पथ के साथी

Friday, December 11, 2020

तीन कविताएँ

  1- तुम्हारी ओर!

डॉ. सुरंगमा यादव

थक न जाएँ  कदम


तुम्हारी ओर बढ़ते-बढ़ते
कुछ कदम तुम भी बढ़ो न !
चलो यह भी नहीं तो
हाथ बढ़ाकर थाम ही लो
ये भी न हो अगर
तो मुस्कराकर
इतना भर कह दो
'मुझे तुम्हारी प्रतीक्षा है'
बस मैं सदा तुम्हारी ओर
बढ़ती रहूँगी!

-0-

2-बड़ी हुई है नाइंसाफी

भावना सक्सैना


राजधानी का रुख करते हैं
,

सत्ता से हैं बहुत शिकायत

सड़कें जाम चलो करते हैं।

 हों बीमार, या शोकाकुल हों

हम तो रस्ता रोकेंगे जी

कहीं कोई  फँस जाए हमें क्या

अपनी ज़िद पर हम डटते हैं।

 सत्ता ने ठानी सुधार की

वह तो अपने लिए नहीं जी

वंचित का चूल्हा बुझ जाए

हम अपने कोष हरे रखते हैं।

 सब्सिडी भी लेंगे हम तो

टैक्स रुपये का नहीं चुकाएँ

कर देने वाले, दे ही देंगे

तोड़-फोड़ हम तो करते हैं।

 सरकारों से बदला लेने

देश हिलाकर हम रख देंगे

हम स्वतन्त्र मन की करने को

आम जनों को दिक करते हैं।

 हमको बल ओछे लक्ष्यों का

कुर्सी के लालच, पक्ष हमारे

अपनी बुद्धि गिरवी रखकर

हम कठपुतली से हिलते हैं।

 बड़ी हुई है नाइंसाफी

राजधानी का रुख करते हैं,

सत्ता से हैं बहुत शिकायत

सड़कें जाम चलो करते हैं।

-0-

 3-किताब

संध्या झा

  किसी ने सच ही कहा है-


 जिसने किताबों से दोस्ती कर ली 

  वो फिर अकेला कहाँ ।

  किताबों ने बस दिया ही दिया है ।

  उसने कुछ लिया है कहाँ  

 

किताबों को जिसने

अपना हमसर बनाया है ।

 किताबों ने भी हर राह पर साथ निभाया है  

 किताबें आपकी सोच में  फ़र्क़ करती है  

 किताबें आपको मीं से आसमाँ पे रखती है ।

 

 किताबें सहारा किताबें  किनारा ।

किताबें अँधेरी गलियों में चमकता सितारा ।

किताबों की सोहबत जैसे ख़ुद से मोहब्बत ।

किताबे सवारे बिगड़ी हुई सीरत  ।।

-0-

Sunday, December 6, 2020

1035

 1-मुकेश बेनिवाल

 

हर बदलाव


मुझमें ही चाहते हो
 

ख़ुद से कभी पहल नहीं करते

छोड़ देते हो

कठिन-सा सवाल समझकर

तुम मुझे कभी हल नहीं करते

 

-0-

2- गीत-पूनम सैनी

 


मैं गिरिधर की दासी मीरा

दर्शन को बेचैन।

तुम बिन तरसे नैन।।

 

एक तो मीरा श्याम दीवानी

दूजी जग की सताई,

प्रेम तुम्हीं हो आस तुम्हीं से 

प्रभु बिन कौन सहाई

मीरा को मन मोहन वारे

मन की सुनलो बैन

तुम बिन तरसे नैन

 

एक तो हूँ मैं अमर सुहागन

दूजी श्याम की प्यारी

तुमसे टूटके कौन से जोड़ूँ

मैं भई मोहन थारी

मीरा को मन मोहन वारे

मन की सुनलो बैन

तुम बिन तरसे नैन

-0-

3-क्षणिकाएँ

प्रीति अग्रवाल  'अनुजा'

1.


ये हवाएँ,
बड़ी मनचली हो गई हैं.....
मेरी छत के बादल,
तेरे आँगन बरसाएँ !
2.
अबला की अब भी
वही है कहानी,
आँचल में दूध...
और 

आँखों में  फिर भी पानी...!
3.
बेकरार दिल
आज फिर कह रहा-
कहीं आँखों से काजल
किसी का बहा है....।
4.
किस हाल में हैं
अब कहें भी तो क्या...,
तेरे कदमों के निशां
रेत पर ढूँढते हैं....!
5.
है लम्बा स
क्यों न आसान कर लें,
झूठे, सच्चे सही,
कुछ वादें ही कर लें...!
6.
हल्का- हल्का सही,
इश्क चढ़ने लगा...
वै ढूँढे कोई,
कोई दवा तो बताए...!
7.
बरसते सावन का
करके बहाना...,
बड़ी फ़ुर्सत से रोए,
तुझे याद करके...!
8.
सर्दी की नर्म धूप-सी
तुम्हारी ये चाहत,
मैं मोम की नहीं...,
जाने क्यों पिघल रहीं हूँ...।
9.
भला कैसे मान लूँ
तुम मुझे भूला चुके...,
मैं झूठ कह सकती हूँ
तो क्या तुम नहीं...!
10.
वो भीगी-सी रात
फिर न लौटी कभी,
उसकी याद में चाहे
जितनी पलकें भिगो लीं..!
11
कहतें हैं जिसे इश्क
लगता है ये वही...
न आग में है आग
न पानी में नमी....!


12.
दास्तान ए इश्क
कायनात में घुले,
फिर हम ही रहें
क्यों धुले के धुले..!

-0- ई-मेल-agl.preeti22@gmail.com

Friday, December 4, 2020

1034

 1-दीपक अभी - अभी जले हैं- मीनू खरे

 

गुलाबी ठंड 

सुरमयी शाम का वक़्त

दीपक बस अभी अभी जले हैं

फ़िज़ाओं में फैली अजब सी कैफ़ियत 

रूमानियत और सिहरन

अपनी चोटी में गुँथे  

बेले के गजरे की छुअन से सिहर मैं

देखती हूँ चारों ओर 

तुम अक्षर-अक्षर आने लगते हो शब्दों में

लिखने लगती हूँ कविता 

बनने लगते हैं भावनाओं के ख़ूबसूरत महल 

मोहब्बत की ख़ूबसूरत खिड़कियों से 

झाँकते दिखते हैं कुछ अनचीन्हे अक्स

पास जाती हूँ देखने 

अक्स अदृश्य डर का है 

पाने से भी पहले 

तुम्हें खो देने का 

कविता लिख ली गई है

शाम गहराने लगी है 

दीपक अभी भी जल रहे हैं

-0-

2- रात गई -वीरबाला काम्बोज

 

रात गई बात गई

मीठी, मीठी बाते करलें 

  आओ बैठे मिल-जुलकर 

कभी -कभी ख़्यालों में मिल।

 दुःख -सुख मिलकर बाँटे 

ख़पा न होना प्रीतम 

 चाँद न रूठे कभी 

चाँदनी से फिर क्यों दूरी

 -0-

3- स्त्री -अर्चना राय

1

 मन के समंदर में

भावनाओं का

उठता तूफान...  

 देख दायरे अपने

आँखों की कोरों पर.. 

आते- आते..... 

 ज्वार ठहर जाता है

2

जीवन रंगमंच पर

माँ, बेटी , बहिन, पत्नी

हर किरदार में सदा 

रही अव्वल.... 

 स्त्री!!!... 

 अपने ही किरदार में 

 क्यों?...विफल!! 

-0-अर्चना राय, भेड़ाघाट, जबलपुर (म.प्र.) 

Saturday, November 28, 2020

1033

 

1-फूल लोढ़ती साँझ

शिवानन्द सिंह 'सहयोगी'

 


नदी किनारे कुहरे से मिल

चुपके -चुपके    

शाल ओढ़ती साँझ।

 

शब्दको की कुंजी में धर  

अनुवादों का चंदन,

सौम्य नम्रता का अनुशीलन

श्लेषों का अभिनंदन,

वन-विद्या के खेतों में अब 

कजरी गाकर    

धान रोपती साँझ ।

 

भावभूमि की विविधाओं  का 

अभिनव अरुण विवेचन,

 स्वर सप्तक ध्वनियों से सँवरा  

लय का लयक निकेतन,

लीप पोतकर दीवारों को 

दरवाज़ों की 

धूल पोंछती साँझ।

 

जनवादी इन गलियों के कल

विकसित नये शहर में,

भूख-प्यास की दाहकता की

उठती हुई लहर में,

मन के संघर्षों से कुछ कह

गांधी आश्रम 

रुई ओटती साँझ।

 

उस घट चुके समय के गुंजित

शब्दों की हर भाषा.

ढूँढ़ रही है नवगीतों की 

नई नई परिभाषा,

कागज के पन्नों पर हँस-हँस 

धुन उपवन में 

फूल लोढ़ती साँझ ।

-0-

2-मुकेश बेनिवाल


बिछड़ने का डर है तो साथ ना माँग

तजुर्बा देते घावों से निजात ना माँग

अगर करेगा वफ़ा तो एक शख़्स ही बहुत

यूँ भीड़ करने को कायनात ना माँग

 -0-

3-चिनार बचाओ- रश्मि विभा त्रिपाठी 'रिशू'

 

 चिनार देख रहा 


विकास-विनाश की

तेज़ रफ़्तार आँधी को

अपनी तटस्थता पर

खतरा महसूस कर रहा है

इमारतें उसकी

ऊँचाई से जल रही हैं

जब्त कर हरे मैदान सारे

हक़ पेड़ों का निगल रही हैं

कितने बवण्डरों से

अब तलक बचता रहा 

मगर एक अदना- सी आरी से

अपना अस्तित्व

वह नहीं सहेज सका

आसमाँ को स्पर्श करता कद

कट गया इक झोंके में

जिसने हजारों तूफान झेले

आज धराशायी है 

सूरज सुबह

जब झुरमुटों से झाँका

चौंक पड़ा

दर्द से पड़ा कराहता पेड़

उखड़ चुकी जड़ें जमींदोज

जहाँ सदियों से वह तटस्थ था

घनी छाया लिये 

वहाँ अब

चिलचिलाती धूप के सिवाय

शेष कुछ भी नहीं बचा था 

कई हिस्सों में काटा

तोड़ा, मरोड़ा, गलाया गया

लकड़ी का रूप-रुपांतरण

कागज़ों में

वो ढाला गया

जो नन्हे पत्ते शाख से बिछड़े

दु:ख उनका क्या जाने

किसने महसूस किया

कि उसी कागज़ के एक पन्ने पर

लिख दी पीड़ा उस चिनार की-

"चिनार बचाओ!"

-0-