पथ के साथी

Friday, May 16, 2025

1463- सन्नाटे के ख़तों की आवाज़


भीकम सिंह

लम्हों का सफर, नवधा, झाँकती खिड़की के साथ प्रवासी मन (हाइकु संग्रह) और मरजीना


(क्षणिका संग्रह) को जोड़कर डॉ. जेन्नी शबनम का यह छठा काव्य- संग्रह (सन्नाटे के खत) आया है। व्हाट्सएप के समय में हम सन्नाटे के खतों से गुजरते हुए अचरज से भर जाते हैं; क्योंकि इन खतों (कविताओं) में समय और समाज का यथार्थ और फेंटेसी अनेक भंगीमाओं में व्यक्त हुई है, कहीं सपाट कथन के साथ तो कहीं रूपक के साथ। यही कारण है कि जेन्नी शबनम की कविताएँ सीधे पाठक मन को कोमलता से छूती है।

प्रस्तुत पुस्तक की पहली कविता- ‘अनुबंध’ यह कविता जीवन में अनेक तरह के अनुबन्धों का काव्यात्मक दस्तावेज है, जिनमें जीवन अनुबन्ध की खिड़की के पीछे साथ-साथ गतिमान दिखाई देता है-

एक अनुबन्ध है जन्म और मृत्यु के बीच

कभी साथ-साथ घटित न होना

एक अनुबन्ध है प्रेम और घृणा के बीच। (पृष्ठ संख्या 15)

जेन्नी शबनम की कविताओं को पढ़ने पर वे ज्यादा स्पष्ट दिखाई देती हैं। उनका समय से आशय बेहद स्पष्ट और मुखर है-

बेवक्त खिंचा आता है मन

बेसबब खिल उठता था पल

हर वक्त हवाओं में तैरते थे

एहसास जो मन में मचलते थे

अब इन्तिजार है। (पृष्ठ संख्या 29)

जो यह होने को एक निजी इन्तिजार भी हो सकता है। जिसका अब इन्तिजार है और अब नहीं है। बस इसके लिए मन में आये बदलाव महत्त्वपूर्ण हैं। जेन्नी शबनम अपनी भावनाओं को अनेक चित्रों और वर्णनों से व्याख्यायित करती है। उनकी कविताओं से गुजरते हुए हम सहज ही लक्षित कर सकते हैं कि यहाँ भावनाएँ घायल हैं इसलिए खुद पर कविता लिखना मुश्किल है। समय का यथार्थ जेन्नी शबनम की कविताओं में विस्तार के साथ आता रहता है। इसके साथ ही क्षेत्रीय हवा जो राजनैतिक, सामाजिक और आर्थिक परिस्थितियाँ बनाती हैं उस तरफ भी जेन्नी शबनम का बराबर ध्यान गया है-

जाने कैसी हवा चल रही है

न ठण्डक देती है, न साँसें देती है

बदन को छूती है

तो जैसे सीने में बरछी-सी चुभती है

अब हवा बदल ग। (पृष्ठ संख्या 52)

अपने गाँव से जुड़ना, अपनी जड़ों से जुड़ना, अपनी परम्परा से जुड़ना है। शायद इसलिए जेन्नी शबनम का मन उचट जाता है-

मन उचट गया है शहर के सूनेपन से

अब डर लगने लगा है

भीड़ की बस्ती में अपने ठहरेपन से

चलो लौट चलते हैं अपने गाँव। (पृष्ठ संख्या 58)

अपना गाँव एक केन्द्रीय कथ्य के बतौर इस कविता में है। उसी गाँव में खड़ा किसान और उससे रिश्ता बरकरार रखती एक मजदूर के लिए एक अदद रोटी-

सुबह से रात, रोज सबको परोसता

गोल-गोल, प्यारी, नरम रोटी

मिल जाती, काश!

उसे भी कभी खाने को गरम-गरम रोटी। (पृष्ठ संख्या 66)

भूमिका’ कविता कोई निजी दुःख कातरता नहीं है। होने को तो यह एक निजी भूमिका है, जैसे कि हर किसी की होती है, लेकिन इस भूमिका के कारण और इसका स्वरूप नितांत पारिवारिक है। एक संवेदनशील महिला के लिए यह भूमिका असहय हो जाती है-

अब दो पात्र मुझमें बस गए

एक तन में जीता, एक मन में बसता

दो रूप मुझमें उतर गए। (पृष्ठ संख्या 70)

और कोई नया रास्ता खुलने की प्रक्रिया में स्थितियाँ प्रतिरोध के बजाय किसी वक़्त के चमत्कार में की समर्थक होती चली जाती है-

इन सभी को देखता वक़्त, ठठाकर हँसता है

बदलता नहीं कानून

किसी के सपनों की ताबीर के लिए

कोई संशोधन नहीं

बस सजा मिलती है

इनाम का कोई प्रावधान नहीं

कुछ नहीं कर सकते तुम

या तो जंग करो या पलायन

सभी मेरे अधीन, बस एक मैं सर्वोच्च हूँ। (पृष्ठ संख्या 73)

और फिर जेन्नी शबनम की कविताएँ एक बदलाव की उम्मीद में रुमानी जिन्दगी का वर्णन करती हैं। ‘जी उठे इन्सानियत’ कविता में ऐसे प्रभावी चित्र मिलते हैं और फैटेसी सीधे-सच्चे रस्तों से भटकाकर अपने जाल में फँसा लेती है। फैटेसी की कोई नीति नहीं, कोई दायरा नहीं यह भावनाओं का आखेट है, जो इसकी जद में आ जाए सभी को सूँघ लेती है-

एक कैनवास कोरा-सा

जिस पर भरे मैंने अरमानों के रंग

पिरो दिए अपनी कामनाओं के बूटे

रोप दिए अपनी ख्वाहिशों के रंग। (पृष्ठ संख्या 86)

और धीरे-धीरे कविता का रुप लेती है। एक तरह से देखा जाए तो जेन्नी शबनम की तरह हरेक कवि/कवयित्री इसकी चपेट में आ जाते हैं, फिर दो ही रास्ते बचते हैं या तो फैटेसी के पहले रास्ते पर हम हार जाएँ या हम इसमें फँस जाएँ और फँसते जाएँ-

मन चाहता

भूले-भटके

मेरे लिए तोहफा लिये

काश! आज मेरे घर एक सांता आ जाता। (पृष्ठ संख्या 89)

जेन्नी शबनम इसकी चकाचौंध से उबरने का रास्ता नहीं खोजती; बल्कि इसकी हिमायती हो जाती है और म़गज के उस हिस्से को काट देना चाहती है जहाँ विचार जन्म लेते हैं। ढूँढ लेती है अलमारी का निचला खाना जहाँ बचपन बैठा है रुठा हुआ।

इस फैटेसी के साथ जेन्नी शबनम की कविताओं में एक चीज और नत्थी है, सरलता! फैटेसी को समझने और यथार्थ को समझने, उसे अभिव्यंजित करने की पूरी प्रक्रिया के केन्द्र में है। सरलता यहाँ कविताओं को समझने समझाने में है, जो जेन्नी शबनम की कविताओं का प्लस पाइंट है और पाठकों के लिए जरुरी है। जेन्नी शबनम इस सरलता को गंभीरता में भी नहीं छोड़ती; बल्कि उसी के सहारे अपनी कविता की नदी को बढ़ाती है-

नीयत और नियति समझ से परे है

एक झटके में सब बदल देती है

जिन्दगी अवाक्। (पृष्ठ संख्या 98)

जेन्नी शबनम अपनी एक कविता ‘चाँद की पूरनमासी’ में बात की बात में इस सरलता को ऐसे पकड़ती है कि आश्चर्य होता है कि इस तरह इतनी आसानी से इतनी गूढ़ बात को किस तरह कहा जा सकता है-

किस्से-कहानियों से तुम्हें निकालकर

अपने वजूद में शामिल कर

जाने कितना इतराया करती थी

कितने सपनों को गुनती रहती थी

अब यह बीते जीवन का किस्सा लगता है

हर पूरनमासी की रात। (पृष्ठ संख्या 109)

जेन्नी शबनम की रचना प्रक्रिया का यह बेहद सीधा-सच्चा रास्ता है, यहाँ सयानापन कतई नहीं है, अति सूधौ है घनानन्द के मार्ग की तरह। सच्ची और अच्छी कविता इसी प्रक्रिया में लिखी जा सकती है। फिर-फिर उगने और उड़ने के लिए पुरजोर कोशिश करती, अनुभूतियों के सफर में कड़वे-कसैले शब्दों की मार झेलती जेन्नी शबनम की कविता बेहिसाब जिजीविषा, जिंदादिली की सूचक है। अपनी पीठ छुपाकर जीना, मीठा कहकर आँसू पीना पूर्ण समर्पण है। मन के किसी कोने में अब भी गूँजती हैं कुछ धुने, जिन्हें जेन्नी शबनम ने सपनों में बचाये रखा है। शायद अवतार सिंह संघू ‘पाश’ की ‘सबसे खतरनाक’ कविता आपने पढ़ी होगी इसलिए अपनी कविताओं में जेन्नी शबनम सपनों को जिंदा रखती है और उम्मीद करती है-

शायद मिल जाए वापस

जो जाने-अनजाने बन्द मुट्ठी से फिसल गया। (पृष्ठ संख्या 138)

काव्य में द्वंद्वात्मकता को पकड़ना जेन्नी शबनम का कौशल है-

प्रेम की पराकाष्ठा कहाँ तक

बदन के घेरों में

या मन के फेरों में?

सुध-बुध बिसरा देना प्रेम है

या स्वयं का बोध होना प्रेम है। (पृष्ठ संख्या 139)

अलगनी’ उस वातावरण के बारे में है, जो हमारे बहुत पास पसरा हुआ है, लेकिन हम उस पर ध्यान नहीं देते-

सन्नाटे के खत (काव्य संग्र्रह) में कुल 105 कविताएँ हैं, भाषा शैली की चित्रात्मकता तो इस काव्य संग्रह में सराहनीय है ही, इसका सबसे सबल पक्ष यह भी है कि इसे बार बार पढ़ने को मन करता है और भूमिका में जैसे रामेश्वर काम्बोज ‘हिमांशु’ ने कहा है कि पाठक इन खतों को पढ़कर अर्न्तमन में महसूस करेंगे। थोड़े में कहें तो इन खतों की आवाज़ साहित्यिक जगत में सुनी जाएगी। पुस्तक का मुद्रण सुन्दर और आवरण आकर्षक है।

-0-सन्नाटे के खत-डा. जेन्नी शबनम, प्रथम संस्करण- 2024,मूल्य- 425 रुपये, पृष्ठ- 150

प्रकाशकः अयन प्रकाशक, जे-19/139, राजापुरी,उत्तम नगर, नई दिल्ली- 110059

 

4 comments:

  1. बहुत सुन्दर समीक्षा, कवयित्री और समीक्षक दोनों को हार्दिक बधाई 💐

    ReplyDelete
  2. बहुत सारगर्भित समीक्षा, चुनिंदा उदाहरण पुस्तक पढ़ने की जिज्ञासा उत्पन्न कर रहे हैं,रचनाकार और समीक्षक को हार्दिक बधाई l

    ReplyDelete
  3. विजय जोशी16 May, 2025 09:54

    बहुत सुंदर सामयिक संदेश। हार्दिक बधाई

    ReplyDelete