पथ के साथी

Monday, November 28, 2022

1262-एक समय वो आएगा

 शशि पाधा

 

एक समय वो आएगा 

जब देख पुरानी तस्वीरें 

कोई पेड़ बूझ न पाएगा

 

पर्वत सजी चट्टानें होंगी 

जंगल का कुछ पता नहीं  

टूटेंगे सब नीड़ घोंसले 

बाग़ -बगीचे, लता नहीं 

 

 पुस्तक के इक पन्ने में 

   कोई पशु खड़ा मुस्काएगा 

   एक समय वो आएगा

 

हो जाएँगे तरुवर बौने 

गमले में ही रैन बसेरा 

न होगी तब ठंडी छैयाँ

ईंट मीनारें डालें घेरा 

    पूछेगी धरती बादल से 

मीत, बता कब आएगा 

एक समय वो आएगा

 

ढूँढ खोजके रंग -रूप तब 

 बच्चे चित्र बनाएँगे

पीपल ,बरगद, देवदार सब 

कथा- पात्र हो जाएँगे 

 

  किसकी क्या परिभाषा होगी 

   कौन किसे बतलाएगा 

   एक समय वो आएगा

 -0-

1 comment: