पथ के साथी

Tuesday, May 19, 2020

988


 [ पिछले कुछ दिनों से मैं  कोविड 19  के  कारण एक क्वारेंटाइन सैंटर पर  कार्यरत हूँ । अन्य कोरोना वारियर्स की तरह वर्तमान हालात का सामना करते हुए मन में जो भाव उपजे उनसे जो गीत रचना हुई है वह सादर प्रेषित है।]
-परमजीत कौर 'रीत'

एक आहुति अपनी भी है

महासमर के महायज्ञ में
कण-कण अपना तोल रहीं हैं
एक आहुति अपनी भी है
सब समिधाएँ बोल रही हैं

वन में अब भी शिखी नाचते!
वहाँ भला देखेगा कौन
कोयल को आदेश मिला तो
पावस में तज डाला मौन
और जिजीविषा की चिड़ियाँ 
ये सभी रहस्य खोल रहीं हैं
एक आहुति अपनी भी है
 सब समिधाएँ बोल रही हैं
महासमर के महायज्ञ में
कण-कण अपना तोल रहीं हैं


दावानल का यह समय तो
निज से ऊपर उठने का है
रे ! हिम-पंछी वृक्ष के हित में
अवसर आज पिघलने का है
तो क्या, जो समकाली सिन्धु में 
मन नौकाएँ डोल रहीं हैं
एक आहुति अपनी भी है
 सब समिधाएँ बोल रही हैं
महासमर के महायज्ञ में
कण-कण अपना तोल रहीं हैं
-0-श्री गंगानगर

Monday, May 18, 2020

987


सत्या शर्मा ' कीर्ति '


हाँ , देखा है मैंने भी एक स्वप्न
किताबों से  भरी एक 
आलमारी हो
जिसके जिल्दों पर 
लिखे हों मेरे नाम के अक्षर
अंदर पन्नो पर सजे हों
जीवन - मृत्यु के गीत
जीत - हार के गीत

जिसमें 
समाज का संघर्ष भी हों
परिवर्तन की उम्मीद भी हों
भविष्य के सपने भी हों
कुछ मेरे अपने भी हों
कुछ रास्ते के पते भी हों
कुछ जीवन के सन्देश भी हों
हाँ , देखा है मैंने भी
इक खूबसूरत सपना

पर ! मेरी कविताओ ! 
क्या तुम तैयार हो ?
क्या शब्द बन रहे हैं सार्थक
क्या लेखनी ले रही है करवट
हाँ , कविता आज तुम बोलो
मौन न रहो 
क्या समाज को गति दे पाओगी तुम ?
क्या विचारों की क्रांति ला पाओगी तुम ?
दे सकोगी सूखे ओंठों पर खुशियाँ
हर सकोगी व्यथित हृदय की पीड़ा
क्या तख़्त के डर तो नहीं जाओगी
क्या सच्चाई का दामन थाम आगे बढ़ पाओगी

बोलो कविता यूँ मौन न रहो
यह वक्त है परिवर्तन का
एक पुनर्जागरण का
लेना होगा तुम्हें भी 
नया रूप 
सिर्फ बगीचों के बीच 
नदियों के बीच 
पहाड़ों की तलहटी के नीचे
मत ढूँढना तुम गीत

देखो आँखों की कोरों पर
ढलती बूँदों को
रास्ते पर चलते नहीं थकते 
पैरों को

बोलो कविता तुम तैयार हो

मुझे संग्रह की जल्दी नहीं
मुझे तुम्हारा साथ चाहिए
पन्नो में नया इतिहास चाहिए
बदलाब की बयार चाहिए।।

अब तो बोलो कविता 
क्या तुम तैयार हो....???

12- 6 - 20

Monday, May 11, 2020

986


1-क्यों कर ऐसे काम कर रहे?
डॉ. शैलजा सक्सेना

मन से जो मजबूर हो रहे,
तन को वे बीमार करेंगे।

पाँव नहीं जिनके काबू में
चौराहों पर जा निकलेंगे,
घर पर अनचाही बीमारी,
रोग, शोक को ये लाएँगे।
दीवारों से झगडा करके
गलियों से दोस्ती कर रहे,
मन को समझा, देख आँकड़े!
बीमारों को देख न समझॆ,
भूखे कोरोना-गिद्धों को
अपना जीवन दान करेंगे।

हाँ, ये पेट बड़ा भूखा है
घर पर फाका तीन दिनों से,
लेकिन क्या घर के बाहर
काम कहीं कुछ मिल पाएगा?
जाकर बोलो दारोगा से
शायद राशन मिल जाएगा,
सवा अरब की भीड़-भाड़ में
जागेंगे भूखे भी अनगिन,
लेकिन घर से बाहर जाकर
क्या घर वापस फिर आएगा?
अपनी नासमझी से ही क्या
शहर को हम श्मशान करेंगे?

अल्लाह क्या बस एक ठौर है?
देव बसे क्या केवल मंदिर?
एक अकेला तू ही क्या यों
पुण्य कमा लेगा सब अंतिम?
सब ही तो रीते, खोए से
पर यह युद्ध चल रहा अभी तक,
घात कठिन इस मृत्यु दौर की
लाशों पर लाशें हैं स्थापित,
अंतिम बार परिवार न देखा
लाखों बन कर गए अपरिचित,
खुद को नहीं सँभाला हमने
देश को भी हैरान करेंगे?

-0-

2-पुकार
डॉ. शैलजा सक्सेना

तुम को पुकारती हूँ मैं,
तुम को पुकारती हूँ मैं जैसे
भूख पुकारती है भोजन को,
प्यास पुकारती है पानी को,
दारिद्र्य पुकारता है वैभव को,
ठिठुरन पुकारती है आग को,
निर्बल पुकारता है शक्ति को॥
मैं तुम्हें पुकारती हूँ…
मैं तुम्हें पुकारती हूँ ऐसे, जैसे
रोगी पुकारता है स्वास्थ्य को,
बेचैन पुकारता है चैन को,
रात पुकारती है नींद को,
मन पुकारता है अनुराग को,
बुद्धि पुकारती है युक्ति को।
मैं तुम्हें पुकारती हूँ..
मैं तुम्हें पुकारती हूँ जैसे
मिट्टी पुकारती है बीज को,
खेत पुकारते हैं बादल को,
पगडंडी पुकारती है राही को,
कुँआ पुकारता है को,
चूल्हा पुकारता है आग को

बंधन पुकारता है मुक्ति को।
मैं तुम्हें पुकारती हूँ..
मैं तुम्हें पुकारती हूँ जैसे
आँसू पुकारते हैं साँत्वना को,
पाँव पुकारते हैं गति को
गला पुकारता है ध्वनि को,
बच्चा पुकारता है माँ को,
वैधव्य पुकारता है सुहाग को,
जैसे मुक्ति पुकारती है भक्ति को।
मैं तुम्हें पुकारती हूँ।

-0-
2- मेरी माँ
सत्या शर्मा ' कीर्ति '

आज अचानक जब कहा 
मेरी माँ ने मुझसे- 
‘लिखो  ना मेरे  ऊपर भी कोई कविता’
और फिर ध्यान से  देखा मैंने माँ को आज कई दिनों बाद ।

अरे ! चौंक सी गई मैं 
माँ कब  बूढ़ी हो गई ?
सौंदर्य से  दमकता उनका
वो चेहरा जाने कब ढँक गया झुर्रियों से

माँ के सुंदर लम्बे काले बाल 
कब हो गए सफेद 
कब माँ के मजबूत कंधे 
झुक से गए समय की बोझ से।

अचंभित हूँ मैं ...

ढूँढती रही मैं नदियों , पहाड़ों ,
बगीचों में कविता और अपनी माँ
मेरे ही आँखों के सामने होती रही बूढ़ी।

भागती रही भावों की खोज में
खोजती रही संवेदनाएँ
पर देख नहीं पाई जब 
प्रकृति खींच रही थी 
माँ के जिस्म पर अनेक रेखाएं ..

सिकुड़ती जा रही थी माँ 
तन से और मन से
और मैं ढूँढ रही थी प्रकृति में
अपनी लेखनी के लिए शब्द ।

जब बूढी आँखे और थरथराते हाथों से
जाने कितने आशीष लुटा रही थी माँ ।
तब मैं दूसरों के मनोभावों में  ढूँढ रही थी कविता ।
और इसी बीच
 जाने कब
मेरे और मेरी कविता के बीच बूढ़ी हो गई माँ ।
--0--

Sunday, May 10, 2020

985- ओस कणों सी पावन, माँ

                      बी.एल.आच्छा

घट्टी की घम्मर में जो
  गोद सुलाए ,माँ
  निंदिया के झूले में जो 
   गीत सुनाए, माँ।

लाडेसर की किलकारी से 
रूह मचल जाए, माँ
जैसे लहरों में चमक गई हो
सूर्य किरण -सी ,माँ।

कच्ची पहली में जाने पर 
तिलक लगाए ,माँ
गुड़ और दही खिलाकर 
जीवन की राह बनाए, माँ।

धड़के दिल भी हुलसे मन भी 
पर जब बच्चा घर आ जाए 
छाती से लग जाए ,माँ।
भारी बस्ता, होमवर्क में
साथी- सी बन जाए, माँ। 

आँख पिता की बच्चा देखे
कनखी से समझाए ,माँ
हलवे से लेकर पिज्जा तक 
बच्चे को लालच दे जाए, माँ।

कभी मनौती ,कभी चुनौती 
रंभाती गौ की वाणी में 
देवल- देवल जाए, माँ।
तपती नन्नू की काया से
आँखें तर हो जाए ,माँ।
फिर बच्चे की देख-रेख में
पिघल मोम हो जाए, माँ।

बेटे को घोड़ी चढ़वाकर
या बेटी के हथलेवे में 
छाती से भर जाए, माँ
आशीषों के गीत गवाकर 
कुमकुम पाँव सजाती, माँ।

कंधे पर से पार निकलते
मोटे -मोटे पोथों से सन्नाते
देर रात पढ़ते बच्चों को 
चुपचाप दूध दे जाए, माँ।
पोथी का व्याकरण छोड़
दिल की ग्रामर में खो जाए ,माँ।

पंछी जब युगल हो जाते
अलग अपार्ट में उड़ जाते
तब भी तीज त्योहारों पर 
लपसी ,खीर पहुँचाती, माँ।

ऊँची रैंक विदेशी ऑफर 
भीतर से भर जाती ,माँ।
पर विदेश जाते बच्चे को
देख  विकल हो जाती ,माँ।
शुभ संख्या में रुपये देकर
राहें आसान बनाती ,माँ।

नटखट बचपन की स्नेह नियंता
  बच्चों के जीवन की अभियंता
पंखों में ऊर्जा भर कर 
आकाश उड़ाती प्यारी, माँ
नीचे गिर जाने के डर से 
अपना पल्लू फैलाती, माँ।

कोमल धरती, निर्मल गंगा 
मधुरा भक्ति, सृजन की शक्ति 
ओस कणों सी पावक, माँ।
-0-बी.एल.आच्छा,B.L.Achha,36, Clements Street,Behind Saravana Stores,Puruswakam
Chennai (T.N.)-600007
Mob.9425083335
-0-

Saturday, May 9, 2020

984


1-इन दिनों
मंजूषा मन

इन दिनों 
हवा कुछ अधिक झूम रही है
किसी महँगे परफ्यूम में भी नहीं है ऐसी महक
जिस महक से महमहा रही है हवा।

इन दिनों
आसमान के अंतिम कोने में
लटका सबसे छोटा तारा भी
चमक रहा है अपनी पूरी चमक से,
कुछ अधिक ही जगमगा रहा है
चाँद 

इन दिनों
चिड़ियों की चहचहाहट में
साफ सुनाई देने लगे हैं
इनके गीत,
पेड़ों की कोटर से निकल
रंग बिरंगे पंछी 
अठखेलियाँ करने लगे हैं 
इस डाल से उस डाल।

इन दिनों
बीच सड़क पर
ऊँघ रहे 
शहर के सभी पशु 
कुचले जाने के डर से मुक्त।

इन दिनों
धरती ले रही है साँसें
शुद्ध साफ हवा में।

इन दिनों
लहलहा रहे हैं पड़े
मिल रही है पूरी ऑक्सीजन
पत्तियों को 
प्रकाश संश्लेषण के लिए,

इन दिनों
आदमी बन्द है घरों में
नहीं देख पा रहा 
प्रकृति के निखरे रंग,

इन दिनों
सहमा हुआ है आदमी
डर रहा है आदमी से,

इन दिनों
घर में रह
आदमी कर रहा है दुआ
जीवित बचे रहने की।
-0-
2-मुकेश बेनिवाल
1
कल रफ़्तार से शिकवा था
आज ठहरने से शिकायत है
हर वक़्त जिन्दगी से गिला
कहाँ तक जायज़ है…....
2

सोचा नहीं था 
कि मुलाकातें .....
इतनी महँगी हो जाएँगी
अपनी एवज़ में
जिन्दगी माँगने लगेंगी।
-0-
- मुकेश बेनिवालmukeshbeniwal94415@gmail.com

-0-
3-बिखराव
सत्या शर्मा ' कीर्ति '

बिखरी पड़ी थी
पटरियों पर रोटियाँ
अनाथ -सी
पर कहीं नहीं था कोई अपने गमछे में 
छुपा कर 
सहेजने बाला
नहीं था  
दो वक्त की उसकी जुगाड़ में पूरे परिवार को छोड़ 
हाड़ तोड़ मेहनत करने बाला

नहीं था अब कोई मीलों चलकर घर पहुँचने बाला

हाँ , यह तो
बुद्ध पूर्णिमा की रात की गोद से निकलती सुबह थी

आकाश अब भी भरा था सोलह कलाओं  से युक्त
चमकते चाँद की  अद्भुत चाँदनी से

या सभी मजदूर
अनवरत चलते - चलते गहन ज्ञान की प्राप्ति कर
बोधिसत्व को प्राप्त हो गए।

पर इस अनचाही हत्या का गवाह चाँद क्यों बादलों में मुह छुपाए बैठा रहा ?

क्यों नहीं नन्हा सूरज जल उठा देख भयावह मंजर ?

बुद्ध क्यों नहीं जाग गए 
बिखरी रोटियों के चीत्कार से 

आकाश का कलेजा क्यों नहीं काँप गया ? 

रोटियों के आँसू बार - बार पूछ रहे हैं अनेकों सवाल

हाँ ,सिसक रही हैं रोटियाँ
क्योंकि वो जानती हैं इन मजदूरों की नजर में अपनी इज्ज़त
रोटियाँ जानती हैं उन्हें पाने के लिए मजदूरों के अथक मेहनत
रोटियाँ पहचानती है अपने प्रेमी को
आज सच में विधवा 
हो गयी रोटियाँ 
पर इनकी सुबकियों की गूँज दूर तक 
पीछा करती रहेगी 
मेरा , तुम्हारा
हम सभी का
--0--