पथ के साथी

Saturday, October 31, 2026

1539

 1-गीत / लिली मित्रा

 


छुपकर पलकों के पट से

ढलक गए दृग जल- से तुम

व्याकुल प्रेमिल सघन भाव से

पथ पर बिखरे हृदय कुसुम

गुंजित मउमाछी की गुनगुन

पुष्प- पुष्प के कर्णों में

जैसे तुम खुसफुस हो करते

मधु मिश्रित से वर्णो में

झंकृत सुर में होकर गुम

पथ पर बिखरे हृदय कुसुम

छुपकर पलकों के पट से

ढलक गए दृग जल से तुम

शरत् काल के श्वेत मेघ बन

पवन वेग संग उड़ते हो

थामे स्व में शिशिर आर्द्रता

लुक-छिप, लुक-छिप करते हो

थिरक उठे हैं जब खग द्रुम

पथ पर बिखरे हृदय कुसुम

छुपकर पलकों के पट से

ढलक गए दृग जल से तुम

-0-

2-चिड़ी-ताल / लिली मित्रा

 

मैने बहुत ही सामान्य-सी एक इच्छा पाली

जो लगती थी कि बहुत ही छोटी-सी बात होगी

पर ऐसा नहीं था-हाँ सच में...!

मैंने अपने आँगन की दीवार पर मिट्टी के दो पात्र रखे

उसमें भरकर रखा पानी,

और मैं हर रोज़ करने लगी प्रतीक्षा

नन्ही चिड़ियों की

कोई तो आए तपती झुलसती गर्मी में

पानी से भरे कटोरे में छपक छपक...

चीं चीं... करते हुए ख़ुद को भिगोए,

नहाए और छितरा दे ख़ूब सारा पानी चारों ओर

और भरकर तरोताज़ा उड़ान हो जाए फुर्र...

रही रोज़ ताकती-झाँकती मैं...

कभी रसोई की खिड़की से

 कभी दरवाजे की ओट से।

एक लंबी प्रतीक्षा के बाद-

अब मेरे बनाए छोटे से चिड़ी-ताल में

डुबकी मारती चिड़ियों के चहचहाते झुंड

मुझे देकर जाते हैं एक उन्मुक्त उच्छ्वास...

एक इत्मीनान- भरी मुस्कान।

मेरे मन की चिड़िया भी

नहाकर इस सौंधे पानी में

फुर्र हो जाती है इन नन्ही चिड़ियों

के साथ एक उन्मुक्त सफ़र पर

-0-

13 comments:

  1. कविता - "पथ पर बिखरे हृदय कुसुम"
    ये प्रेम की सबसे कोमल परिभाषा है। "छुपकर पलकों के पट से ढलक गए दृग जल से तुम" - क्या अद्भुत बिंब है! आँसू का दृग जल बन जाना और फिर शरत् काल के श्वेत मेघ बनकर पवन वेग से उड़ना। इसमें विरह भी है, श्रृंगार भी है और भक्ति भी। हर अंतरे के बाद "पथ पर बिखरे हृदय कुसुम" की टेक मन में गूँजती रहती है, जैसे दिल ने खुद फूल बिछा दिए हों।डॉ वंदना शर्मा नई दिल्ली

    दोनों कविताएँ बताती हैं कि लिली मित्रा जी छोटी-छोटी बातों में बड़ा आकाश ढूंढ लेती हैं।

    ReplyDelete
  2. अति सुंदर... मनोरम गीत ने हृदय को उष्म स्पर्श दिया।
    'चिड़ी-ताल' कविता ने उसी हृदय को निराशा से आशा की यात्रा में गतिशील कर दिया। वाह्ह्ह....!!! मेरी कवयित्री जी... 🌹🌹

    ReplyDelete
    Replies
    1. आदरणीया अनिमा जी आप सदैव मेरी प्रेरक रहीं है आपकी सराहना मेरे लिए अमूल्य है। हार्दिक धन्यवाद आपको।

      Delete
  3. चिड़ी-ताल"
    ये तो नन्ही सी खुशी का महाकाव्य है। "मैंने बहुत ही सामान्य-सी एक इच्छा पाली" से शुरू होती ये कविता हमें सिखाती है कि सुख कितना छोटा और सच्चा हो सकता है। आँगन की दीवार पर मिट्टी के दो पात्रों में पानी रखना और फिर रसोई की खिड़की से, कभी दरवाजे की ओट से नन्ही चिड़ियों की प्रतीक्षा करना... कितनी मासूम बेचैनी है। और जब अंत में चिड़ियों का झुंड डुबकी मारता है तो कवयित्री के साथ हमारी भी मन की चिड़िया फुर्र हो जाती है। ये सिर्फ चिड़ियों को पानी पिलाना नहीं, प्रकृति के साथ एक उन्मुक्त सफर पर निकलना है।डॉ वंदना शर्मा नई दिल्ली

    ReplyDelete
    Replies
    1. डॉ वंदना शर्मा जी दोनों रचनाओं पर आपकी टिप्पणियों ने एक लंबे अंतराल से सुप्त मेरी लेखनी को सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया है, आपको हृदय से धन्यवाद।

      Delete
  4. रवींद्र सिंह यादव जी रचना को सम्मान देने के लिए हार्दिक आभार एवं धन्यवाद।

    ReplyDelete
  5. दोनों ही कविताएँ बहुत प्यारी हैं,हार्दिक बधाई लिली मित्रा जी।

    ReplyDelete
  6. दोनों कविताएँ बहुत प्यारी हैं. चिड़ि-ताल पढ़कर मन प्रफुल्लित हो गया. हार्दिक बधाई लिली जी.

    ReplyDelete
  7. रचनाओं पर आपकी सराहना के लिए हार्दिक धन्यवाद डॉ जेन्नी शबनम जी।

    ReplyDelete
  8. गीत भी उत्कृष्ट है और मुक्त छन्द वाली कविता भी

    ReplyDelete
  9. बहुत सुंदर

    ReplyDelete