से

इसी सदी में इसी सदी में इसी सदी में

आज खून से लथपथ चीख रही हूँ

अभी अभी अभी

न तब किसी ने सुना न देखा न जाना

न अब।

 

दिन महीने साल व सदियाँ

आपस में कानाफूसी करते रहते-

ये ज़िन्दा क्यों रहती है?

ये मरकर हर बार जी क्यों जाती है?

मौत इसको छूकर लौट क्यों आती है

ये औरतें भी न अजीब चीज़ हैं

कितना भी मारो

जीना नहीं छोड़ती।

सोचती हूँ

मैं हँसती हूँ तो प्रश्न

प्रेम करती हूँ तो प्रश्न

अकेलेपन को भोगती हूँ तो प्रश्न

आबरू बचाने के लिए जूझती हूँ तो प्रश्न

हिम्मत दिखाती हूँ तो प्रश्न

हार जाती हूँ तो प्रश्न

अधिकार माँगती हूँ तो प्रश्न

प्रश्न प्रश्न प्रश्न।

उफ!

मेरी ज़ात ज़िन्दा है

यह प्रश्न है

बहुत बहुत बहुत जीना चाहती

यह भी प्रश्न है।

प्रश्नों से घिरी मैं

इतना इतना इतना जिऊँगी

कि ज़िन्दगी कहे-

जीना सीखो इससे

फिर कभी न कहना-

हरदी गुरदी! हरदी गुरदी! हरदी गुरदी!

-0-

4--भावना सक्सैना

 


उनके पास कैंचियाँ थी

आदर्शों, अपेक्षाओं की

कतर दी जाती थीं जिससे

उभरती-पनपती इच्छाएं,

मन के हौसले

और उड़ान...

कि ढलना चाहिए सांचों में

तय मानकों के अनुरूप।

 

अलग-अलग

खूबसूरत कैंचियां

रंग-बिरंगी

प्रेम की, ममता की

कुछ अनुभव की

नक्काशीदार...

छाँटती कुछ ख्वाब

और ख्वाहिशें सारी।

 

पांव के नीचे आती,

वांछाओं, कामनाओं की

कतरनों पर पाँव धरती

कदम दर कदम बढ़ती

कतरे जाने की

इतनी आदी हो गई

कि कब एक कैंची

ले ली अपने हाथ

वो जान ही न पाई!

 

और अब बरसों से

अपने ही आप

कतर रही है

अपने पंख,

अपनी परवाज़

कभी इस कारण

कभी उस कारण

औरों की खुशी को

बनाकर अपनी खुशी

तोलती अपना अस्तित्व

कतरा-कतरा कतरा हुआ...

प्राकृत की कतरन सा

छोटा बहुत छोटा...

-0-