पथ के साथी

Showing posts with label शीला मिश्रा. Show all posts
Showing posts with label शीला मिश्रा. Show all posts

Monday, February 23, 2026

1495

 

मन की देहरीशीला मिश्रा



मेरे मन की देहरी पर,
             वे चुपके -चुपके आते हैं।
आस बँधाते, मनुहार करते,
              हौले से कुछ कह जाते हैं।
जब होता मेरा रीता -सा मन,
         साँसों की उखड़ती लय व स्पंदन,
जीवन से क्षुब्ध हो विकल नयन,
               वे आशा के दीप जलाते हैं।
मेरे मन की देहरी पर ,
              वे चुपके-चुपके आते हैं।

जब संवेदनाएँ आहत होतीं,
                  तब शब्दों में ढलने लगती हैं।
गीतों के शब्दों में गुँथी भावना,
                    पीड़ा प्रतिबिंबित करती है।
होता आंदोलित तन और मन,
               व्यर्थ- सा लगता यह जीवन।
बन उन गीतों की सुरम धुन,
                वे जीवन को महका जाते हैं।
मेरे मन की देहरी पर ,
                 वो चुपके -चुपके आते हैं।

एकांत प्रिय साथी बन जाता,
             स्वसंवाद की गठरी खुलती है।
अनवरत बहती अश्रुधारा,
               मुझसे गलबहियाँ करती है।
झिलमिल-झिलमिल बूँदे बन,
              बहती जाती मन की तड़पन।
तब सुखद समीर का झोंका बन,
                 वे कानों में गीत सुनाते हैं।
मेरे मन की देहरी पर,
                    वे चुपके-चुपके आते हैं।
    -0-

शीला मिश्रा,बी-4, सेक्टर -2,रॉयल रेसीडेंसीशाहपुरा थाने के पासबावड़ियाँलाँ ,भोपाल(म.प्र.)- 462039

-0-

Friday, July 25, 2025

1475

 मन- आँगन झंकार

शीला मिश्रा



आया है सावन , है मनभावन, बहने लगी बयार।
बूँदों से सजती, न्यारी धरती, टिपटिप की है धार।।
नदियाँ है हरसे,उपवन सरसे, पुलकित है संसार ।
पीहू की गुनगुन, प्यारी सी धुन, मन आँगन झंकार।।

बूँदों की छन-छन, समीर सनसन, हुई सुहानी भोर ।
कोयल मतवाली, छटा निराली, थिरक रहा है मोर।।
सजनी हरषा , कजरी गा, मन को भाये शोर।
सब झूला झूलें ,नाचें झूमें, धूम मची  चहुँ ओर।।

है चुनरी धानी, रिमझिम पानी, धरा करे सिंगार।
भीगा है आँगन,भीग रहा मन, छलके उर उद्गार।।
प्रियतम से दूरी, हिय मजबूरी, ताके नैना द्वार।
कहते हो कल कल, बीता पल पल, रुके न अश्रुधार।।

सब ढोलक लाएँ,साज सजाएँ, गाएँ मीठा गीत।
भौंरे की गुनगुन, चूड़ी छनछन, छेड़े है संगीत।।
चुटकी लें सखियाँ, मीठी सुधियाँ, जागे मन में प्रीत।
पायल की रुनझुन,कहती सुनसुन,आओ जल्दी मीत।।


बी-4,सेक्टर-2, रॉयल रेसीडेंसीशाहपुरा थाने के पास, बावड़ियाँलाँ, भोपाल (म.प्र.)-462039 

मोबा-9977655565