पथ के साथी

Tuesday, November 1, 2016

685



1-आई दिवाली –
पुष्पा मेहरा  
       
  आई दिवाली
  श्रद्धा–मन्दिर में       
  पधारे श्री लक्ष्मी-गणेश जी            
  दीये हमने जलाए
  प्रेम और विश्वास के,                      
  बाती हमने जगाई
  तप और त्याग की,
  लड़ियाँ हमने लगाईं    
     भाव शृंगार की ।
                
  आई दिवाली
  रँगोली हमने सजाई
  आस्था–संस्कार की,                               
  रोशन हुआ चौबारा
  धुन बजी हर्ष की
  तम को हराने का प्रण ले
  मात्र प्रकाश पर्व की ।

  तम का इशारा करती    
  साँझ जो बीती थी
  वह भी सुखद–सिन्दूरी थी
  पाखी गणों के कलरव से
  सरस रँगीली थी,
  अंतत: आत्मशक्ति केन्द्रित वह
  रतजगे का आलम रात को सौंप गई।

  रोशनी की लहरों में तैरती
  नशीली रात,अमा के तम को
  जो भगाने आई   
  बम,पटाखों-फुलझड़ियों से खेलती
  सबकी खुशियों में झूमती
  नये सूर्य के इन्तजार में
  अगणित दीप-मालिका
  सजा के जागती रही  ।
  क्योंकि –
  दीपावली के शुभ दीपोत्सव में
  उसकी भी तो भागीधारी रही
  प्रकाश को तो फैलना है ,
  ज्योति ने सदा अँधेरे से
  ऊपर उठने की ठानी है ।
  जड़ता और अज्ञान तम मिटाने की
  आतंक की जड़ें खोदने की,
  एकता का बीज रोपने की, 
  बाल ,युवा किशोर –वृद्ध
  सभी को कमान सँभालनी है ।
  तो आओ!भेदभाव भुला कर
  सही दिशा में कदम धर
  आतंक की अमा में डूबी
  मन की अँधेरी गलियों में  
  प्रेम–प्रकाश भर
  वसुधैव कुटुम्बकम के
  स्वप्न को साकार कर
  धरती पर स्वर्ग लाने की ठान लें  
  क्योंकि मानवता का संदेश साथ  
  लाई दिवाली है ।             
-0-
2-आज अमृता जी को उनकी पुण्यतिथि पर उनको याद करते हुए..........एक कविता।
अनिता मण्डा

अमृता !
प्यारी अमृता!
तुम करती रही
देवताओं को जगाने की कोशिश
ताउम्र
जो सोये थे इन्सानों के भीतर
तुम एक साथ वर्जनाओं को तोड़ती
और संस्कारों को ढाल बनाती
चलती रही अंगारों की राह पर!

ठहर गया था जो निगौड़ा सोलहवाँ साल
उम्र में, जीती रही साँस दर साँस
और दे गई जाने कितनी आँखों को
इश्क़ के ख़्वाब।
जलाते हुए इश्क़ के दिये
टाँग दी कितनी आँसू की झालरें।

सिगरेट के बचे बट से ढूँढ़ते
समेटती रही साहिर को,
कभी इमरोज़ के पीछे स्कूटर पर बैठ
तुम्हारी अंगुलियाँ
लिखती रही साहिर का नाम
इमरोज़ की पीठ पर
पीती रही अम्बर की सुराही से !

कौन कह सकता था तुम बिन
वारिस शाह से कि
उठो अपनी क़ब्र से और लिखो
भारत की बेटियों के आँसू !

कौन पूछता तुम बिन नानक की माँ को
कैसा था अहसास
सूरज को नो महीने कोख़ में रखने का !

तेरे लफ़्जों पर फौजदरियाँ
कहाँ रोक पाई
उनकी उड़ानों को
थाम इमरोज़ की बाँह
पी लिए तुमने सारे आँसू !

अधकच्ची नींद के ख़्वाब से
तुम बटोरती रही हरसिंगार !
पाक मुहब्बत के सच्चे परिन्दे
भरते रहे रंग
जीवन के आसमान में
माँडते रहे धनक।

देख एक दूजे को जब मुलक लिए
जब आँखों ने कह दिया - तुमसे प्यार है!
जुबाँ को कहना जरूरी नहीं लगा।
जहाँ बैठ रचे तुमने कितने किरदार
ढहा दिया वो ताजमहल सा इक मन्दिर
इमरोज़ के सामने।
पर तुम अब भी हो
इमरोज़ की मुस्कान में।
तुम सदा रहोगी
जब तक इश्क़ है दुनिया में।
तुम अब भी जगा रही हो
इंसानों के भीतर सोये देवताओं को।

अमृता तुम सदा मिलती रहोगी इमरोज़ को
कभी तारों की छाँव में,
कभी बादलों की छाँव में,
कभी किरणों की रोशनी में,
कभी ख़यालों के उजाले में रंग लेकर
सच! जिस्म मिट जाने मात्र से
इन्सां थोड़े ही मिटते हैं....... 

Monday, October 31, 2016

684



गीत
सुनीता काम्बोज
चौदह वर्षों बाद राम जी,लौट अवध में आए थे
अवधवासियों ने खुश होकर ,घी के दीप जलाए थे ।

कार्तिक की अमवस्या का दिन,पावन बड़ी दिवाली है
कहते इस दिन घर आते ये ,धन वैभव खुशहाली है ।
इस दिन हरि ने नरसिंह बनकर ,सारे पाप मिटाए थे
अवधवासियों ने खुश होकर ,घी के दीप जलाए थे ।

साँझ ढले सब दीप जलाकर ,लक्ष्मी पूजन करते हैं
जगमग दीपक तम से लड़कर,अंधकार को हरते हैं ।
त्योहारों की इस खुशबू ने घर आँगन महकाए थे
अवधवासियों ने खुश होकर ,घी के दीप जलाए थे ।
गली - गली सब द्वार सजाते ,अदभुत बड़े नजारें हैं
ऐसा लगता आज धरा पर ,उतरे सभी सितारें हैं ।
छट गए अब वो  धीरे धीरे,जो घन काले छाए थे
अवधवासियों ने खुश होकर ,घी के दीप जलाए थे ।

Sunday, October 30, 2016

683




1-चलो,प्रीत के दीप जलाएँ -   डॉ.योगेन्द्र नाथ शर्मा ‘अरुण’
हम उजियालों के प्रहरी हैं,
अंधियारों से कैसा नाता?
चलो,प्रकाश के दीप जलाएँ!
     आशाओं के स्वप्न संजो कर,
          हम तो बढ़ते हैं नित आगे!
     चरणों की गति देख हमारी,
          बाधा हम से डर कर भागे!!
साहस का वरदान लिए हम,
अभिशापों से कैसा नाता?
नित आशा के दीप जलाएँ!
      देह  हमारा  प्रेय बनी कब?
          आत्म-तत्व  के रहे पुजारी!
      व्यष्टि छोड़,समष्टि को चाहा,
         परमार्थ बना साधना हमारी!!
युग - निर्माण हमारी मंजिल,
विध्वंसों से कैसा नाता?
नए सृजन के दीप जलाएँ!
       विश्व  बने   परिवार   हमारा,
           यही  हमारा  लक्ष्य  रहा  है!
       युग की खातिर जिए सदा हम,
          औरों की खातिर दुःख सहा है!!
यह वसुधा परिवार हमारा,
फिर किससे नफरत का नाता?
चलो, प्रीत के दीप जलाएँ!
-0-    पूर्व प्राचार्य,    74 /3,न्यू नेहरु नगर,
         रूडकी-247667

-0-
2-दिवाली के दिये- मंजूषा मन

लाए गए
नहलाए गए
पूजा में रखे गए
घी-तेल से पूरे गए
जलाए गए....

घर-आँगन,
मुँडेर,
छत के कंगूरों तक
सजाए गए
बुझे तो फिर जलाए गए
हवा से बचाए गए.....

और
दूसरे ही दिन
धूप सही
कंगूरों से गिरे
लुढ़के इधर उधर
पड़े रहे ढेर बन,

टूटे,
तोड़े गए
इकट्ठा करके
कोने में छोड़े गए...
-0-
3-दीप जला कर !- डॉ सरस्वती माथुर

चौखट  पर जो
दीप धरा है
उसमें नेह का
उजियार भरा है

दीप जला कर
तारो को जोड़ा है
अँधियारा तो
जीवन का रोड़ा है
बांध कर संबल
बाती में विश्वास भरा है

झर झर झरती है
ज्योति की लड़ियाँ
सूनी चौखट पर
भावो की सुधिया
तमस भी हमसे
देखो- आज डरा  l
-0-
4-बाती तुम जलती हो !- डॉ सरस्वती माथुर

तिमिर मिटा  कर
घर आँगन में
सूरज सी तुम
स्नेहसिक्त नेह दीप में भर्
बाती तुम जलती हो

पर्व ज्योतिर्मय
राग द्वेष हटा
प्रेम प्रीत सिखाता है
राग द्वेष हटा
अन्तर्मन आलोकित कर
बाती तुम जलती हो

मावस की शाम को
आस्था की चौखट पर
मन के अँधियारों में भी
विश्वास का नव उजियार भर
बाती तुम जलती हो l
-0-
5- रामेश्वर काम्बोज ‘हिमांशु’

कौन  बड़ा  कौन  है छोटा,
जान  कौन  पाया।
छोटे -से दीपक  ने देखो,
हर तमस हराया।
इसलिए  मेरा  कहना  है-
 हार  नहीं  मानो।
जीवन  के अँधियारों को
कुचलेंगे  ठानो ।
-0-