पथ के साथी

Thursday, April 21, 2022

1199

  1-अनुपमा त्रिपाठी सुकृति’ की कविताएँ

1

शब्द अपने कितने स्वरूपों में


अवतरित ,

खटखटाते हैं

मन चेतन- द्वार ,

लिये निष्ठा अपार ,

झीरी से फिर चली आती है

धरा के प्राचीर पर

रक्तिम .....

पलाश वन- सी ....

रश्मि  की कतार

नवल वर्ष  प्रबल  विश्वास

सजग  है मन

रचने नैसर्गिक उल्लास,

हँसते मुसकुराते से

 भीत्ति चित्र ,

प्रभात का स्वर्णिम  उत्कर्ष,

शबनमी वर्णिका का स्पर्श ,

एक विस्तृत आकाश का विस्तार ,

बाहें पसार ...

चल मन उड़ चल पंख पसार ....!!

-0-

2

उमड़ते हुए भावों की वीथी से ,

चुनते हुए शब्द की प्रतीति से ,

रचना से रचयिता तक ,

खिलते कुसुमों से अनुराग लिये ,

पल- पल बढ़ता है मन ,

गुनते हुए क्षण क्षण ,

अभिनव  आरोहण ,

बुनते हुए रंग भरे कात से ,

रंग भरा ,

उमंग -भरा जीवन ....!!

-0-

3

विजन निशा की व्याकुल भटकन ,

थिका का ऐसा जीवन,

मलयानिल का वेग सहनकर ,

मुख पर कुंतल करें आलिंगन ,

बढ़ती जाती पथ पर अपने ,

 

उषा का स्वागत करता मन

रात्रि की निस्तब्धता में

कुमुदिनी कलिका का किलक बसेरा

प्रातः के ललाम आलोक में

उर सरोज- सा खिलता सवेरा !!

री पथकिनी तू रुक मत

नित  प्रात चलती चल ,

धरा पर सूर्य की आभा से

मचलती चल !!

-0-

4

आज भी .. ...

आज भी सूर्यांश की ऊष्मा  ने

अभिनव मन के कपाट खोले ,

देकर ओजस्विता

सूरज किरण चहूँ दिस  ,

रस अमृत घोले ..!!

आज भी चढ़ती धूप  सुनहरी ,

भेद जिया के खोले ,

नीम की डार पर आज भी

चहकती है गौरैया ,

आज भी साँझ की पातियाँ

लाई है संदेसा पिया आवन का ,

आज भी खिलखिलाती है ज़िन्दगी

गुनकर जो रंग ,

बुनकर- सा हृदय आज भी

बुन लेता है  अभिरामिक शब्दों को

आमंजु अभिधा में ऐसे ,

जैसे तुम्हारी कविता

मेरे हृदय  में विस्थापित होती है ,

अनुश्रुति- सी ,अपने

अथक प्रयत्न  के उपरान्त !!

हाँ ..... आज भी ..!!

-0-

2- भीकम सिंह 

1-खेतों के सवेरे

 

पौ फटते ही


कुछ  झाड़ियाँ 

कुछ खरपतवार 

मिल जाते हैं 

खेतों की देह को घेरे हुए।

 

थुलथुल खर-पतवार 

खेतों की देह पे थिरकें

रसायनों के नशे में 

फसलों की बाँह पकड़े

मूर्ख मुद्रा में  ठहरे हुए 

 

दिनचर्या के नीचे 

दबे हुए खेत

गिरवी के डर से 

चुपचाप  -

सहते रहते हैं अँधेरे हुए 

 

धीरे-धीरे 

पुरवा आती 

दिन भर के थके खेत

झाड़ियों के ही कंधे ढूँढते

पर वो खड़ी रहती मुँह फेरे हुए 

 

फिर चाँदनी रात में 

झाड़ियों के साये तले 

साँसें  छोड़ते 

किलकारी मारते 

खेतों के सवेरे हुए।

2-दूब

दूब-1

 

दूब आएँगी 

आँखों में पानी भर देगी

दुर्लभ छींटों से 

सबको धन्य कर देगी 

 

दूब- 2

 

दूब के बारे  में सोचा 

काँपते हुए आती है 

पूजा की थाली में बैठ जाती है 

पालथी मार ।

 

और जंगली घास 

छुपा लेती है 

तपती धूप में 

वैदिक युग  का आर्तनाद 

 

दूब  - 3

 

गाँव में दूब

मिट्टी में मुँह छिपाती 

सोने को ज्यों लेती सहारे 

फैलती जाती पैर पसारे 

 

दूब - 4

 

लॉन की दूब

उगने का अधिकार बताने 

ज्यों ज्यों अपना मुँह उठाती

बेरहमी से काट दी जाती 

 

दूब - 5

 

हरी दूब पर 

नंगे पड़े पैरों के 

बाहर और भीतर 

एक खामोशी-सी ठहरी ।

 

जिसे ऊबकर

यहाँ वहाँ आते-जाते 

चौरस्तों पर

फेंक रहे हैं शहरी 

-0-

3-कपिल कुमार

नभ के नीचे बैठ लिखें प्रेम-विधान प्रिये! 

सबसे पहले दुःख लिखें फिर समाधान प्रिये!

 

नदी का विलाप लिखें रवि का ताप लिखें

समुद्र का मौन लिखें फिर प्रेम-व्यवधान प्रिये!

 

चिड़ियों की चहक लिखें फूलों की महक लिखें

तारों की चमक लिखें सितारों का गुणगान प्रिये! 

 

गालों की चमक लिखें बालों का लिखें गजरा

नयनों का काजल लिखें होठों का आख्यान प्रिये! 

 

नायक का मिलाप लिखें मेघों का आलाप लिखें

इंद्रधनुष के सातों रंग कोयल सा व्याख्यान प्रिये! 

 

जवानी की पीड़ा लिखें बचपन की क्रीड़ा लिखें

हृदय जो बिल्कुल खाली है भर दे खाली स्थान प्रिये

 

नए-पुराने गाँव लिखें पीपल की सी छाँव लिखें

हरा भरा हरियाणा लिखें सूखा राजस्थान प्रिये!

 

हृदय की व्यथा लिखें प्रेमचंद की कथा लिखें

गाँधी जी का अहिंसा युक्त नया हिंदुस्तान प्रिये!

नभ के नीचे बैठ लिखें प्रेम-विधान प्रिये! 

सबसे पहले दुःख लिखें  फिर समाधान प्रिये!

 

-0-

21 comments:

  1. वाह्ह्ह आद. अनुपमा जी बहुत सुंदर भावपूर्ण कविताएँ... निःशब्द करती कविताएँ Mam 🙏🌹💐💐
    आद.भीकम जी... दुब पर लिखी क्षणिकाएँ अति हृदयस्पर्शी हैं एवं संदेश देती हुई उत्कृष्ट सृजन...सर 🙏🌹💐💐💐 आद. कपिल जी... आपकी इतनी सुंदर कविता हर शब्द बोलते हैं... हर पंक्ति जीवंत..पहले दुःख लिखें.. फिर समाधान... वाहह सर 🙏🌹🌹💐

    आप सभीको सादर नमस्कार 🙏एवं हार्दिक बधाई 🌹🌹🌹🌹

    ReplyDelete
  2. मेरी कविताएँ प्रकाशित करने के लिए हार्दिक धन्यवाद सर!
    अनुपमा त्रिपाठी 'सुकृति 'और कपिल कुमार की सुंदर रचना के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ ।

    ReplyDelete
  3. बहुत सुंदर

    ReplyDelete
  4. अनुपमा जी और भीकम जी को अनंत शुभकामनाएं, बहुत अच्छी लगीं आप दोनों की उत्कृष्ट रचनाएं!

    ReplyDelete
  5. बहुत सुंदर कविताएँ।

    आदरणीया अनुपमा जी, भीकम सिंह जी, कपिल कुमार जी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ।

    सादर

    ReplyDelete
  6. अनुपमा जी, भीकम सिंह जी, कपिल कुमार जी सुंदर कविताएँ रची। बधाई।

    ReplyDelete
  7. PRADEEP GURJAR21 April, 2022 22:46

    आप सभी की कविताएं बहुत अच्छी है

    ReplyDelete
  8. भीकम सिंह जी तथा कपिल कुमार जी की उत्कृष्ट कविताओं के साथ मेरी कविताओं को यहाँ प्रकाशित करने हेतु हार्दिक आभार भैया|

    ReplyDelete
  9. हृदयस्पर्शी पंक्तियां कपिल जी

    ReplyDelete
  10. आप सभी की रचनाएँ बहुत कोमल एहसास लिए हुए है. सभी रचनाओं ने मन मोह लिया. आप सभी को हार्दिक बधाई.

    ReplyDelete
  11. सभी रचनाएँ अत्यंत सुंदर। उत्कृष्ट सृजन के लिए सभी रचनाकारों
    को हार्दिक बधाई।

    ReplyDelete
  12. बहुत सुंदर कविताएँ

    ReplyDelete
  13. मानवीकरण अलंकार से संतृप्त पंक्तियों के लिए लब्ध प्रतिष्ठ कवि एवं साहित्यकार डॉ. भीकम सिंह जी का अनेक अनेक आभार

    ReplyDelete
  14. बहुत सुन्दर रचना कपिल भाई....

    ReplyDelete
  15. बहुत सुंदर सृजन। आप तीनों को बहुत बहुत बधाई।

    ReplyDelete
  16. You three have done a great job tbh! Kudos to you.

    ReplyDelete
  17. वाह वाह्ह्ह्ह्ह बहुत ही सुंदर कविताएँ! जहाँ एक ओर आदरणीया अनुपमा त्रिपाठी 'सुकृति' जी की बहुत भावपूर्ण कविता जिसमें शब्दों का विभिन्न रूपों में अवतरण बहुत ही अनूठे ढंग से वर्णित है वहीं दूसरी ओर आदरणीय भीकम सिंह जी 'खेतों में सवेरे' नाम से प्यारी, सुंदर व बोलते से सजीव शब्दों के उपयोग से बनी क्षणिकाएँ मर्मस्पर्शी हैं। आदरणीय कपिल कुमार जी की बहुत ही जीवंत व मनोहारी कविता के तो क्या कहने हैं! आप तीनों को हार्दिक बधाई!

    ReplyDelete
  18. -Sushila Dhasmana 'Muskan'

    ReplyDelete
  19. सुंदर भावों से रची कविताएँ!
    हार्दिक बधाई अनुपमा जी, डॉ. भीकम सिंह जी एवं कपिल कुमार जी!

    ~सादर
    अनिता ललित

    ReplyDelete
  20. बहुत ही सुंदर कविताएँ...अनुपमा जी,डॉ.भीकम सिंह जी एवं कपिल जी को बहुत बहुत बधाई।

    ReplyDelete
  21. खूबसूरत रचनाओं के लिए आप सभी को बहुत बधाई

    ReplyDelete